Weather Report: अगले दो दिन और होगी बारिश! फिर धीरे-धीरे बढ़ेगा रात-दिन का पारा, दिल्ली-एनसीआर में छाएंगे बादल
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
पाकिस्तान के हिस्से में बने कम दबाव की हवाओं का असर उत्तर पश्चिमी हिस्सों में लगातार बना हुआ है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में बर्फबारी और बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी और पहाड़ी इलाकों में यह असर अगले दो दिनों तक बना रहेगा। पहाड़ों पर गिरी बर्फ और चलने वाली हवाओं के बाद भी मैदानी इलाकों के तापमान में इसका कोई असर होता नहीं दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अब आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जा रहा है। जबकि दिल्ली और एनसीआर में बादलों का छिटपुट असर बना रहेगा।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक 18 फरवरी से पश्चिम उत्तरी हिमालय क्षेत्र में मौसम बदला हुआ है। पाकिस्तान में कम दबाव की हवाओं के असर के चलते इस क्षेत्र में ऐसे हालात बने हैं। यही वजह है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का असर इस समूचे क्षेत्र में पांच दिनों तक बने रहने का अनुमान लगाया गया था। मौसम वैज्ञानिक आलोक यादव कहते हैं कि मंगलवार को जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में भारी बर्फबारी और तेज बारिश देखी जाएगी। उसके बाद बुधवार को यह बर्फबारी और बारिश थोड़ी कम होगी। जबकि अभी तक के अनुमान के मुताबिक पहाड़ों पर गुरुवार को बारिश का और बर्फबारी के आसार बहुत कम बन रहे हैं।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बुधवार को बारिश और बर्फबारी हो सकती है। जबकि मैदानी इलाकों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश समेत दिल्ली-एनसीआर के कुछ अलग-अलग हिस्सों में बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि का अनुमान लगाया गया है। भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा कहते हैं कि फिलहाल अगले दो दिन के बाद कुछ दिनों के लिए पहाड़ों पर और मैदानी इलाकों में मौसम सामान्य रहने वाला है। विभाग के वैज्ञानिकों का मानना है कि पहाड़ों पर बर्फीली हवाएं चलने के बाद भी मैदानी इलाकों के तापमान में किसी तरह की कमी का कोई अनुमान नहीं है। हालांकि विभाग का कहना है कि मंगलवार को देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर इलाके में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कहीं पर हल्की-फुल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी और ठंडी हवाओं के बाद भी मैदानी इलाकों में तापमान में कोई कमी नहीं हुई है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक बताते हैं कि बीते कुछ दिनों में रात का तापमान भी सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। जबकि दिन के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में अब यह तापमान धीरे-धीरे सामान्य से दो डिग्री ऊपर बढ़ेगा। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, मध्यप्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में अगले कुछ दिनों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जाएगी।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिम विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) का असर उत्तर-पूर्व के राज्यों में अगले दो दिन में दिखाई पड़ेगा। पूर्वोत्तर के राज्यों में बुधवार से लेकर शुक्रवार की सुबह तक तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और बारिश का अनुमान लगाया गया है। विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि इन राज्यों में अगले तीन दिनों तक 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलेंगी, जबकि 7000 फीट से अधिक की ऊंचाई वाले पहाड़ों पर बर्फबारी भी होगी।