54,000 छात्रों ने क्यों छोड़ दी रेलवे की परीक्षा?
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) इलाहाबाद की ओर से पहली बार तकनीकी पदों में भर्ती के लिए ली गई ऑनलाइन परीक्षा आठ दिन चली। इलाहाबाद समेत कई शहरों में आयोजित परीक्षा में आठ दिनों के दौरान लगभग 54 हजार परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
बताया जा रहा है कि बहुत से परीक्षार्थियों ने अन्य भर्ती बोर्ड के लिए आवेदन कर दिया था। इस बीच स्लो सर्वर के चलते भी ढेरों परीक्षार्थियों को प्रवेशपत्र नहीं मिल सके और जिन्होंने परीक्षा दी उन्हें भी परीक्षा देने के लिए काफी देर बैठना पड़ा।
बता दें कि आरआरबी इलाहाबाद की ओर से पहली बार बड़े स्तर पर तकनीकी पदों की भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा ली गई। 26 अगस्त से शुरू हुई परीक्षा चार सितंबर तक चली।
परीक्षा के लिए आरआरबी ने इलाहाबाद के साथ आगरा, कानपुर, वाराणसी, अमरोहा, मथुरा, मुरादाबाद, ग्वालियर, वाराणसी, झांसी और लखनऊ में परीक्षा केंद्र बनाया। इन केंद्रों में कुल एक लाख 28 हजार 112 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी, लेकिन परीक्षा में शामिल हुए 74 हजार 74 अभ्यर्थी।
पहली बार ली गई ऑनलाइन परीक्षा
26 अगस्त को जहां 6602 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे तो 27 को यह संख्या 7035 पर पहुंच गई। इसके बाद 28 को 6561, 30 को 5390, एक सितंबर को 7857, दो को 8800, तीन को 8437 एवं चार सितंबर को 3350 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
पहली बार ली गई ऑनलाइन परीक्षा में परीक्षार्थियों की गैरहाजिरी पर आरआरबी इलाहाबाद से जुड़े अफसरों ने बताया कि बहुत से अभ्यर्थी कई भर्ती बोर्ड में परीक्षा के लिए आवेदन कर देते हैं, लेकिन इस बार सभी भर्ती बोर्ड की ओर से ऑनलाइन परीक्षा एक ही अवधि में ली गई।
इस वजह से परीक्षार्थी किसी एक आरआरबी की परीक्षा में ही शरीक हो सकता था। फिलहाल, आरआरबी इलाहाबाद की ओर से आयोजित भर्ती परीक्षा में से कुल आठ दिनों के दौरान कुल 54038 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
किस दिन कितने परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
तारीख-----अभ्यर्थी-----परीक्षा देने वाले-----प्रतिशत
26 अगस्त-----17167-----10565-----61.54
27 अगस्त-----18555-----11520-----62.08
28 अगस्त-----18036-----11469-----63.59
30 अगस्त-----10177-----4787-----47.03
01 सितंबर-----19487-----11630-----59.68
02 सितंबर-----19718-----10918-----55.37
03 सितंबर-----18877-----10440-----55.30
04 सितंबर-----6095-----2745-----45.04
कुल योग-----128112-----74074-----57.81