पाकिस्तान में कहां है बालाकोट, जहां पर हो रही हमले की बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान का दावा है कि भारत ने उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने कहा है कि भारत के विमानों ने मुजफ्फराबाद में घुसपैठ की लेकिन पाकिस्तान की तत्काल कार्रवाई के बाद पीछे हटना पड़ा। भारत प्रशासित कश्मीर के पुलवामा जिले में सीआरपीएफ के एक काफिले पर हमले और 40 से ज्यादा जवानों के मारे जाने के बाद से भारत और पाकिस्तान में तनाव की स्थिति बनी हुई है। भारत का कहना है कि वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने चरमपंथी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के कई ठिकानों को तबाह कर दिया है।
पाकिस्तान का दावा, भारतीय विमानों ने एलओसी पार किया
पाकिस्तान में इसे लेकर काफी हलचल है। कुछ पाकिस्तानी पत्रकारों का कहना है कि भारत ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में हमला नहीं किया है बल्कि बालाकोट में किया है। पाकिस्तानी पत्रकार मुशर्रफ जैदी ने ट्वीट कर कहा है, बालाकोट आज कश्मीर में नहीं है। अगर भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में बम गिराए हैं तो यह तो नियंत्रण रेखा और आजाद कश्मीर के भी पार है। बालाकोट खैबर पख्तूनख्वा में है। भारत ने केवल नियंत्रण रेखा ही पार नहीं की है, बल्कि यह पाकिस्तान पर हमला है।
हालांकि इस बात को लेकर भी बहस छिड़ गई है कि किस बालाकोट में भारतीय लड़ाकू विमान पहुंचे थे। यह बहस पाकिस्तान और भारत दोनों जगह हो रही है। पाकिस्तानी पत्रकार मुशर्रफ जैदी समेत जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी पूछा है कि यह बालाकोट पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर वाला है या खैबर पख्तूनख्वा वाला।
बीबीसी उर्दू के पत्रकार जुबैर खान से खैबर पख्तुनख्वा के बालाकोट के कई लोगों ने कहा कि उन्होंने मंगलवार तड़के विस्फोट की चार-पांच आवाजे सुनीं। हालांकि पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। कहा जा रहा है कि अगर यह खैबर पख्तूनख्वा के बालाकोट में हमला हुआ है तो 1971 के बाद पहली बार भारत ने ऐसा किया है।
इस बीच पाकिस्तान के आर्मी प्रवक्ता ने ट्वीट कर जानकारी दी है, भारतीय लड़ाकू विमान नियंत्रण रेखा के पार मुजफ्फराबाद सेक्टर के तीन-चार किलोमीटर भीतर तक घुसे थे। किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है और कोई हताहत नहीं हुआ है।
कहां है बालाकोट
बालाकोट पाकिस्तान खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मनशेरा जिले में है। यह पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद 160 किलोमीटर की दूरी पर है। कश्मीर में जब 2005 में भूकंप आया तो बालाकोट पूरी तरह से बर्बाद हो गया था। 2005 के भूकंप के बाद इस शहर को फिर से पटरी पर लाने में काफी वक्त लगा था। इस शहर को फिर से बनाने में सऊदी ने भी काफी मदद की थी।
7.6 की तीव्रता वाले भूकंप में बालकोट के 12 यूनियन काउंसिल दब गए थे और इनमें कम से कम 40 हज़ार लोगों के घर थे। बालाकोट पर्वतीय और बेहद खूबसूरत इलाका है. खैबर पख्तूनख्वा और गिलगित बल्टिस्तान सुहाने मौसम के लिए जाने जाते हैं।
बालाकोट कुनहर नदी के तट पर है। बालाकोट अपनी खूबसूरती के अलावा विविध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के लिए जाना जाता है। बालाकोट पाकिस्तान में पर्यटन के लिए काफी लोकप्रिय है। बालाकोट सिंधु घाटी सभ्यता के चार प्राचीन तटीय इलाको में से एक है।