'कू एप' पर राज्यवर्धन सिंह राठौर, कहा- जब दिल में भारत सबसे ऊपर तो एप में क्यों नहीं
मेड इन इंडिया प्लेटफॉर्म 'कू एप' की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। भारत सरकार के मंत्री और सांसद धीरे-धीरे कू एप पर अकाउंट बना रहे हैं। अब इस श्रंखला में सांसद कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर का नाम भी शामिल हो गया है। ओलंपिक पदक विजेता राठौर ने बुधवार को 'कू एप' के बारे में ट्वीट किया।
उन्होंने एक ट्वीट करते हुए अपने फॉलोअर्स से 'कू एप' पर आने की अपील की। राज्यवर्धन सिंह राठौर ने लिखा, 'जब दिल में भारत है तो एप क्यों नहीं'। इस ट्वीट में उन्होंने 'कू एप' पर की गई एक पोस्ट का स्क्रीनशॉट साझा किया, जिसमें वह ओलंपिक पदक जीतने के बाद तिरंगा लहराते दिख रहे हैं।
Jab dil mein भारत 1st! Toh app mein kyun nahi😉
— Col Rajyavardhan Rathore (@Ra_THORe) February 17, 2021
Follow me on Koo at https://t.co/Gdpnc10YWy pic.twitter.com/CuDUktPSQb
बता दें कि कू एप के ट्विटर हैंडल से राज्यवर्धन सिंह राठौर के नाम एक ट्वीट किया गया था। इसमें लिखा था, 'शूटिंग चैंपियन और फौजी राज्यवर्धन सिंह राठौर को अब कू के बारे में अपने विचार बताने चाहिए।' इसके जवाब में राठौर ने ट्वीट किया, 'आत्मनिर्भर एप कू इस्तेमाल करने की सोच रहा हूं।'
बता दें कि ट्विटर जैसे ही काम करने वाले कू सोशल नेटवर्क मंच पर अब 30 लाख से अधिक उपयोगकर्ता हैं। कू के लोगो में ट्विटर के नीले पक्षी के विपरीत एक पीला पक्षी है। उल्लेखनीय है कि यह एप पिछले साल भारत सरकार की ओर से शुरू की गई आत्मनिर्भर इनोवेशन चैलेंज के विजेताओं में से एक था।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और रेल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी कू एप से जुड़ चुके हैं। करीब 10 महीने पहले शुरू हुए इस एप के यूजर्स की संख्या में अब तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। कई केंद्रीय मंत्रियों और सरकारी विभागों ने स्वदेशी माइक्रो ब्लॉगिंग मंच का समर्थन किया है।