{"_id":"5c74cdb0bdec2273ab607f4a","slug":"pulwama-terror-attack-india-gave-befitting-reply-to-pakistan-know-everything-about-it","type":"story","status":"publish","title_hn":"एलओसी पार आतंकी ठिकानों पर बरसे भारतीय बम, जानें अबतक क्या हुआ","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
एलओसी पार आतंकी ठिकानों पर बरसे भारतीय बम, जानें अबतक क्या हुआ
Tue, 26 Feb 2019 10:55 AM IST
Sneha Baluni
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Sneha Baluni
Updated Tue, 26 Feb 2019 10:55 AM IST
विज्ञापन
पाकिस्तानी सेना ने जारी की भारतीय कार्रवाई की तस्वीरें
- फोटो : Twitter
26 फरवरी की सुबह आखिरकार वह खबर आई जिसका कि भारतीय नागरिकों को पुलवामा हमले के बाद से ही इंतजार था। 14 फरवरी को सीआरपीएफ के काफिले पर किए गए आतंकी हमले के बाद से ही पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने की लगातार मांग उठ रही थी। इस मांग को वायुसेना ने पूरा कर दिया है। भारतीय वायुसेना ने सुबह तड़के पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के अंदर घुसकर आतंकी कैंप को निशाना बनाया। वायुसेना के 12 मिराज 2000 विमान ने इस अभियान में हिस्सा लिया और कैंप पर 1000 किलो बम गिराए। जिसमें यह कैंप पूरी तरह से नष्ट हो गया है। अब हम आपको बताते हैं कि कब क्या हुआ।
विज्ञापन
पाकिस्तानी सेना के डीजी आईएसपीआर आसिफ गफूर ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय वायुसेना का विमान एलओसी पार करके पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में घुस आया था। जिसका पाकिस्तानी सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया और वायुसेना को वापस लौटना पड़ा।
विज्ञापन
सूत्रों के हवाले से खबर आई कि 26 फरवरी की तड़के भारतीय लड़ाकू विमान मिराज 2000 के एक समूह ने एलओसी पारकर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी कैंप पर बमबारी की और उसे पूरी तरह से नष्ट कर दिया।
विज्ञापन
सूत्रों ने बताया कि आतंकी कैंप पर वायुसेना ने 1000 किलो बम गिराए गए। इस अभियान में 12 मिराज विमानों ने हिस्सा लिया। बालाकोट, चकोठी और मुजफ्फराबाद के एलओसी स्थित आतंकी कैंप लांच पैड्स को हवाई हमलों में पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया। जैश-ए-मोहम्मद के नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह से तबाह कर दिया गया।
वायुसेना की इस कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद के अल्फा-3 नियंत्रण कक्ष को तबाह कर दिया गया। इस हमले में 200-300 आतंकियों के मारे जाने की आशंका है।
सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान के एफ16 विमान ने भारतीय वायुसेना के मिराज 2000 को जवाबी कार्रवाई देने की कोशिश की लेकिन भारतीय फॉर्मेशन के आकार के कारण वह ऐसा नहीं कर पाए। इस अभियान को वेस्टर्न एयर कमांड ने अंजाम दिया। वायुसेना के मिराज ने जिस लक्ष्य को नष्ट किया उनमें से एक पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा का क्षेत्र भी शामिल है।
वायुसेना ने इस अभियान के लिए लेजर गाइडेड बम का इस्तेमाल किया। जिन एयरबोर्न अर्ली वार्निंग विमानो का इस्तेमाल इस अभियान में किया गया उन्हें हमने इजरायल से खरीदा है। पिछले तीन दिनों से हिंडन एयरबेस पर इस तरह के विमानों को अलर्ट पर रखा गया है।
सीमा पर तनाव के मद्देनजर भारतीय वायुसेना ने अपने सभी अतंरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर स्थित एयर डिफेंस सिस्टम को हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा है। ऐसा पाकिस्तानी सेना की तरफ से होने वाली संभावित कार्रवाई के मद्देनजर किया गया है।
सूत्रों के अनुसार पीओके से मिली खुफिया जानकारी के बाद इस अभियान को अंजाम दिया गया।