{"_id":"69b74a5b7a6aec6639073ac7","slug":"rajya-sabha-elections-2026-voting-for-11-seats-today-as-bihar-politics-heats-up-2026-03-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"राज्यसभा चुनाव: बिहार-ओडिशा और हरियाणा की 11 सीटों पर वोटिंग आज, बिहार में AIMIM की चाल से कौन मारेगा बाजी?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
राज्यसभा चुनाव: बिहार-ओडिशा और हरियाणा की 11 सीटों पर वोटिंग आज, बिहार में AIMIM की चाल से कौन मारेगा बाजी?
Mon, 16 Mar 2026 05:40 AM IST
Shivam Garg
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।
Published by: Shivam Garg
Updated Mon, 16 Mar 2026 05:40 AM IST
सार
बिहार, ओडिशा और हरियाणा की 11 राज्यसभा सीटों पर आज मतदान होगा। बिहार में एआईएमआईएम के रुख ने महागठबंधन की रणनीति को उलझाया, जबकि हरियाणा और ओडिशा में भी सियासी मुकाबला तेज हो गया है।
विज्ञापन
राज्यसभा चुनाव (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राज्यसभा की 11 सीटों के लिए सोमवार को चुनाव कराए जाएंगे। इनमें बिहार की पांच, ओडिशा की चार और हरियाणा की दो सीटें शामिल हैं। नतीजे सोमवार को ही घोषित किए जाएंगे। गौरतलब है कि देशभर में इस बार राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। इनमें से 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
विज्ञापन
बिहार, ओडिशा और हरियाणा की राज्यसभा की 11 सीटों पर सोमवार को होने वाले मतदान से पहले सियासी हलचल तेज है। खास तौर पर बिहार में एआईएमआईएम के रुख ने विपक्षी महागठबंधन को उलझा दिया है। यहां आईआईपी और कुछ कांग्रेस विधायकों के भी राजग के उम्मीदवारों के पक्ष में वोट करने के संकेत हैं। इसके अलावा ओडिशा और हरियाणा में हॉर्स ट्रेडिंग के भय से सभी पक्ष अपने अपने विधायकों को सुरक्षित जगहों पर लेकर चले गए हैं।
विज्ञापन
बिहार में मुकाबला पांचवीं सीट के लिए भाजपा के शिवेश राम और राजद के एडी सिंह के बीच है। इस सीट पर जीत के लिए विपक्षी महागठबंधन को अपने 35 विधायकों को एकजुट रखते हुए एआईएमआईएम के पांच और बसपा के एक विधायक के समर्थन की अनिवार्य जरूरत है। राजग को तीन अतिरिक्त मतों की जरूरत है।
विज्ञापन
शनिवार को एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमाम और राजद के मुखिया तेजस्वी यादव के बीच हुई मुलाकात में कोई फैसला नहीं हो सका। राजग सूत्रों का कहना है कि एआईएमआईएम या तो उपेंद्र कुशवाहा को समर्थन करने का या मतदान से दूर रहने का निर्णय ले सकती है। आईआईपी और बसपा के विधायक का भी राजग को समर्थन मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा कांग्रेस के कुछ विधायक नाराज हैं। ऐसे में पांचवीं सीट पर भी राजग की जीत के संकेत मिल रहे हैं।
हरियाणा में दूसरी सीट पर खींचतान
हरियाणा में जिन दो सीटों पर चुनाव होने हैं, उनमें एक सीट पर भाजपा की जीत निश्चित है। हालांकि अगर यहां कांग्रेस एकजुट रही तो उसे दूसरी सीट पर जीत मिल सकती है। मुश्किल यह है कि कांग्रेस नेतृत्व द्वारा यहां वरिष्ठ नेताओं को नाराज कर कर्मवीर बौद्ध को उम्मीदवार बनाने के बाद भाजपा ने निर्दलीय सतीश नांदल को समर्थन दिया है। भाजपा के रणनीतिकारों को लगता है कि कांग्रेस के कुछ नाराज विधायक मतदान के दौरान पाला बदल सकते हैं।
भाजपा का आरोप-बीजद के उम्मीदवार ने चुनावी हलफनामे में छिपाई जानकारी
ओडिशा में सत्तारूढ़ भाजपा ने बीजद के राज्यसभा उम्मीदवार संतृप्त मिश्रा पर चुनावी हलफनामे में जानकारी छिपाने का आरोप लगाया। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनिल बिस्वाल ने कहा कि मिश्रा ने अपने हलफनामे में बीजू नवीन इंस्पिरेशनल फाउंडेशन से अपने संबंध का खुलासा नहीं किया है। बिस्वाल के अनुसार, मिश्रा इस फाउंडेशन में सचिव के पद पर कार्यरत हैं, लेकिन इसका उल्लेख चुनावी दस्तावेज में नहीं किया गया।
विज्ञापन
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन