'कोई नेता इतना बेशर्म कैसे हो सकता है'
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश में कैबिनेट मंत्री आजम खान ने बुलंदशहर के नजदीक हुई सामूहिक बलात्कार की घटना के पीछे 'राजनीतिक साजिश' होने का अंदेशा जताया है। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
ट्विटर पर तरुण गुप्ता नाम के यूजर ने लिखा है, ''ऐन मौके पर 100 नंबर पर कॉल नहीं मिलती, पुलिस नहीं पहुंच पाती। पहले कानून व्यवस्था सुधारो। ऐसे बेतुके बयान देने से पहले सोच लो।'' ओपी सिंह नामक एक अन्य यूजर ने लिखा है, ''कोई नेता इतना बेशर्म कैसे हो सकता है, यदि अखिलेश के मन में महिलाओं के प्रति जरा भी सम्मान है तो उन्हें आजम खान को पार्टी से फौरन निकाल देना चाहिए।''
लोगों ने जमकर लगाई फटकार
इसी तरह ललित शर्मा नामक यूजर ने ट्विटर पर लिखा है, ''सपा नेतृत्व में संवेदनशीलता की घोर कमी है, पहले मुलायम भी 'लडकों से गलती हो जाती है' कह चुके हैं।''
एक अन्य यूजर अजेंद्र राजन ने लिखा है, ''राजनीति का ऐसा चढा है सुरूर कि अब हर इंसान बस प्यादा ही दिखता है।'' राज परमार ने लिखा है, ''यूं तो गिरने की कोई सीमा नहीं, लेकिन इसके लिए भी होड विचलित करती है! गिरने वालो! आप जीते...हम हारे।''