Congress: 'सहो मत, डरो मत...', कांग्रेस ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए लॉन्च किया गाना
Congress: कांग्रेस ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए नया गाना लॉन्च किया है। इसमें महिला पहलवानों और कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा की झलकियों को दिखाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस ने 14 जनवरी से शुरू होने जा रही 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के लिए नया गाना लॉन्च किया है। पार्टी ने 'सहो मत-डरो मत' टैगलाइन के साथ इसे 'न्याय गीत' का नाम दिया है। देश की सबसे पुरानी सियासी पार्टी ने शुक्रवार को कहा कि दस वर्षों के 'अन्याय' के खिलाफ आवाज उठाने के लिए इस पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
वीडियो में क्या है?
कांग्रेस ने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इस गाने के साथ वीडियो साझा किया है। जिसमें प्रदर्शनकारी महिला पहलवानों, राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो पदयात्रा की कुछ झलकियां, कोरोना महामारी के दौरान मौतें और किसानों व मजदूरों के साथ कांग्रेस नेता की बातचीत को दिखाया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने क्या कहा
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर इस गाने को पोस्ट किया है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा, 'हम पहुंचेंगे हर घर तक, न्याय का हक मिलने तक। गली, मोहल्ला, संसद तक, न्याय का हक मिलने तक। सहो मत...डरो मत।' वहीं, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी इसे पोस्ट करते लिखा, 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा बीते दस वर्षों के अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए है। इसका थीम सॉन्ग आज जारी किया गया है। इसे सुनें और ज्यादा से ज्यादा लोगों के साथ साझा करें।'
मणिपुर से मुंबई तक होगी पदयात्रा
यह पदयात्रा राहुल गांधी के नेतृत्व में रविवार को मणिपुर से शुरू होगी और 20 या 21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। यात्रा अरुणाचल प्रदेश सहित पंद्रह राज्यों के सौ लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। कांग्रेस का मानना है कि यह राहुल गांधी के पहले की भारत जोड़ो यात्रा की तरह परिवर्तनकारी साबित होगी।