बंगाल चुनाव: भाजपा को लेकर कांग्रेस और तृणमूल का एक सुर, अकेले चुनाव लड़ना मुश्किल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इसी क्रम में तृणमूल कांग्रेस के विधायक तपस रॉय के एक बयान को लेकर बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने पलटवार किया। घोष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस यह समझ गई है कि अगर वह अकेले चुनाव लड़ती है तो भाजपा से जीत नहीं पाएगी। इन सबको (कांग्रेस, वाम और तृणमूल) साथ मिलकर लड़ना चाहिए। हम बंगाल में लड़ने के लिए और बदलाव लाने के लिए तैयार हैं। वहीं, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि तृणमूल अकेले भाजपा से नहीं लड़ पाएगी।
बता दें कि तपस रॉय ने 12 फरवरी को बंगाल के बांकुरा में आयोजित एक रैली में कहा था कि ओंडा के तृणमूल विधायक कांग्रेस और वाम दलों के संगठन में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने कहा था, वे कह रहे हैं कि वो बंगाल पर राज करेंगे। मैं कांग्रेस नेताओं और वाम दलों के नेताओं को बताना चाहता हूं कि अरूप खान (ओंडा से तृणमूल विधायक) आपके गठजोड़ में शामिल होंगे। कांग्रेस और वाम दल यह अकेले नहीं कर सकते, इसीलिए वे साथ आए हैं।
उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद अधीर रंजन चौधरी ने तपस रॉय की टिप्पणी को लेकर कहा कि मैं उस व्यक्ति को यह सलाह देना चाहता हूं जिसने यह बात कही है कि तृणमूल को छोड़कर कांग्रेस/सीपीएम में शामिल हो जाइए क्योंकि तृणमूल अकेले भाजपा के खिलाफ नहीं लड़ पाएगी। बता दें कि पश्चिम बंगाल में आने वाले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसके चलते राज्य में राजनीतिक हलचलों और बयानबाजी का दौर चरम पर पहुंच गया है।
भाजपा कार्यकर्ताओं को नुकसान पहुंचाने वाले सुधर जाएंः दिलीप घोष
पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा प्रमुख दिलीप घोष ने रविवार को कहा कि जो राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, वे सुधर जाएं या फिर प्रतिकार का सामना करें।
भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दौरान पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए घोष ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर अलग-अलग स्थानों पर भगवा दल के कार्यकर्ताओं पर अत्याचार करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, 'चुनाव से पहले दो-तीन महीने का समय है और तबतक वे (टीएमसी कार्यकर्ता) सज्जन पुरुष की तरह व्यवहार करना शुरू कर लें अन्यथा उन्हें प्रतिकार का सामना करना पड़ेगा।'
उन्होंने टीएमसी के नारे 'खेला होबे' नारे का परोक्ष हवाला देते हुए कहा, 'आपका खेल खत्म हो चुका है और अब हम खेलेंगे और आप गलियारे से देखेंगे।' जिले में एक अन्य जनसभा में घोष ने कहा, 'बदलाव होगा और प्रतिकार भी।'
हाल में भाजपा में शामिल हुए राज्य के पूर्व मंत्री राजीब बनर्जी ने दावा किया कि 'खेला होबे' (खेल जारी है) संकेत करता है कि सत्ताधारी दल विधानसभा चुनाव के दौरान 'गंदा खेल' खेलने की कोशिश कर रहा है, जो बंगाल की संस्कृति के खिलाफ है।