Weather Updates: पांच राज्यों में बाढ़ जैसे हालात, दिल्ली में आज भी आंधी-बारिश की चेतावनी, जानें मौसम का ताजा हाल
मानसून से पहले ही देश में मौसम करवट लेने लगा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। हालांकि यह बारिश लगातार नहीं हो पा रही है। वहीं कुछ राज्यों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश के अधिकतर राज्यों में जहां गर्मी से लोगों का बुरा हाल है वहीं कुछ राज्य ऐसे हैं जहां बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। इन राज्यों में असम, कर्नाटक, केरल, मेघालय और मणिपुर शामिल हैं। इन राज्यों में भारी बारिश के कारण जगह-जगह जल जमाव हो गया है। लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। केरल और कर्नाटक में अरब सागर की ओर से चलने वाली तेज चक्रवाती हवाओं के कारण मूसलाधार बारिश हो रही है।
असम में बाढ़ से आठ लाख से अधिक लोग प्रभावित
असम में बाढ़ से आठ लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 14 लोगों की मौत हो गई है। वहीं जमुनामुख जिले के दो गांवों के 500 से अधिक परिवारों को रेलवे पटरियों पर रहना पड़ रहा है। 1413 गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित जिला नौगांव है, जहां के 2.88 लाख लोग इस विभीषिका का सामना कर रहे हैं। वहीं, कछार में 1.2 लाख और होजाई में एक लाख सात हजार लोग प्रभावित हुए हैं। राहत और बचाव कार्य में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल, सेना और असम राइफल्स के जवान जुटे हुए हैं। असम सरकार ने आवाजाही के संकट को देखते हुए सिलचर और गुवाहाटी के बीच 3000 रुपये में आपात उड़ान सेवा शुरू की है। कछार जिला प्रशासन ने हालात को देखते हुए सभी शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया है।
#WATCH | Flood situation in Assam continues to remain grim. Visuals from Nagaon where areas like Morikolong, Fauzdari Patty, and Milanpur remain flooded as Kolong River continues to flow above the danger level. pic.twitter.com/9WvxAu7ScS
विज्ञापन विज्ञापन— ANI (@ANI) May 21, 2022
केरल में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति
केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति हो गई है। यहां के चार जिलों कोझीकोड, वायनाड, कुनूर और कासरगोड के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट का अर्थ है इन जिलों में भारी बारिश होने के आसार हैं। आईएमडी ने सुबह में चार जिलों के साथ-साथ त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम सहित सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।
कर्नाटक में जानलेवा बारिश से 10 लोगों की मौत
कर्नाटक में भारी बारिश का कहर जारी है। इस जानलेवा बारिश में अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है। हुबली समेत कई जिलों में जलजमाव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। राहत-बचाव के लिए एनडीआरएफ की चार टीमें तैनात की गई हैं। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर सभी स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं। इन सब के बीच मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री बसवराज एस बोम्मई ने जलभराव से प्रभावित बेंगलुरु के कई इलाकों का दौरा किया।
दिल्ली-NCR में फिर चल सकती है धूल भरी आंधी
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले कुछ घंटे के अंदर दिल्ली-NCR में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है और कई इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण पूर्व दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, रेवाड़ी, सोहाना, फरुखनगर और मानेसर हल्की तीव्रता के साथ बारिश की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में 22 मई को होगी बारिश
उत्तर प्रदेश में 22 मई को सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर और संतकबीर, रामपुर, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, मुरादाबाद, सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर में भी कहीं-कहीं आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार के इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बिहार के जिन जिलों में आंधी-तूफान की संभावना जताई है उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, सहरसा, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और बांका शामिल हैं।