West Bengal: संदेशखाली पहुंचा TMC का प्रतिनिधिमंडल, विपक्षी नेताओं ने साधा निशाना; BJP ने निकाला कैंडल मार्च
West Bengal: संदेशखाली क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का यह तीसरा दौरा है। उत्तर 24 परगना के संदेशखाली के ग्रामीणों ने मंत्रियों के सामने अपनी शिकायतें रखीं। मंत्री सुजीत बोस ने कहा, हमने ग्रामीणों को समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को संदेशखाली का दौरा किया। इस प्रतिनिधिमंडल ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय मिलेगा और किसी भी गलत काम करने वाले बख्शा नहीं जाएगा। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्रियों सुजीत बोस और पार्थ भौमिक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने इलाके के दौरा किया और स्थानीय लोगों से बात की।
इलाके का दौरा करने के बाद सुजीत बोस ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, सभी मुद्दों का समाधान किया जाएगा। सभी शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। किसी को भी गलत काम के लिए बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है।
संदेशखाली क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का यह तीसरा दौरा है। उत्तर 24 परगना के संदेशखाली के ग्रामीणों ने मंत्रियों के सामने अपनी शिकायतें रखीं। दमकल एवं आपात सेवा मंत्री बोस ने कहा, हमने ग्रामीणों को समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया है और जमीन के पट्टों का दावा करने वालों से शिकायत दर्ज कराने को कहा है।
संदेशखाली के ग्रामीण स्थानीय तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर यौन शोषण और जमीन हड़ने के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बोस ने कहा, जो भी आरोपी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
वहीं, सिंचाई मंत्री भौमिक ने कहा कि वे संदेशखाली में राज्य के मंत्री के रूप में आए हैं, न कि तृणमूल कांग्रेस के नेता के रूप में। प्रतिनिधिमंडल के साथ संदेशखाली पहुंचे टीएमसी के विधायक सुकुमार महतो ने जमीन के विवादों को हल करने में सक्रियता दिखाई। उन्होंने कहा, लोगों की शिकायतों का तेजी से निवारण करने के लिए सभी उपाय किए जा रहे हैं।
संदेशखाली के स्थानीय लोगों ने टीएमसी नेता शाहजहां शेख और उनके समर्थकों पर जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शेख तबसे फरार चल रहे हैं, जब से उन पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने समर्थकों से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर हमला कराया। ईडी की टीएम पांच जनवरी को छापेमारी के लिए शाहजहां शेख के ठिकानों पर पहुंची थी।
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने निकाला कैंडल मार्च
वहीं, भाजपा प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा, भौमिक अच्छी तरह से जानते हैं कि उनकी पार्टी उन्हें बाहर कर सकती है। लेकिन शाहजहां जैसे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेगी। टीएमसी मंत्रियों को भेजकर आग बुझाने की कोशिश कर रही है। लोग अब उनके झूठे वादों को स्वीकार नहीं करेंगे। उधर, भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने संदेशखाली की महिलाओं के लिए न्याय की मांग करते हुए कैंडल मार्च निकाला।
एनसीडब्ल्यू ने मालदा घटना पर डीजीपी से चार दिनों में मांगी रिपोर्ट
उधर, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार से मालदा में कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या के मामले पर चार दिनों में रिपोर्ट मांगी है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने पश्चिम बंगाल के डीजीपी से दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बंगाल में बिगड़ती कानून व्यवस्था की आलोचना की। एनसीडब्ल्यू प्रमुख का यह पत्र भाजपा नेता शहजाद पूनावाला की ओर से मालदा की घटना पर किए गए पोस्ट के बाद आया है।
पूनावाला ने टीएमसी पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने तीखा हमला बोला। संदेशखाली में महिलाओं के उत्पीड़न और जमीन कब्जाने की घटनाओं पर विवाद के बीच पूनावाला ने मालदा जिले में एक दुष्कर्म की घटना का दावा किया है।
पूनावाला ने सोशल मीडिया पोस्ट दावा करते हुए लिखा संदेशखाली हो या मालदा, बंगाल में कोई भी महिला सुरक्षित नहीं है। क्रूर दुष्कर्म और हत्या के एक अन्य मामले में, नौवीं कक्षा की एक आदिवासी छात्रा, ओल्ड मालदा विधानसभा के भाबुक गांव में एक ईंट भट्टे में, चेहरे को कुचले जाने के साथ बेजान पाई गई थी। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि दुष्कर्मियों को बचाया जा रहा है, जिलों में इसी तरह की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने आगे लिखा मालदा में यह पहला ऐसा मामला नहीं है। हाल ही में दुष्कर्म और हत्या के बाद 25 वर्षीय महिला का अर्धनग्न शव मिला था। पोस्ट में कहा गया कि बंगाल में ऐसी कई घटनाएं हो रही हैं, लेकिन शाहजहां और दुष्कर्मियों को संरक्षण दिया जा रहा है और जो लोग इसके खिलाफ बोलते हैं, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है! यह तालिबानी मानसिकता और संस्कृति (टीएमसी) है