भाजपा प्रभारी गजेंद्र शेखावत का चन्नी सरकार पर हमला: पीएम के रूट की जानकारी देना आपराधिक साजिश
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा, पंजाब की कांग्रेस सरकार ने प्रधानमंत्री को सड़क मार्ग पर रोकने की साज़िश रची। जानबूझकर प्रधानमंत्री की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई, राष्ट्र के सबसे महत्वपूर्ण पद का अपमान किया गया। यह देश का अपमान है। देश के संघीय ढांचे की अवहेलना है। आंतरिक सुरक्षा से खिलवाड़ है...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक को लेकर भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है। केंद्रीय मंत्री भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने पंजाब सरकार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूट की जानकारी प्रदर्शनकारियों को देना और फिर उन्हें रास्ता जाम करने की सुविधा देना आपराधिक साजिश है। ये देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है। इसके लिए जो भी नेता, मंत्री व अधिकारी ज़िम्मेदार हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पंजाब सरकार के 10,000 सुरक्षाकर्मी मिल कर प्रधानमंत्री के रूट की सुरक्षा नहीं कर पाए। ये है कांग्रेस का पंजाब मॉडल!
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा, पंजाब की कांग्रेस सरकार ने प्रधानमंत्री को सड़क मार्ग पर रोकने की साज़िश रची। जानबूझकर प्रधानमंत्री की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई, राष्ट्र के सबसे महत्वपूर्ण पद का अपमान किया गया। यह देश का अपमान है। देश के संघीय ढांचे की अवहेलना है। आंतरिक सुरक्षा से खिलवाड़ है। कांग्रेस अलगाव की प्रवृत्ति रखती है, इसलिए ही गृह मंत्रालय को भरोसा दिए जाने के बाद भी प्रधानमंत्री को क्लीयर रूट नहीं मिलता। उनके काफिले के सामने खुले मार्ग पर बाधा खड़ी कर दी जाती है। साफ है कि यह मोदी को पंजाब की जमीन से दूर रखने के षड्यंत्र का एक घृणित कुचक्र था। प्रधानमंत्री की सुरक्षा राज्य सरकार की जिम्मेदारी थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने इस संदर्भ में फोन उठाना तक जरूरी नहीं समझा। ये देश तोड़ना है। संविधान की अस्मिता को कलंकित करना है। देश माफ नहीं करेगा।
पंजाब सरकार के षड्यंत्र में कौन शामिल है?
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि पीएम की पंजाब रैली में सुरक्षा को लेकर पंजाब सरकार द्वारा की गई चूक राजनीति और विरोध का निम्नतम स्तर है, पंजाब सरकार भाजपा से इस कदर घबराई हुई है कि पूरी तरह अलोकतांत्रिक व्यवहार कर रही है, पंजाब और देश की जनता इसे याद रखेगी और इसका हिसाब करेगी। पीएम को आज पंजाब में भगत सिंह और अन्य शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ राज्य में प्रमुख विकास कार्यों की आधारशिला भी रखनी थी। किंतु अपनी घटिया और तुच्छ हरकतों से पंजाब की चन्नी सरकार ने साबित कर दिया कि वे विकास विरोधी तो हैं ही और उन्हें शहीदों के प्रति जरा भी सम्मान नहीं।
चुघ ने आगे कहा कि यह कांग्रेस की सोची समझी साजिश थी, जिससे पीएम की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ हुआ। जिस पार्टी के नेता सिद्धू देश के दुश्मन को अपना यार बताते हों वहां यह किसी को भी समझ आ जायेगा कि जो आज पंजाब में हुआ उसके पीछे कांग्रेस की घटिया राजनीति है जिसने देश के गौरव को अपने कृत्य से धोखा दिया। यह सिर्फ़ भाजपा की रैली या पीएम को ख़तरे में डालने की साजिश भर नहीं है, यह कांग्रेस द्वारा देश के सम्मान को ठेस पहुंचाना और लोकतंत्र की हत्या करना है। आप अपनी घटिया राजनीति के लिए देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा से समझौता करते हैं तो यह साफ तौर पर देशद्रोह से कम नहीं है।
उन्होंने कहा कि पीएम की पंजाब यात्रा में सुरक्षा चूक के षड्यंत्र में कौन-कौन शामिल हैं? पाकिस्तान की सीमा के साथ लगते क्षेत्र में इतनी बड़ी सुरक्षा चूक करने वाली "इमरान खान के यार" की पंजाब सरकार में से कौन-कौन इस षड्यंत्र में शामिल हैं? किसके इशारे पर सुरक्षा में चूक हुई है। एक राज्य जहां की सरकार देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पा रही, देश के गौरव से खिलवाड़ कर रही है, ऐसी सरकार सिर्फ़ निंदनीय है। इस चन्नी सरकार को फौरन अपने इस निम्नतम कृत्य के लिए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।