भारी बारिश से मुंबई में तीन की मौत, वडाला में निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुंबई में दक्षिण पश्चिमी मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और भारी बारिश के कारण यहां और नजदीक के ठाणे में तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने आज बताया कि मुंबई और ठाणे में रातभर और आज सुबह तक बारिश होती रही। इससे कई स्थानों पर पानी भर गया जिससे उप नगरीय रेलगाड़ियों की रफ्तार कम हो गई और दफ्तर जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की आपदा प्रबंधन इकाई के एक अधिकारी ने बताया कि कल शाम दक्षिण मुंबई में मेट्रो सिनेमा के नजदीक दो लोगों पर पेड़ गिर जाने से उनकी मौत हो गई।
ठाणे जिले के नगरीय निकाय के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने बताया कि अंबरनाथ तालुका के वाडोल गांव में देर रात सवा दो बजे एक घर के करीब की दीवार ढह जाने से 13 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई और उसके माता - पिता घायल हो गए।
आज सुबह हुई एक अन्य घटना में ठाणे के एक आवासीय परिसर में अहाते की 65 फीट की दीवार के ढह जाने से उसके नीचे दो कारें और अन्य वाहन दब गए। कदम ने बताया कि बीते 24 घंटे में जिले में 222.81 मिली बारिश हुई।
मुंबई में वडाला के एनटॉप हिल इलाके में एक परिसर का बड़ा हिस्सा धंस गया। इसके मलबे में कई वाहन दब गए और करीब 15 कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
मुंबई के मौसम विभाग के निदेशक अजय कुमार ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि बीते 24 घंटे में मुंबई में 231.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी । इसे बहुत अधिक भारी बारिश माना जाता है।
उन्होंने बताया कि बारिश जारी रह सकती है। शहर में अगले 24 से 48 घंटे में बहुत अधिक बारिश होने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हफ्ते के आखिर में मानसून ने जोर पकड़ लिया है और अब यह धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। चिलचिलाती हुई गर्मी का सामना कर रहे मध्य और उत्तर भारत को आने वाले 2-3 दिनों में राहत मिलने की संभावना है। माना जा रहा है कि 29 जून को मानसून दिल्ली और एनसीआर पहुंच जाएगा।
Seven cars damaged after wall of an under construction building collapsed at Vidyalankar road in Wadala's Antop Hill following heavy rain. #MumbaiRains pic.twitter.com/h2yril46bU
— ANI (@ANI) June 25, 2018
#Maharashtra: Two people died, five were injured after a tree fell on them at MG road, near Metro Cinema in Mumbai, yesterday. #MumbaiRain
— ANI (@ANI) June 25, 2018