BJP Vs JMM: सोरेन का आरोप- जाति-धर्म के नाम पर जनता को भड़का रही भाजपा, राजनाथ बोले- भ्रष्ट सीएम को हटाएं
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्होंने राज्य के लगभग 1.77 लाख किसानों का 400 करोड़ रुपये के कृषि ऋण माफ किया है। वहीं रक्षा मंत्री ने झामुमो सरकार पर राजनीतिक लाभ के लिए घुसपैठ और धर्मांतरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रांची में एक समारोह के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्होंने राज्य के लगभग 1.77 लाख किसानों का 400 करोड़ रुपये के कृषि ऋण माफ किया है। पहले सरकार ने 50,000 रुपये तक के कृषि ऋण माफ कर दिए थे। अब उसने दो लाख रुपये तक के कृषि ऋण माफ करने का फैसला किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव करीब है, इसलिए भाजपा नेता पूरे राज्य में मंडरा रहे हैं। कई चेहरे तो ऐसे हैं, जो पहले नहीं देखे होंगे। वे केवल एक बार दिखाई देंगे और चुनाव के बाद वे गायब हो जाएंगे। भाजपा नेता सांप्रदायिक तनाव फैला रहे हैं और जाति और धर्म के नाम पर लोगों को भड़का रहे हैं। इनसे सावधान रहें।
सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार तीन कृषि कानूनों के माध्यम से देश के किसानों को व्यापारियों को बेचने की तैयारी में थी। किसानों ने लगभग एक साल तक कृषि कानूनों का विरोध किया और सरकार को उन्हें रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
सोरेन ने कहा कि केंद्र के पास किसानों की आय दोगुनी करने, एमएसपी बढ़ाने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पैसा नहीं है, लेकिन अपने पूंजीवादी दोस्तों के ऋण माफ करने के लिए पैसे का कोई संकट नहीं है। सोरेन बोले कि हमारी सरकार ने समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है और उनकी रोटी, कपड़ा और मकान जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा किया है। हमने कृषि ऋण, बिजली बकाया माफ कर दिया है और 200 यूनिट तक बिजली की खपत मुफ्त कर दी है।
उन्होंने भाजपा पर झामुमो सरकार को दो साल तक परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि जब वे अपने प्रयास में विफल रहे, तो उन्होंने मुझे झूठे आरोपों में सलाखों के पीछे डाल दिया।
राजनाथ सिंह बोले- नाटक कर रहे भ्रष्ट सीएम सोरेन
धनबाद में परिवर्तन रैली के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाने के बाद शहीद होने का नाटक कर रहे हैं। ऐसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री झारखंड को विकास की ओर नहीं ले जा सकते। इनको बाहर का रास्ता दिखाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास के लिए भाजपा को लगातार दो कार्यकाल दें।
रक्षा मंत्री ने झामुमो सरकार पर राजनीतिक लाभ के लिए घुसपैठ और धर्मांतरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने एक राष्ट्र-एक चुनाव को लेकर कहा कि इससे सरकारी खजाने को चार लाख करोड़ रुपये की बचत हो सकती है, क्योंकि लगातार चुनावों से देश को लगभग सात लाख करोड़ रुपये का नुकसान होता है। राजनाथ सिंह ने विदेश में भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भी आलोचना की।
भाजपा सत्ता में आई तो किसानों को मिलेंगे प्रति एकड़ पांच हजार रुपये: शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड में गुरुवार को एलान किया कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो किसानों को पांच एकड़ पर प्रति एकड़ पांच हजार की सहायता मिलेगी। साथ ही धान की खरीद 3100 रुपये प्रति क्विंटल पर की जाएगी। इसके अलावा झामुमो सरकार की मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना के तहत दी जाने वाली सहायता से दोगुनी वित्तीय सहायता देने की भी घोषणा की गई।
गुमला जिले के सिसई में भाजपा की परिवर्तन यात्रा में चौहान ने कहा कि झारखंड में पिछली भाजपा सरकार किसानों को पांच एकड़ तक के लिए प्रति एकड़ पांच हजार रुपये सालाना देती थी, लेकिन झामुमो सरकार ने इसे बंद कर दिया। अगर भाजपा राज्य में सत्ता में लौटती है, तो योजना बहाल की जाएगी। चौहान ने कहा कि झामुमो सरकार ने पांच साल पहले खाना पकाने की लागत के रूप में दो हजार रुपये देने का वादा किया था, लेकिन उसने वादा पूरा नहीं किया। झामुमो सरकार ने युवाओं को पांच लाख नौकरियां और बेरोजगार युवाओं को 5,000 रुपये से 7,000 रुपये भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन उन्हें कुछ नहीं दिया सरकारी क्षेत्र में 2.87 लाख से अधिक पद खाली हैं। मैं वादा करता हूं कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो हमारी सरकार पहली कैबिनेट बैठक में सभी रिक्त पदों को भरने के प्रस्ताव को मंजूरी देगी।
चौहान ने आरोप लगाया कि झामुमो सरकार में महिलाएं और पुरुष सुरक्षित नहीं हैं। पिछले पांच साल में झारखंड में दुष्कर्म के 7,400 से अधिक मामले, अपहरण के लगभग 6,000 मामले और 7,000 से अधिक हत्याएं हुई हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.