झारखंड विधानसभा चुनाव : हिंसा के बीच दूसरे चरण में 20 सीटों पर 64.39 प्रतिशत मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में शनिवार को मतदान संपन्न होने तक 64.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हिंसा की एक घटना को छोड़कर दूसरे चरण में सभी बीस सीटों के लिए लगभग शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ।
Voter turnout till 6 PM in the second phase of #JharkhandAssemblyPolls is 64.39%
— ANI (@ANI) December 7, 2019
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि दूरदराज के कुछ अन्य इलाकों से मतदान के आंकड़े प्राप्त होने के बाद मतदान प्रतिशत में और बढ़ोत्तरी हो सकती है।
गुमला जिले के सिसाई विधानसभा में मतदान के दौरान उपद्रवियों ने एक सुरक्षाकर्मी से उसका हथियार छीनने का प्रयास किया। इसके बाद सुरक्षाकर्मी ने अपने बचाव में गोली चला दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो घायल हो गए। इसके बाद गुस्साई ग्रामीणों ने पत्थरबाजी की जिसमें एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया।
झारखंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) मुरारी लाल मीणा ने बताया कि सिसाई विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ संख्या 36 पर तैनात रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के जवान से भीड़ ने उसका हथियार छीनने का प्रयास किया। अपने बचाव में जवान ने गोली चला दी जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।
दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीणा ने कहा कि अन्य जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। किसी तरह की हिंसा की कोई खबर नहीं है। झारखंड के मुख्य चुनाव अधिकारी विनय कुमार चौबे के मुताबिक, सिसाई में हुई हिंसा के बाद मतदान रोक दिया गया। मामले की जांच की जाएगी।
दिल का दौरा पड़ने से पुलिस अफसर की मौत
उत्तरी सिंघभूम में चुनाव ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। बहारगोड़ा पुलिस स्टेशन के इंचार्ज राजधान सिंह ने बताया कि चुनाव ड्यूटी के दौरान एएसआई हरीश चंद्र गिरी (44) को दिल का दौरा पड़ा। इसके बाद उन्हें पास के एक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हरीश को मृत घोषित कर दिया। एएसआई हरीश उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के रहने वाले थे।