जीवनरक्षा प्रणाली पर हैं पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, तबीयत स्थिर, फिलहाल कोई सुधार नहीं
देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के स्वास्थ्य की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। उनकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई है। उनके वाइटल और क्लिनिकल पैरामीटर स्थिर हैं। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है और उनकी हालत पर गंभीरता से नजर रखी जा रही है। यह जानकारी सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल ने दी। जहां 84 साल के मुखर्जी भर्ती हैं।
The condition of Pranab Mukherjee continues to be critical. His vital and clinical parameters are stable. He is on ventilatory support and is being closely monitored: Army Hospital (R&R), Delhi pic.twitter.com/9qVjAI8lsA
— ANI (@ANI) August 17, 2020विज्ञापन
इससे पहले रविवार को भी उनकी हालत में कोई बदलाव नहीं आया। दिल्ली स्थित सैन्य अस्पताल ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए कहा था कि उनके क्लिनिकल पैरामीटर और वाइटल स्थिर हैं और उन्हें लगातार वेंटिलेंटर सपोर्ट पर रखा गया है। वे पहले से ही कई बीमारियों से ग्रस्त हैं। उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर विशेषज्ञों द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- प्रणब मुखर्जी पर हो रहा इलाज का असर, बेटे ने कहा- वो जल्द हमारे बीच आएंगे वापस
वहीं उनके बेटे अभिजीत बनर्जी ने कहा था, 'वह पिछले दिनों की तुलना में अब पहले से ज्यादा बेहतर और स्थिर हैं। उसके सभी वाइटल पैरामीटर स्थिर हैं और उनपर उपचार का सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। हमें दृढ़ता से विश्वास है कि वह जल्द ही हमारे पास वापस आ जाएंगे।'
बता दें कि 84 साल के मुखर्जी को सोमवार को सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनके मस्तिष्क की सर्जरी की गई थी। इससे पहले उनकी कोविड-19 जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। अस्पताल ने एक बयान में कहा था, 'माननीय श्री प्रणब मुखर्जी की हालत आज सुबह भी पूर्ववत रही। वह अब भी जीवनरक्षक प्रणाली पर हैं। उनकी हालत स्थिर बनी हुई है और विशेषज्ञों की एक टीम करीबी निगरानी कर रही है।'