RPSC: राजस्थान इंग्लिश प्राध्यापक और कोच पदों की अस्थाई सूची जारी, 701 अभ्यर्थी पात्रता जांच के लिए चयनित
RPSC English Professor: राजस्थान लोक सेवा आयोग ने इंग्लिश प्राध्यापक और कोच पदों के लिए अस्थाई सूची जारी की है। सूची में 701 अभ्यर्थियों को पात्रता जांच के लिए अस्थाई रूप से चयनित किया गया है।
विस्तार
RPSC: राजस्थान लोक सेवा आयोग ने स्कूल शिक्षा में प्राध्यापक और कोच (इंग्लिश विषय) के पदों के लिए अस्थाई सूची जारी की है। इस सूची में कुल 701 अभ्यर्थियों को पात्रता जांच के लिए शामिल किया गया है। विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आयोग सचिव ने स्पष्ट किया है कि जारी की गई यह सूची केवल अभ्यर्थियों की पात्रता सुनिश्चित करने के लिए अस्थाई रूप से तैयार की गई है। यह न तो चयन सूची है और न ही वरीयता सूची। अंतिम रूप से सफल अभ्यर्थियों की सूची संबंधित विभाग द्वारा दस्तावेज सत्यापन कराए जाने के बाद ही आयोग द्वारा प्रकाशित की जाएगी। अभ्यर्थियों को यह समझना आवश्यक है कि इस प्रक्रिया में उनका नाम शामिल होना चयन की गारंटी नहीं है।
26 अगस्त से भरें आवेदन पत्र
उक्त परीक्षा की विचारित सूची में शामिल अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरना अनिवार्य होगा। आवेदन पत्र भरने का लिंक 26 अगस्त से 1 सितंबर 2025 (रात्रि 11.59 बजे तक) उपलब्ध रहेगा। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन भरते समय और दस्तावेज़ सत्यापन में आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना आवश्यक होगा।
विभाग द्वारा की जाएगी आवेदन पत्र और दस्तावेजों की जांच
विचारित सूची में अस्थाई रूप से सम्मिलित सभी अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि वे अपने एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर जाकर माय रिक्रूटमेंट डिटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी अप्लाई नाउ का चयन कर अपना विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरें। भरने के बाद आवेदन-पत्र और दस्तावेजों की जांच संबंधित विभाग (माध्यमिक शिक्षा विभाग) द्वारा की जाएगी।