{"_id":"68d94607227292f21101c31b","slug":"tamil-nadu-karur-stampede-how-admin-allowed-tvk-and-vijay-rally-tn-police-adgp-s-davidson-devasirvatham-2025-09-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"TN Police on Karur: TVK और विजय को करुर में रैली की अनुमति कैसे मिली? पुलिस ने दो जगहों पर नहीं दी थी हरी झंडी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
TN Police on Karur: TVK और विजय को करुर में रैली की अनुमति कैसे मिली? पुलिस ने दो जगहों पर नहीं दी थी हरी झंडी
Sun, 28 Sep 2025 07:58 PM IST
ज्योति भास्कर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, करुर।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, करुर।
Published by: ज्योति भास्कर
Updated Sun, 28 Sep 2025 07:58 PM IST
विज्ञापन
तमिलानाडु के करुर में भगदड़ पर एडीजीपी का बयान
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
करूर में भगदड़ पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी, कानून-व्यवस्था) एस डेविडसन देवसिरवथम ने कहा, टीवीके ने कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति मांगी थी। पुलिस ने इसे स्वीकार नहीं किया क्योंकि इसे एक उच्च जोखिम वाली जगह माना जाता था। यहां एक तरफ पेट्रोल पंप और दाईं ओर अमरावती नदी का पुल था। अधिकारियों ने हालात को देखते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके बाद टीवीके की तरफ से वैकल्पिक जगह मांगी गई, लेकिन वहां भी हजारों लोगों की क्षमता नहीं थी।
विज्ञापन
करुर में पुलिस ने इस आधार दी टीवीके की रैली को अनुमति
एडीजीपी देवसिरवथम ने बताया कि दो जगहों पर अनुमति नहीं देने के बाद प्रशासन ने उन्हें करूर की इस जगह पर रैली का सुझाव दिया क्योंकि हाल ही में एक अन्य राजनीतिक दल ने लगभग 12,000 से 15,000 लोगों के साथ एक शांतिपूर्ण कार्यक्रम किया था। टीवीके के लोग भी जगह देखने के बाद सहमत हो गए थे। संतुष्ट होने के बाद उन्होंने हमें लिखित आवेदन देकर कार्यक्रम की अनुमति मांगी। इसलिए कोई खुफिया विफलता जैसी बात नहीं है। वहां पर्याप्त स्ट्रीट लाइट थी। कुछ शर्तों का उल्लंघन किया गया था। मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है कि उल्लंघन में कौन-कौन शामिल है।
विज्ञापन
टीवीके कार्यकर्ताओं के सहयोग की कमी भी हादसे की वजह, पथराव के आरोप गलत
एडीजीपी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में टीवीके कार्यकर्ताओं के सहयोग की कमी भी हादसे की वजह बनी। थंगवेलु ने इस आरोपों को गलत बताया कि सरकार के दबाव में रैली स्थल को बदल दिया गया। उन्होंने पथराव के आरोपों को भी गलत बताया।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- Karur Stampede LIVE: भगदड़ पीड़ितों से मिलने अस्पताल पहुंचीं जस्टिस जगदीशन; करुर में घटनास्थल का जायजा भी लिया
डीजीपी का दावा- करुर में रैली के लिए 500 पुलिसकर्मी तैनात थे
इस मामले में राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) जी वेंकटरमण ने कहा कि अभिनेता विजय रैली स्थल पर तय समय से बहुत देर से पहुंचे, कड़ी धूप में लंबे इंतजार से भूख-प्यास और थकान के कारण कुछ लोग बेहोश हो गए और टीवीके कार्यकर्ताओं के सहयोग की कमी के कारण यह दुखद हादसा हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि रैली स्थल पर पर्याप्त भोजन और पानी की भी व्यवस्था नहीं थी। रैली के लिए सुरक्षा व्यवस्था में कमी के आरोपों से भी उन्होंने इन्कार किया। डीजीपी ने कहा कि रैली के लिए 500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, जबकि एक दिन पहले इसी स्थल पर एक राजनीतिक दल की इससे बड़ी रैली की सुरक्षा में मात्र 120 पुलिसकर्मी लगाए थे।
अभिनेता विजय के पहुंचने में देरी के कारण भीड़ बढ़ी, पुलिस पर्याप्त मात्रा में थी
पुलिस अधिकारियों के अलावा करूर जिले के कलेक्टर एम थंगवेलु ने भी इस मामले पर जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक देवसिरवथम के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि अभिनेता के आने में देरी की वजह से रैली वाली जगह पर भीड़ बढ़ती गई। 20,000 लोगों के जुटने के हिसाब से पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए थे, लेकिन भीड़ बहुत अधिक हो गई। थंगवेलु ने कहा कि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन शनिवार रात करूर आए, अस्पताल में घायलों से मिले और डॉक्टरों से उनका हाल जाना।
क्या है करुर में भगदड़ का पूरा मामला?
गौरतलब है कि तमिलनाडु के करुर में शनिवार रात करीब साढ़े सात और आठ बजे के बीच अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा होने की खबर आई। अभिनेता विजय पुलिस से मदद की गुहार लगाते रहे। उन्होंने बेहोश होने वाले कई लोगों को पानी, एंबुलेंस जैसी चीजें भी मुहैया कराने के निर्देश दिए। हालांकि, रात करीब 11 बजे 30 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो गई। इसके बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 40 तक पहुंच चुका है। स्वास्थ्य सचिव पी सेंथिल कुमार ने बताया कि 40 मृतकों में से 39 की पहचान हो गई है। इनमें 17 महिलाएं, 13 पुरुष, चार बच्चे और पांच बच्चियां शामिल हैं। 30 शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। 67 लोगों का सरकारी और विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। एक मरीज को बेहतर इलाज के लिए मदुरै के सरकारी अस्पताल भेजा गया है। मरीजों के लिए इलाज के लिए बाहर से भी डॉक्टर बुलाए गए हैं।
करुर त्रासदी के बाद अनुग्रह राशि का एलान; टीवीके ने सीबीआई जांच की मांग की
हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिवारों को पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। घायलों को 50-50 हजार रुपये मिलेंगे। अभिनेता विजय ने भी प्रत्येक मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की है। अभिनेता विजय की राजनीतिक पार्टी टीवीके ने भगदड़ में 40 लोगों की मौत की घटना की सीबीआई या एसआईटी से जांच कराने की मांग को लेकर मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। हाईकोर्ट की मदुरै पीठ इस मामले में सोमवार को सुनवाई करेगी।