फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Weather and Cyclone Arnab Update Delhi Coldest october after 2022 Odisha Andhra and other state rainfall temp

चक्रवात अर्नब: उत्तर भारत में पारा गिरा, ओडिशा-आंध्र में भारी नुकसान; मौसम विभाग के ताजा अलर्ट में क्या?

Fri, 30 Oct 2026 05:00 AM IST
ज्योति भास्कर अमर उजाला ब्यूरो/एजेंसी।
अमर उजाला ब्यूरो/एजेंसी। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 30 Oct 2026 05:00 AM IST
सार

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर 10 से अधिक राज्यों पर दिख रहा है। अर्नब के प्रभाव का आलम ये रहा कि उत्तर भारत में पारा गिरने के साथ ठंड का एहसास होने लगा। दिल्ली में चार साल में सबसे ठंडा अक्तूबर दर्ज किया गया। इससे पहले 2022 में 8 अक्तूबर को 23.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था। ओडिशा, आंध्र प्रदेश में भी अर्नब का कहर दिखा है। जानिए अलग-अलग प्रदेशों का मौसम

विज्ञापन
Weather and Cyclone Arnab Update Delhi Coldest october after 2022 Odisha Andhra and other state rainfall temp
चक्रवाती तूफान अर्नब - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

चक्रवाती तूफान अर्नब का लैंडफॉल आंध्र प्रदेश में हुआ है। इसके बाद से ओडिशा, बंगाल समेत कई राज्यों में बारिश हुई। आंध्र प्रदेश में के ऊर्जा मंत्री गोत्तिपति रवि कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि चक्रवाती तूफान 'अर्णब' से राज्य के बिजली बुनियादी ढांचे को कम से कम 500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। पश्चिम गोदावरी जिला सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक था, जहां 3,700 बिजली के खंभे उखड़ गए। बिजली बहाली के काम में कुल 2,700 कर्मी लगे हैं, जिनमें राज्य की कंपनियों और तेलंगाना से आए कर्मचारी शामिल हैं। सरकार ने क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मर को प्राथमिकता पर ठीक करने का निर्देश दिया। तूफान के कारण करीब 400 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है, जिनमें नरसापुर शामिल है। सरकार 24 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल करने पर काम कर रही है। मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर बहाली व राहत कार्यों की समीक्षा की और निवासियों को सरकारी सहायता का आश्वासन दिया।

विज्ञापन

चक्रवात: आंध्र में 3100 गर्भवती महिलाएं अस्पताल, 367 प्रसव

आंध्र प्रदेश में प्राकृतिक आपदा के बीच राहत के साथ-साथ मुस्कान बिखेरने वाली खबरें भी आईं। दरअसल, चक्रवाती तूफान से पहले एहतियाती तौर पर 3,100 गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। इनमें से 367 मांओं ने बच्चों को जन्म दिए। स्वास्थ्य और चिकित्सा विभाग ने चक्रवात के कारण संवेदनशील इलाकों में रहने वाली कुल 4,228 गर्भवती महिलाओं की पहचान की थी। इन महिलाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। तूफान से 64 अस्पतालों की इमारतों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। इनमें छतें, बिजली उपकरण और जल आपूर्ति सिस्टम शामिल थे। लगातार बारिश के बीच विशाखापट्टनम के सरकारी विक्टोरिया अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर की छतों से पानी टपकने लगा। 

विज्ञापन

उत्तर भारत के कई राज्यों में दिन के तापमान में भारी गिरावट

इससे पहले बंगाल की खाड़ी से उठे भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब के कमजोर पड़ने और भारी बारिश के कारण बृहस्पतिवार को उत्तर भारत के कई राज्यों में दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली-एनसीआर में दिन में बूंदाबांदी और देर रात तेज बारिश हुई। इसके चलते दिल्ली में चार साल बाद अक्तूबर का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

आंधी-तूफान का रेड और ऑरेंज अलर्ट

अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम है। इससे पहले आठ अक्तूबर, 2022 को दिन का तापमान 23.4 डिग्री दर्ज हुआ था। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में अगले दो दिनों के लिए आंधी-तूफान का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में 5-8 डिग्री सेल्सियस  तक गिरावट आने की संभावना जताई  गई है।

आंध्र से लेकर यूपी तक फसलें बर्बाद

आंध्र प्रदेश व ओडिशा के तटीय इलाकों से लेकर झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा और यूपी तक तैयार धान और बागवानी फसलों पर चक्रवात की तेज हवाओं व मूसलाधार बारिश का गंभीर असर देखने को मिला है। आंध्र प्रदेश में छह लोगों की मौत हुई है, 2.24 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं।

  • हरियाणा के करनाल, यमुनानगर व पानीपत में बारिश से अनाज मंडियों में खुले में रखा करीब 488 करोड़ रुपये का दो लाख मीट्रिक टन धान भीग गया। पंजाब में 34 लाख मीट्रिक टन धान पर भी बारिश का साया मंडराने लगा है। 
  • पूर्वी यूपी के वाराणसी, प्रयागराज समेत कई जिलों में धान की पकी फसलें खेत में ही बिछ गईं। पैदावार में 20 से 30% तक गिरावट का अंदेशा जताया गया है।
  • खेतों में जलभराव से रबी की बुवाई में 10 से 15 दिनों की देरी की संभावना है।  छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी धान और आलू की फसलों को नुकसान पहुंचा है।

गंगोत्री में पहली बर्फबारी

  • पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तराखंड के गंगोत्री धाम में भारी बर्फबारी हुई है। धाम को चोटियों पर बर्फ की मोटी सफेद चादर बिछ गई है, इसके प्रभाव से आसपास के इलाकों में ठंड भी बढ़ गई है।
  • केदारनाथ-बदरीनाथ में भी गिरी बर्फ केदारनाथ धाम में बृहस्पतिवार तड़के बर्फ की फुहारें गिरीं। इस बीच बारिश होने से हेलीकॉप्टर सेवा कुछ देर बाधित रही। वहीं, बदरीनाथ में भी चोटियों पर बर्फबारी हुई।

एसी का जितना तापमान रखते हैं, उतना हुआ दिन का पारा

सामान्यत: कमरा ठंडा रखने के लिए जिस तापमान पर एसी चलाते हैं, दिन का तापमान उसी के आसपास है। मेरठ में 23.10, गुरुग्राम में 25.50, नोएडा में 26.90, गाजियाबाद में 27.20 व फरीदाबाद में 27.40 सेल्सियस रहा। हरियाणा के करनाल में 20.60 रहा। 

ओडिशा में चक्रवात से तबाही के बीच 59 हजार लोग सुरक्षित जगह भेजे गए

दूसरी तरफ ओडिशा में चक्रवात के कारण गंजम और आठ अन्य जिलों में भारी तबाही मची। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 59,028 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जिनमें 3,001 गर्भवती महिलाएं शामिल हैं। राज्य आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने जानकारी दी कि बचाव कार्यों में एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और फायर सर्विसेज विभाग की 313 टीमें तैनात की गई हैं। गंजम में करीब 300 गांव प्रभावित हुए, जिनमें से 70 जलमग्न हो गए। मुख्य सचिव अनु गर्ग ने बताया कि 70 जलमग्न गांवों से 2,328 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया। गजपति जिले में 711 गांव प्रभावित हुए और 17,441 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। 36 ट्रेनें रद हुईं और राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर यातायात बाधित रहा। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात कर सहायता मांगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed