Job Interview: नौकरी छोड़ने की वजह हो दमदार, इंटरव्यू में जॉब हॉपिंग को सही तरह से करें पेश
Career: बार-बार नौकरी बदलना कोई समस्या नहीं है, बस जरूरी यह है कि इसके कारण स्पष्ट और तार्किक हों। यदि आप इंटरव्यू में आत्मविश्वास के साथ अपने करियर में किए गए बदलावों का औचित्य समझा सकते हैं, तो इसे नकारात्मक की बजाय सकारात्मक रूप में देखा जाएगा।
विस्तार
Job Interview Tips: आजकल युवाओं में बार-बार नौकरी बदलने का चलन हो गया है। इसके कई कारण हो सकते हैं, जैसे कम वेतन मिलना, कार्य संस्कृति, मानसिक स्वास्थ्य और नैतिक मूल्य आदि। अच्छी तनख्वाह या नए अनुभवों की तलाश में कम समय में कई नौकरियां बदलना ‘जॉब हॉपिंग’ कहलाता है।
कई पेशेवर तो इंटरव्यू देते समय ऐसा करने के कारणों को ठीक ढंग से बता भी नहीं पाते हैं। हालांकि, बार-बार नौकरी बदलना उचित नहीं है, लेकिन फिर भी किसी वजह से यदि ऐसा करना पड़े, तो इसके कारणों की स्पष्ट जानकारी होना बेहद जरूरी है। यदि आप भी ऐसे ही पेशेवर हैं, तो इंटरव्यू में जॉब हॉपिंग के कारणों को पूरे आत्मविश्वास के साथ समझाने के तरीकों के बारे में आपको पता होना चाहिए।
जब कारण वित्तीय हो
बेशक बड़े शहरों में अच्छी नौकरियां होती हैं, लेकिन वहां का रहन-सहन भी काफी महंगा होता है। कई पेशेवरों की तनख्वाह उस लिहाज से बेहद कम होती है। ऐसे में, उन्हें मजबूरन नौकरी छोड़नी पड़ती है। अगर आपने भी कम वेतन के कारण नौकरी छोड़ी है, तो साक्षात्कार में इसके बारे में ईमानदार रहें। इंटरव्यू लेने वाले को समझाएं कि आपको ऐसा वेतन चाहिए था, जो जीवनयापन की लागत से मेल खाता हो। उन्हें यह भी बताएं कि आप एक स्थिर नौकरी की तलाश में हैं।
यह भी पढ़ें: जूनियर एग्जीक्यूटिव भर्ती परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी, एग्जाम 27 मार्च से शुरू
कंपनी व आपके मूल्यों में तालमेल न होना
आपको अच्छे से पता होगा कि आपके लिए क्या मायने रखता है। आप ऐसी कंपनी में काम करना चाहेंगे, जहां आपके मूल्यों को भी तरजीह दी जाए। अगर आप कंपनी और आपके मूल्यों में तालमेल न बैठने के कारण नौकरी बदलने का सोच रहे हैं, तो नियोक्ताओं के सामने इसे साझा करने के कई सहज तरीके हैं। उन्हें बताएं कि आपको ऐसे वातावरण में काम करना पसंद है, जहां आपके मूल्यों की परवाह की जाए।
कार्य-जीवन संतुलन भी हो सकती है वजह
अगर आपने पिछली नौकरी सिर्फ इसलिए छोड़ दी थी, क्योंकि उसमें लंबे समय तक काम करना पड़ता था या उसमें लचीलापन नहीं था, तो इंटरव्यू लेने वालों को यह बताने में संकोच न करें। आप उनसे कह सकते हैं कि पिछली नौकरी में लगभग 50-55 घंटे काम करना आम बात थी।
कभी-कभार ओवर टाइम करने से भी कोई गुरेज नहीं था, लेकिन लगातार ऐसा करने से मेरे मानसिक स्वास्थ्य और उत्पादकता को नुकसान पहुंच रहा था। यह भी कहें कि मुझे उम्मीद है कि आपकी कंपनी कर्मचारियों के स्वास्थ्य को तवज्जो देती है और ऐसे में काम करना मेरे लिए एक बेहतरीन अवसर होगा।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अभाव
हो सकता है नौकरी छोड़ने का एक कारण विविधता की कमी और असमानता हो या कंपनी में आपके विचारों को महत्व न दिया जाता रहा हो। ये किसी जॉब को छोड़ने के वैध कारण माने जाते हैं। साक्षात्कार में, आप खुलकर इन पर चर्चा कर सकते हैं।