झारखंड: बंजर जमीन पर लहलहाएगा चाय का बागान, 17.5 एकड़ में लगेंगे 80 हजार पौधे; रोजगार के खुलेंगे अवसर
झारखंड के गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड स्थित नर्मा में बंजर जमीन पर चाय की खेती शुरू की गई है। करीब 30 एकड़ में चाय बागान विकसित करने की योजना है। पहले चरण में 17.5 एकड़ जमीन पर 80 हजार पौधे लगाए जाएंगे
विस्तार
रांची: झारखंड के गुमला जिले में कृषि के नए अवसर विकसित करने और ग्रामीणों के लिए रोजगार के साधन उपलब्ध कराने की दिशा में अनूठी पहल की जा रही है। बिशुनपुर प्रखंड के नर्मा में वर्षों से बेकार पड़ी बंजर जमीन पर चाय की खेती शुरू की गई है। करीब 30 एकड़ क्षेत्र में चाय बागान विकसित करने की योजना है। इसके पहले चरण में 17.5 एकड़ जमीन पर लगभग 80 हजार चाय के पौधे लगाए जाएंगे।
इसी कड़ी में शनिवार को उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने नर्मा पहुंचकर चाय बागान में चल रहे पौधरोपण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने खुद भी चाय का पौधा लगाकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना में भागीदारी निभाई। निरीक्षण के दौरान जिला उद्यान पदाधिकारी ने बताया कि अनुपयोगी भूमि को खेती योग्य बनाकर चाय उत्पादन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आगे यहां चाय प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने की भी योजना है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
इस परियोजना से गुमला की पहचान कृषि के साथ-साथ पर्यटन के क्षेत्र में भी मजबूत होने की उम्मीद है। नेतरहाट जाने वाले रास्ते पर स्थित होने के कारण चाय बागान पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन सकता है। अगले दो से तीन वर्षों में पौधों के तैयार होने के बाद यहां आने वाले पर्यटक चाय की खेती, पत्तियों की तुड़ाई और प्रसंस्करण की प्रक्रिया भी देख सकेंगे।
ये भी पढ़ें- बिहार से दिल्ली का सफर होगा आसान: आनंद विहार बस टर्मिनल से मिलेंगी बीएसआरटीसी की बसें; 18 मार्गों पर चलेगी
उपायुक्त ने अधिकारियों को पौधरोपण का काम गुणवत्ता के साथ पूरा करने तथा पौधों की नियमित सिंचाई, देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल गुमला को कृषि और पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान दिला सकती है। मौके पर जिला उद्यान पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।
