ओडिशा में पीएम मोदी, बोले- तलचेर का खाद कारखाना बनेगा हमारी सरकार की सफलता का प्रतीक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को ओडिशा के तालचर में कई विकास योजनाओं की शुरूआत की। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 13000 करोड़ रुपये की लागत वाले तालचर उर्वरक संयंत्र से उत्पादन 36 महीने में शुरू होगा। इस दौरान पीएम ने एक पार्टी रैली को भी संबोधित किया।
पीएम ने कहा कि रैली में आई भीड़ साफ तौर पर दर्शाती है कि ओडिशा के लोग क्या सोच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से अनुरोध करता हूं कि वह राज्य के लोगों को रविवार को शुरू होने वाली आयुष्मान भारत योजना से जोड़ें।
Live Updates:
- रेलवे में एसी डब्बो में सफर करने वालों से ज्यादा लोग अब हवाई जहाजों में सफर कर रहे हैं। हमारी सरकार ने अपनी नीतियां ही इसी सोच से बनाई हैं कि उड़े देश का आम नागरिक।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के शासन के दौरान उद्योगों को बंद करने के लिए उसपर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार बंद उद्योगों को दोबारा शुरू करने में नाकाम रही, राजग सरकार विकास के लिए उन्हें पुन: शुरू कर रही है।
पीएम ने कहा, तीन दिन पहले केंद्र सरकार ने वह निर्णय लिया जिसे कि दशकों पहले लिए जाने की जरुरत थी। यह फैसला था तीन तलाक। कोई भी इसपर वोट गंवाने के डर से बात तक करने के लिए तैयार नहीं था। अब इसे गैरकानूनी घोषित कर दिया गया है।
पीएम ने कहा, दशकों से देश में ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा देने की मांग हमारे पिछड़े भाई-बहन कर रहे थे, इस मांग को पूरा करने का काम भी इसी सरकार ने किया है। अब ओबीसी कमीशन के पास जितनी जिम्मेदारियां हैं, उतने ही उचित अधिकार भी हैं।
धानमंत्री ने कहा, ओडिशा सरकार ने अब तक इस योजना से जुड़ने के लिए सहमति नहीं जताई है। मैं आज आपके माध्यम से, नवीन पटनायक जी से फिर आग्रह करूंगा कि ओडिशा के लाखों परिवारों को आयुष्मान भारत के लाभ से वंचित न रखा जाए।
पीएम मोदी ने कहा, आयुष्मान भारत योजना के तहत कल से प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की शुरुआत हो रही है। इस योजना के तहत देश के 10 करोड़ गरीब परिवारों को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए साल भर में 5 लाख रुपए तक का हेल्थ एश्योरेंस दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, देश में एक प्रधानमंत्री थे जो कहा करते थे कि दिल्ली से भेजे जाने वाले एक रुपए में से सिर्फ 15 पैसा ही गरीब तक पहुंचता है। हमारी सरकार ये सुनिश्चित कर रही है कि जो पैसा दिल्ली से भेजा जाए, वो शत-प्रतिशत, पूरा आपके बैंक खाते में सीधे जाए।
पीएम मोदी ने कहा, तलचेर का खाद कारखाना, अब तक पहले की सरकारों की असफलता का प्रतीक रहा है। अब ये खाद कारखाना, हमारी सरकार की सफलता का प्रतीक बनने जा रहा है। यहां तलचेर के अलावा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में, झारखंड के सिंदरी में, तेलंगाना के रामागुंदम में और बिहार के बरौनी में, देश के पाँच बड़े खाद कारखानों को फिर से जीवन देने का काम चल रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ओडिशा की इस पवित्र भूमि पर अनेक पराक्रमी वीरों से जन्म लिया है। महान नेता पबित्र मोहन प्रधान के नेतृत्व में प्रजामण्डल आंदोलन, आम जन के धैर्य और साहस की कहानियों से भरा हुआ है।
मोदी ने कहा, ओडिशा की ऐतिहासिक और प्राकृतिक रूप से समृद्ध धरती पर आना मेरे लिए बहुत ही सुखद अनुभव है। आपने पुरानी रैलियों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। इतनी बड़ी संख्या में मौजूद लोग ओडिशा के लोगों की भावनाएं दिखाते हैं।
थोड़ी देर में रायपुर पहुंचेंगे पीएम मोदी
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को रायपुर में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छत्तीसगढ़ के संक्षिप्त दौरे के दौरान कल 22 सितम्बर को जिला मुख्यालय जांजगीर में राज्य सरकार की अटल विकास यात्रा के तहत आयोजित किसानों के सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। वह इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की जनता को लगभग तीन हजार 305 करोड़ रुपए की सड़क और रेल परियोजना की सौगात देंगे। मोदी लगभग साढ़े तीन साल में छठी बार छत्तीसगढ़ दौरे पर होंगे।
अधिकारियों ने बताया कि मोदी जांजगीर में 1,607 करोड़ की बिलासपुर-पथरापाली फोर लेन सड़क और 1,697 करोड़ 79 लाख रूपए की बिलासपुर-अनूपपुर तीसरी रेल लाइन परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
बिलासपुर-पथरापाली सड़क परियोजना का निर्माण केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा। वहीं दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे के बिलासपुर-अनूपपुर खण्ड की तीसरी लाइन के निर्माण से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से मध्यप्रदेश के जिला मुख्यालय अनूपपुर तक रेल यातायात काफी सुगम हो जाएगा।
इसके निर्माण में एक हजार 696 करोड़ 79 लाख रूपए की लागत आएगी। इस नये रेलमार्ग की लम्बाई 152 किलोमीटर होगी, इसमें से 119.55 किलोमीटर का हिस्सा छत्तीसगढ़ में और करीब 32.45 किलोमीटर का हिस्सा मध्यप्रदेश में होगा।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जांजगीर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रमन सिंह, केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग विकास मंत्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय इस्पात राज्य मंत्री विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित छत्तीसगढ़ सरकार के सभी मंत्री उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रमन सिंह ने दौरे के लिए मोदी का आभार व्यक्त किया है। अधिकारियों ने बताया कि मोदी शाम 4.50 बजे जांजगीर-चांपा से रवाना होकर शाम 5.40 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाईअड्डे पहुंचेंगे और 5.45 बजे नयी दिल्ली के लिए रवाना होंगे।