{"_id":"60d2c6355699cf79d23fc03e","slug":"jharkhand-four-dissident-congress-mlas-rush-to-delhi-discuss-problems-with-central-leaders-k-c-venugopal","type":"story","status":"publish","title_hn":"कांग्रेस में कलह: राजस्थान-पंजाब के बाद अब झारखंड में पार्टी नेता नाराज! चार विधायकों ने दिल्ली में डाला डेरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कांग्रेस में कलह: राजस्थान-पंजाब के बाद अब झारखंड में पार्टी नेता नाराज! चार विधायकों ने दिल्ली में डाला डेरा
Wed, 23 Jun 2021 10:57 AM IST
दीप्ति मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: दीप्ति मिश्रा
Updated Wed, 23 Jun 2021 10:57 AM IST
सार
राजस्थान और पंजाब के बाद अब झारखंड कांग्रेस में भी कलह की खबरें आ रही हैं। राज्य सरकार से नाराज चल रहे कांग्रेस के चार विधायक आज दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात करेंगे।
विज्ञापन
राज्य प्रभारी आर पीएन सिंह से मिलते कांग्रेस विधायक
- फोटो : social media
विस्तार
पिछले काफी दिनों से कांग्रेस पार्टी में जो संकट शुरू हुआ, वो अब तक थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजस्थान और पंजाब के बाद अब झारखंड कांग्रेस में भी कलह की खबरें आ रही हैं। राज्य सरकार से नाराज चल रहे कांग्रेस के चार विधायक आज दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात करेंगे।
विज्ञापन
फिलहाल, राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेसी नेता सचिन पायलट के बीच तकरार जारी है। वहीं पंजाब में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच घमासान जारी है। छत्तीसगढ़ में भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंह देव के बीच विवाद चर्चा में आया। इस बीच अब झारखंड कांग्रेस में संकट की खबरें चर्चा में हैं।
विज्ञापन
कांग्रेस के चार विधायक इरफान अंसारी, उमाशंकर अकेला, राजेश कच्छप और ममता देवी आज दिल्ली पहुंच रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, ये चारों विधायक राज्य सरकार से नाराज चल रहे हैं। कांग्रेस के चारों विधायक दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात करेंगे।
विज्ञापन
कांग्रेस विधायक ने ट्वीट कर दी यह जानकारी
कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने ट्वीट कर दिल्ली जाने की जानकारी दी। अंसारी ने ट्वीट किया, ''संगठन को मजबूत करना हमारा लक्ष्य है। झारखंड कांग्रेस को धार देने के लिए मेरे नेतृत्व में चार विधायक उमाशंकर अकेला, राजेश कच्छप और ममता देवी पहले झारखंड के इंचार्ज आरपीएन सिंह से मिले थे और अब आज यानी बुधवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात करेंगे।''
संगठन को मज़बूत करना हमारा लक्ष्य है. @INCJharkhand को धार देने के लिए मेरे नेतृत्व में चार विधायक श्री #UmaShankarAkela जी, श्री @MLARamgarh जी, श्री @RajeshKinc जी झारखंड के इंचार्ज श्री @SinghRPN जी से मिला और कल राष्ट्रीय महासचिव @kcvenugopalmp जी से मिलेंगे@RahulGandhi pic.twitter.com/qS3segL5UU
— Dr Irfan Ansari (@IrfanAnsariMLA) June 22, 2021
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में आज कांग्रेस महासचिव से मुलाकात करने पहुंचे विधायकों ने झारखंड कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की बात उठाई है ताकि उन्हें निगम और आयोग में जगह मिल सके। कुछ दिन पहले इन विधायकों ने कहा था कि झारखंड के कांग्रेस कार्यकर्ता खुश नहीं हैं और उनको तरजीह नहीं मिली तो पार्टी का नुकसान हो सकता है।
बता दें कि झारखंड में हेमंत सोरेन कैबिनट में एक मंत्री पद को लेकर कवायद चल रही है। इस वजह से सीएम खुद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत कई नेताओं से मिल चुके हैं, जबकि झारखंड कांग्रेस प्रमुख भी दिल्ली के चक्कर लगाकर लौटे हैं।