अब युवाओं को परेशान होने की जरूरत नहीं, कॉलेज में सुलझ जाएगी करियर की उलझन, पढ़ें ये खास रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आज के प्रतिस्पर्धी माहौल में करियर को लेकर चिंतित विद्यार्थियों की उलझन आसान होने वाली है। रोजगार निदेशालय और उच्च शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से साइकोमैट्रिक टेस्ट कराने जा रहे हैं। टेस्ट के जरिए विद्यार्थियों की क्षमता का आंकलन कर उन्हें उनकी योग्यता के अनुसार करियर चुनने में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पहले चरण में ये ऑनलाइन टेस्ट जम्मू और श्रीनगर के उच्च शिक्षण संस्थानों में कराए जाएंगे।
साइकोमैट्रिक टेस्ट तीन स्तर पर होगा। इसमें एबिलिटी, एप्टीट्यूड और पर्सनालिटी असेसमेंट होगा। एक ही दिन में होने वाले टेस्ट में विद्यार्थियों को एक प्रश्नपत्र दिया जाएगा। प्रश्नपत्र में उनकी अभिरुचि के अनुरूप करियर से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद एक्सपर्ट टीम उसकी जांच करेगी।
साइकोमैट्रिक टेस्ट के माध्यम से सामान्य जागरूकता, तनाव व समय प्रबंधन, टीम के सदस्यों के साथ काम करने की क्षमता, विषयपरक और व्यावहारिक पहलुओं की जांच की जाती है। इससे भविष्य के प्रदर्शन का अनुमान लगाने में मदद मिलती है। कॉरपोरेट नियोक्ता बड़े पैमाने पर उम्मीदवारों का चयन इसी प्रक्रिया से करते हैं।
स्नातक के विद्यार्थी हो सकते हैं शामिल
टेस्ट में स्नातक की पढ़ाई कर रहे छात्र से लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे सभी छात्र शामिल हो सकते हैं। टेस्ट की तारीख के साथ ही अन्य नियम-कायदे तय करने के लिए दोनों विभाग मंथन कर रहे हैं।
श्रीनगर में टेस्ट के लिए सरकार से बातचीत
ऑनलाइन टेस्ट के लिए जम्मू के उच्च शिक्षण संस्थानों की लैब में तो इंटरनेट की सुविधा है लेकिन इस समय श्रीनगर में ऐसा नहीं है। रोजगार विभाग श्रीनगर की शिक्षा संस्थाओं में टेस्ट कराने के लिए सरकार से बात कर रही है।