CDS Rawat Funeral: सीडीएस समेत 12 जांबाजों की शहादत पर देश गमगीन, लोग बोले- हमारे अपने चले गए...
तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में सीडीएस बिपिन रावत समेत 12 जांबाज जवानों की शहादत से पूरा देश गमगीन है। हर किसी की आंख नम है। लोग कह रहे हैं कि सीडीएस रावत नहीं गए, हमारे परिवार का सदस्य चला गया।
विस्तार
आठ दिसंबर की दोपहर 12 बजे तक जिंदगी बेहद सुकून से गुजर रही थी। अचानक टीवी पर एक खबर आई, जिसने हर किसी के होश फाख्ता कर दिए। खबर यह थी कि तमिलनाडु के कुन्नूर में सेना का एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 12 जवान सवार थे। सूचना मिलते ही पूरे देश में प्रार्थनाओं का दौर शुरू हो गया। हर कोई सीडीएस रावत और उनकी टीम की सलामती की दुआ मांगने लगा। साथ ही, 2016 के उस हादसे से तुलना करने लगे, जिसमें हेलीकॉप्टर क्रैश के बावजूद सीडीएस रावत ने मौत को मात दे दी थी, लेकिन इस बार हालात एकदम अलग थे। घटनास्थल के नजारे ने हर किसी के मन में दहशत भर दी थी। ...और शाम करीब 6 बजे वह खबर आई, जिसने हर आंख में आंसू ला दिए और लब सिल दिए। पूरा देश गमगीन हो गया। लोग जब इस सदमे से संभल पाए तो उनकी जुबां से सिर्फ इतना ही निकला...हमारे अपने चले गए...
भारतीय वायुसेना दे रही थी पल-पल की जानकारी
तमिलनाडु के कुन्नूर में गुरुवार दोपहर 12:08 बजे हादसा होने के बाद लोगों को अफवाहों से बचाने के लिए भारतीय वायुसेना के ट्विटर हैंडल से जानकारी दी जाने लगी। शुरुआत में दो लोगों की मौत की जानकारी दी गई, लेकिन सीडीएस जनरल रावत के सकुशल होने के बारे में बताया गया। कुछ देर बाद मृतकों की संख्या चार पहुंचने की सूचना सामने आई। इसके अलावा सीडीएस रावत का अस्पताल में इलाज होने की जानकारी दी गई। शाम करीब चार बजे हेलीकॉप्टर में सवार 14 लोगों में से 13 का निधन होने की सूचना आई तो पूरा देश सीडीएस रावत के लिए प्रार्थना करने में जुट गया, लेकिन शाम छह बजे भारतीय वायु सेना के एक ट्वीट ने देश के करोड़ों लोगों को मायूस कर दिया। इसके बताया गया कि हेलीकॉप्टर क्रैश में सीडीएस बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 जवान शहीद हो गए।
लोग बोले- हमारे अपने चले गए....
सीडीएस रावत और 11 जांबाजों की शहादत की खबर मिलते ही लोगों की आंखों में आंसू आ गए। कुछ देर तक तो उन्हें समझ ही नहीं आया कि वह क्या कहें। सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया। हर किसी को देश के पहले सीडीएस के असमय चले जाने का दुख था।
आदर्श दीप नाम के एक यूजर ने लिखा, 'लीजेंड्स कभी नहीं मरते। हमें आप पर गर्व है प्रिय जनरल रावत सर।' कुछ लोगों ने यहां तक कहा कि सीडीएस जनरल बिपिन रावत हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत और रोल मॉडल थे। वहीं, कुछ लोग इतने भावुक हो गए कि उनकी जुबां से सिर्फ इतना ही निकला...हमारे अपने चले गए...
लोगों ने देश के लिए बताया सबसे दुखद दिन
सोशल मीडिया पर सीडीएस रावत को श्रद्धांजलि देने वालों का कारवां लगातार जारी है। लोगों ने सीडीएस रावत के जाने को देश की सबसे बड़ी क्षति और हादसे के दिन को देश के लिए सबसे दुखद दिन बताया। कुछ लोगों ने हेलीकॉप्टर की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए। मयंक कोनयाक नाम के यूजर ने लिखा कि देश ने 1947 से अब तक अपने सबसे बेहतरीन आर्मी जनरल में से एक और पहले सीडीएस जनरल रावत को खो दिया। यह बेहद दुखद हादसा है। देश उन्हें कभी नहीं भुला पाएगा।