Telangana: ‘प्यारी सी गुड़िया को मेरा आशीर्वाद’, पिता के साथ रैली में आई बच्ची को पीएम मोदी ने दुलारा
पीएम मोदी ने बच्ची को अपना आशीर्वाद दिया और कहा कि प्यारी सी गुड़िया को मेरा आशीर्वाद। दरअसल, रैली के दौरान भाजपा समर्थक अपनी बच्ची को साथ लाया था, जिसे पीएम मोदी ने आशीर्वाद देते हुए दुलार किया।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तेलंगाना दौरे पर था। इस दौरान उन्होंने एक रैली को संबोधित किया। संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने एक छोटी सी बच्ची के साथ खास पल साझा किया। पीएम मोदी ने बच्ची को अपना आशीर्वाद दिया और कहा कि प्यारी सी गुड़िया को मेरा आशीर्वाद। दरअसल, रैली के दौरान भाजपा समर्थक अपनी बच्ची को साथ लाया था, जिसे पीएम मोदी ने आशीर्वाद देते हुए दुलार किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के महबूबनगर में रोड शो किया। इस दौरान भारी संख्या में लोगों की हुजूम पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए वहां पहुंचा। पीएम मोदी ने सभी का अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में तेलंगाना के लोगों ने लोकसभा, विधानसभा और निकाय चुनाव में भाजपा को मजबूत किया है। आज यहां जो जनसैलाब दिख रहा है, उससे मैं आश्वस्त हूं कि तेलंगाना के लोगों ने बदलाव का अपना इरादा पक्का कर लिया है।
13,500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास
PM मोदी ने कहा कि आज मुझे तेलंगाना के लोगों के कल्याण के लिए 13,500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने का मौका मिला। ये परियोजनाएं तेलंगाना को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचने में मदद करेंगी। ये परियोजनाएं तेलंगाना के युवाओं के लिए अवसर पैदा करेंगी।
पीएम मोदी ने किए दो बड़े एलान
- उन्होंने कहा कि आज मैं तेलंगाना की धरती से घोषणा कर रहा हूं कि केंद्र सरकार ने हल्दी किसानों के हित के लिए और उनकी आवश्यकता व भावी संभावनाओं को देखते हुए राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड के गठन का फैसला किया है।
- उन्होंने कहा कि आज मैं यहां से एक और घोषणा कर रहा हूं। भारत सरकार मुलुगु जिले में एक सेंट्रल ट्राइबल यूनिवर्सिटी की स्थापना करने जा रही है। इसका नाम आदिवासी देवियां सम्मक्का-सारक्का के नाम पर रखा जाएगा।
राज्य सरकार पर साधा निशाना
PM मोदी ने कहा कि भारत सरकार मुलुगु जिले में एक सेंट्रल ट्राइबल यूनिवर्सिटी की स्थापना करने जा रही है। ये यूनिवर्सिटी बहुत पहले बन गई होती, अगर यहां की सरकार ने दिलचस्पी दिखाई होती। मुझे अफसोस है कि राज्य सरकार यूनिवर्सिटी के लिए जमीन देने के काम को पांच साल तक टालती रही, यह दिखाता है कि उन्हें आदिवासी हितों, आदिवासी गौरव की कोई परवाह नहीं है।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
PM मोदी ने कहा, 'हम अपने अन्नदाताओं को सम्मान दे रहे हैं, उनकी मेहनत का सही मूल्य दे रहे हैं। 2014 में कांग्रेस की सरकार के समय तेलंगाना के किसानों से धान की MSP पर खरीद पर 3400 करोड़ खर्च किए गए थे, लेकिन हमने एक साल में 1 साल में 27 हजार करोड़ रुपए किसानों के लिए खर्च किए हैं। मुझे अफसोस है कि यहां की सरकार ने किसान योजनाओं को अपनी काली कमाई का जरिया बना लिया है। तेलंगाना में सिंचाई परियोजना के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ है।