{"_id":"678610d0cbca4a26440b7a74","slug":"prohibitory-order-imposed-in-beed-till-jan-28-valmik-karad-s-mother-demonstrated-in-parli-police-station-2025-01-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Maharashtra: बीड जिले में 28 जनवरी तक निषेधाज्ञा लागू, वाल्मिक कराड की मां ने परली थाने के सामने किया प्रदर्शन","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Maharashtra: बीड जिले में 28 जनवरी तक निषेधाज्ञा लागू, वाल्मिक कराड की मां ने परली थाने के सामने किया प्रदर्शन
Tue, 14 Jan 2025 12:53 PM IST
बशु जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छत्रपति संभाजीनगर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छत्रपति संभाजीनगर
Published by: बशु जैन
Updated Tue, 14 Jan 2025 12:53 PM IST
सार
बीड जिले में सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने प्रदर्शन किया। बीड के जालना में मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर 25 जनवरी से अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने का एलान किया है। इसे लेकर प्रशासन ने बीड जिले में निषेधाज्ञा लागू की है।
विज्ञापन
पुलिस प्रशासन मुस्तैद
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विस्तार
बीड जिले में सरपंच की हत्या के विरोध और मराठा आरक्षण आंदोलन को देखते हुए 28 जनवरी तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। वहीं बीड सरपंच हत्या मामले में गिरफ्तार किए गए वाल्मिक कराड की मां ने थाने के सामने प्रदर्शन किया। साथ ही कराड की रिहाई की मांग की।पुलिस ने बताया कि मकोका के तहत सरपंच हत्याकांड से जुड़े जबरन वसूली मामले में आरोपी वाल्मिक कराड को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
विज्ञापन
बीड जिले में सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने प्रदर्शन किया। उधर, पड़ोसी जालना में मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर 25 जनवरी से अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने का एलान किया है। इसे लेकर प्रशासन ने बीड जिले में निषेधाज्ञा लागू की है।
विज्ञापन
जिला प्रशासन ने एक विज्ञप्ति में कहा कि अधिकारियों की अनुमति के बिना पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर हथियार ले जाने की अनुमति नहीं है। प्रशासन ने कहा कि केज पुलिस स्टेशन में दर्ज मामलों के संबंध में चल रहे विरोध प्रदर्शन और मराठा और ओबीसी समुदायों द्वारा आरक्षण से संबंधित आंदोलन से कानून और व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है। इसलिए निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
विज्ञापन
कराड की मां बोलीं- मेरे बेटा निर्दोष, उसे फंसाया गया
सरपंच हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मिक कराड की मां पारुबाई कराड ने मंगलवार को परली थाने के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा निर्दोष है, उसे फंसाया गया है। उन्होंने बेटे की रिहाई की मांग की। प्रदर्शन में वाल्मिक कराड की मां के साथ 50 लोग शामिल रहे। कराड की मां ने कहा कि मेरे बेटे ने कुछ भी नहीं किया है। उसे रिहा किया जाना चाहिए। भले ही मेरी जिंदगी खत्म हो जाए, मैं यहां से नहीं उठूंगी।
बेटे पर लगे आरोपों को लेकर पारुबाई ने कहा कि मुझे नहीं पता यह किसने किया है, लेकिन यह सब झूठ है। उन्होंने भाजपा विधायक सुरेश धास और एनसीपी विधायक संदीप पर आरोप लगाए और कहा कि मेरे बेटे को झूठा फंसाया जा रहा है। उन्होंने दोनों नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की।
क्या है पूरा मामला?
बीड जिले के मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की बीते 9 दिसंबर को अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। हत्या से पहले सरपंच देशमुख को प्रताड़ित भी किया गया था। कथित तौर पर यह हत्या पवनचक्की परियोजना से जुड़ी एक ऊर्जा कंपनी के खिलाफ जबरन वसूली की कोशिश को रोकने के चलते की गई। पुलिस के अनुसार, सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के पीछे एक बड़ी जबरन वसूली का मामला है। सरपंच की मौत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया जिसके बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, कुछ दिन पहले, महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मिक कराड ने पुणे में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।
सात आरोपी किए जा चुके गिरफ्तार
इस मामले में अभी तक सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस के मुताबिक सभी आठ आरोपियों पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामला दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र सीआईडी की एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) मामले की जांच कर रही है।