{"_id":"6049d92fb1c65b06bd271a21","slug":"ed-took-action-against-cyber-criminals-in-jharkhand-property-worth-rupees-66-lakh-of-five-accused-seized","type":"story","status":"publish","title_hn":"साइबर अपराधियों पर ईडी का शिकंजा: झारखंड में पांच आरोपियों की 66 लाख की संपत्ति जब्त","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
साइबर अपराधियों पर ईडी का शिकंजा: झारखंड में पांच आरोपियों की 66 लाख की संपत्ति जब्त
Thu, 11 Mar 2021 02:18 PM IST
प्रियंका तिवारी
न्यूज डेस्क, अमर अजाला, जामताड़ा
न्यूज डेस्क, अमर अजाला, जामताड़ा
Published by: प्रियंका तिवारी
Updated Thu, 11 Mar 2021 02:18 PM IST
विज्ञापन
प्रवर्तन निदेशालय
- फोटो : सोशल मीडिया
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड के जामताड़ा जिले में कथित साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी 66 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। ईडी ने बृहस्पतिवार को बताया कि धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत पांच आरोपियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
विज्ञापन
ईडी ने आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार मंडल, पिंटू मंडल, अंकुश कुमार मंडल, संतोष मंडल और गणेश मंडल के रूप में जाहिर की है। इनके पास से जिले के मिरगा गांव में तीन अचल संपत्तियों, चार वाहनों के साथ ही बैंक में जमा रकम जब्त की गई है।
विज्ञापन
प्रवर्तन निदेशालय ने झारखंड पुलिस की प्राथमिकी और दाखिल आरोप पत्र का संज्ञान लेने के बाद आरोपियों के खिलाफ पीएमएलए के तहत आपराधिक आरोप लगाए हैं। आरोपियों के खिलाफ एटीएम से रकम की निकासी, बैंक अधिकारी होने का झांसा देकर लोगों से जालसाजी करने के संबंध में मामले दर्ज किए गए थे।
विज्ञापन
ईडी ने कहा कि मामले की जांच में पता चला कि आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ सांठगांठ कर अपने बैंक खातों और परिवार के बैंक खातों में रकम स्थानांतरित किया है। इस रकम का इस्तेमाल मकान के निर्माण और वाहन खरीदने में भी किया गया है।
गौरतलब है कि एजेंसी ने मई 2019 में रांची में पीएमएलए की विशेष अदालत के समक्ष मामले में आरोप पत्र दाखिल किया था और सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप लगाए गए और मुकदमा चल रहा है।
बता दें प्रवर्तन निदेशालय ने जामताड़ा के मिरगा गांव में सबसे पहले सितंबर 2018 में सर्च अभियान चलाया था। तब ईडी ने इन अपराधियों से जुड़े बहुत से बैंक खातों को फ्रीज करवाया था।
ईडी ने 27 मई 2019 को रांची स्थित ईडी की विशेष अदालत में भी पांच आरोपितों के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल किया था। इस मामले में चार्ज फ्रेम भी हुआ था और पूरा मामला न्यायालय में विचाराधीन है।