Andhra Pradesh: नेल्लोर मे भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत, गलत दिशा से आ रहा ट्रक कार से टकराया
आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। वहीं सीएम चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को मुआवजे के तौर पर पांच-पांच लाख रुपये देने का एलान किया है।
विस्तार
आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में बुधवार को मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक बच्चे सहित सात लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में कार में सवार लोगों की मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस ने बताया कि बुधवार को नेल्लोर जिले में संगम मंडल के पास विपरीत दिशा से आ रहा एक ट्रक कार से टकरा गया। जिससे सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित नेल्लोर शहर के रहने वाले थे और अपने रिश्तेदारों से मिलने आत्मकुर सरकारी अस्पताल जा रहे थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'नल्लोर जिले के संगम मंडल के पास रेत से लदे एक ट्रक की कार से टक्कर में एक 15 वर्षीय लड़की समेत एक परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश जारी है। मामला दर्ज कर लिया गया है।'
पूर्व सीएम ने घटना पर जताया दुख
इस बीच वाईएसआरसीपी प्रमुख वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। रेड्डी ने कहा, इस घटना ने मुझे बहुत व्यथित कर दिया है और मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।
सीएम का एलान- सड़क हादसे में मारे गए परिवारों को 5-5 लाख मुआवजा
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने नेल्लोर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में मारे गए सात लोगों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की। यह हादसा बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर संगम मंडल के पास हुआ, जब रेत से भरा एक ट्रक सामने से आकर कार से टकरा गया। कार में सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें 15 साल की एक लड़की भी शामिल थी। सीएम ने शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तुरंत मुआवजा राशि जारी करने के निर्देश दिए। कुल 35 लाख रुपये प्रभावित परिवारों को दिए जाएंगे।