झारखंड परीक्षा विवाद: पुलिस-छात्र झड़प मामले में तीन एफआईआर दर्ज, 14 नामजद समेत 200 से अधिक अज्ञात आरोपी
रांची में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच हुई झड़प के मामले में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस के अनुसार, 14 लोगों को नामजद और 200 से अधिक अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राहुल गांधी का पुतला फूंकने का प्रयास कर रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस और नौकरी के अभ्यर्थियों के बीच हुई झड़प के मामले में शनिवार को तीन प्राथमिकी दर्ज की गईं। इन मामलों में 14 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 200 से अधिक अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एफआईआर रांची के कोतवाली थाने में सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस के साथ झड़प करने के आरोप में दर्ज की गई हैं। रांची सिटी एसपी पारस राणा ने कहा, "शुक्रवार को हुई झड़प के मामले में कोतवाली थाने में 14 नामजद और 200 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।"
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि तीन में से एक प्राथमिकी पुलिस की ओर से दर्ज कराई गई है। इसमें सरकारी काम में बाधा डालने और निर्धारित रूट चार्ट के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप लगाए गए हैं। अन्य दो प्राथमिकी दो अलग-अलग व्यक्तियों की शिकायत पर दर्ज की गई हैं।
पुतला फूंकने की कोशिश के दौरान हुई झड़प
अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच रांची में झड़प हो गई थी। प्रदर्शनकारी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंकने का प्रयास कर रहे थे।
‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच’ के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं ने राज्य सरकार पर नौकरी के अभ्यर्थियों को "धोखा" देने और "विश्वासघात" करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हाईकोर्ट द्वारा 11वीं और 13वीं जेपीएससी परीक्षाओं तथा जेएसएससी-सीजीएल के जरिए हुई नियुक्तियों को रद्द करने संबंधी कुछ अधिसूचनाओं पर रोक लगाए जाने के बाद अभ्यर्थियों में नाराजगी है।
ये भी पढ़ें- Bihar News: बिहार में गंगा का रौद्र रूप! रातोंरात डेढ़ फीट बढ़ा जलस्तर, सैकड़ों एकड़ फसल डूबी; फसलों पर संकट
हाईकोर्ट ने नियुक्तियां रद्द करने के आदेश पर लगाई रोक
हाईकोर्ट ने शुक्रवार को बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) और जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा के माध्यम से हुई नियुक्तियों को रद्द करने संबंधी अधिसूचनाओं पर रोक लगा दी। इससे एक दिन पहले, गुरुवार को अदालत ने 11वीं और 13वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षाओं को रद्द करने संबंधी अधिसूचनाओं पर रोक लगाई थी। अदालत ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की नियुक्तियां रद्द करने के आदेश पर भी रोक लगा दी थी।