टीकाकरण: कोविन ऐप पर बिना पंजीकरण नहीं लगेगा टीका, सरकार ने जारी किए सभी जरूरी दिशानिर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देशभर में कोरोना टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण एक मई से शुरू हो जाएगा। इसके तहत 18 साल से ऊपर के सभी लोग कोरोना का टीका लगवाने के लिए पात्र हो जाएंगे। हालांकि, केंद्र सरकार ने तीसरे चरण में नए सिरे से टीकाकरण पर जोर देते हुए राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के लिए कुछ नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। नए निर्देश के तहत कहा गया है कि एक मई से शुरू होने वाले टीकाकरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण ही मान्य होगा। इसके अलावा सभी राज्याें और केंद्र शासित प्रदेशों काे अभी से टीकाकरण केंद्रों के रूप में अस्पताल निर्धारित करने काे कहा गया है।
बता दें, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सभी राज्यों के अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें कोरोना टीकाकरण के अगले चरण के संबंधित जरूरी दिशा निर्देश जारी किए गए। बैठक के बाद केंद्र सरकार ने राज्यों को एडवाइजरी जारी कर कहा है कि वैक्सीनेशन का यह चरण शुरू करने से पहले वह ज्यादा से ज्यादा प्राइवेट सेंटर्स का रजिस्ट्रेशन करवाएं। साथ ही टीकाकरण केंद्रों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इंतजाम किए जाएं।
सरकार के निर्देश
- 18 से 44 साल की उम्र के लोगों के लिए कोविन वेब पोर्टल पर पंजीकरण कराना और टीकाकरण के लिए समय लेना अनिवार्य।
- शुरुआत में टीकाकरण केंद्र पर पंजीकरण कराने की अनुमति नहीं है।
- 45 से अधिक उम्र के लोगों को पहले की ही तरह टीकाकरण केंद्र पर अपना पंजीकरण कराने की सुविधा दी जाएगी।
- टीकाकरण के लिए कोविन पोर्टल व आरोग्य सेतु ऐप पर पंजीकरण 28 अप्रैल से शुरू होगा।
- टीका निर्माताओं ने पहले ही टीकों के दाम घोषित कर दिए हैं। एक मई से वे इसके अनुसार टीका मुहैया कराएंगे।
- पंजीकरण के लिए पहले की ही तरह कोई भी फोटो आधारित दस्तावेज दिया जा सकता है जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, बैंक/डाकघर द्वारा जारी पासबुक, पासपोर्ट, केंद्रीय/राज्य सरकार/ सार्वजनिक कंपनियों द्वारा दिए गए कर्मचारी पहचान पत्र।
- इसके साथ ही राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) के तहत रजिस्ट्रार जनरल एंड सेंसस कमिश्नर ऑफ इंडिया (आरजीआई) की तरफ से जारी किया गया स्मार्ट कार्ड और मनरेगा जॉब कार्ड का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
- पंजीकरण के लिए लोग श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड और तस्वीर के साथ पेंशन दस्तावेज का भी इस्तेमाल कर सकेंगे।
- इसके अलावा सांसदों/विधायकों/एमएलसी से जारी किए गए आधिकारिक पहचान पत्र के जरिये भी कोरोना टीकाकरण के लिए पंजीकरण कराया जा सकता है।
टीकाकरण के लिए जरूरी बात
- सभी सरकारी और निजी कोरोना टीकाकरण केंद्रों का कोविन पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य।
- सेंटर्स को कोविन पर वैक्सीन के प्रकार, स्टॉक और कीमत की जानकारी देनी होगी।
- सभी टीकाकरण केंद्रों को वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड रखना होगा।
- सभी टीकाकरण केंद्रों को डिजिटल वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र जारी करना होगा।
- कोविड केयर सेंटर्स पर पर्याप्त कोल्ड चैन उपकरण हो।
- वैक्सीनेशन के लिए पर्याप्त स्थान और वेटिंग एरिया हो।
- वैक्सीन देने वाले प्रशिक्षित लोगों की पर्याप्त संख्या हो।
- प्राइवेट अस्पतालों और इंडस्ट्रियल संस्थाएं अपने वैक्सीनेशन सेंटर्स के लिए डोज सीधे निर्माता से प्राप्त कर सकती हैं।