प्रधानमंत्री मोदी का आत्मविश्वास: 'हमारे तीसरे कार्यकाल में शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचकर रहेगा भारत'
PM Modi Inaugurates ITPO Complex: पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के प्रगति मैदान में नए आईटीपीओ कॉम्प्लेक्स 'भारत मंडपम' का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे तीसरे कार्यकाल में हम दुनिया की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होंगे।
विस्तार
पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के प्रगति मैदान में नए आईटीपीओ कॉम्प्लेक्स 'भारत मंडपम' का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे तीसरे कार्यकाल में हम दुनिया की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होंगे।
आत्मविश्वास से लबरेज पीएम बोले- ये मोदी की गारंटी
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे पहले कार्यकाल में भारत दुनिया की दसवें नंबर की अर्थव्यवस्था था, अब दूसरे कार्यकाल में हम पांचवे नंबर पर आ गए हैं और हमारे तीसरे कार्यकाल में हम दुनिया की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होंगे। आगे बोले कि ये मोदी की गारंटी है। आप 2024 के बाद अपने सपनों को अपनी आंखों से पूरा होते हुए देखेंगे।
उन्होंने कहा कि दूसरे कार्यकाल में आज भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर मैं देश को ये भी विश्वास दिलाऊंगा कि तीसरे कार्यकाल में दुनिया की पहली तीन अर्थव्यवस्थाओं में एक नाम भारत का होगा। आज देश का विश्वास पक्का हो गया है कि अब भारत की विकास यात्रा रुकने वाली नहीं है।
#WATCH | In my third term, India will be among the top three economies in the world...Yeh Modi ki guarantee hai, says PM Modi. pic.twitter.com/drLFWZKgS6
— ANI (@ANI) July 26, 2023
लगे मोदी-मोदी के नारे
प्रगति मैदान में आत्मविश्वास से लबरेज प्रधानमंत्री मोदी ने जब ये बातें कहीं तो पूरा सभागृह मोदी-मोदी के उद्घोष से गूंज उठा। इस आत्मविश्वास से भरी गर्जना के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कई सारे आंकड़ों के माध्यम से 2014 के पहले और उसके बाद देश में हुए विकास कार्यों की तुलना की। इन आंकड़ों के माध्यम से मोदी ने विपक्ष और खास तौर पर कांग्रेस पर करारा तंज किया।
पीएम ने कहा- आज का दिन बहुत ही ऐतिहासिक
पीएम मोदी ने संबोधन में कहा कि आज सपनों को साकार होते हुए देख रहा हूं। सबसे पहले पीएम ने एक अद्भूत दृश्य मेरे सामने है। भव्य है, विराट है। आज अपनी आंखों के सामने सपनों को साकार होते हुए देख रहे हैं तब मुझे एक प्रसिद्ध कविता की पंक्तियां गुनगुनाने का मन करता है। भारत मंडपम को देखकर हर भारतीय आनंदित है और गर्व महसूस कर रहा है। भारत मंडपम भारत के सामर्थ्य का, भारत की नई उर्जा का आह्वान है। भारत मंडपम भारत की भव्यता और इच्छाशक्ति का दर्शन है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि आज एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि यह करगिल विजय दिवस है। हमारे वीर बेटे-बेटियों ने देश के दुश्मनों को हराया। मैं करगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले हर नायक को श्रद्धांजलि देता हूं।कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत मंडपम देखने के बाद हर भारतीय खुश है, गर्व से भरा है।
इस कॉम्प्लेक्स के निर्माण को रोकने के लिए अदालतों के चक्कर काटे गए
पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि इस कॉम्प्लेक्स के निर्माण को रोकने के लिए नकारात्मक सोच वालों ने क्या-क्या कोशिशें नहीं की, अदालतों के चक्कर काटे थे। कुछ लोगों की फितरत होती है हर अच्छे काम को रोकने, टोकने की। जब कर्तव्य पथ पर बन रहा था तो न जाने क्या क्या कथाएं चल रही थीं। अखबार, ब्रेकिंग न्यूज में न जाने क्या-क्या चल रहा था। कर्तव्य पथ बनने के बाद वे लोग भी दबी ज़ुबान में कहने लगे कि अच्छा हुआ है।
इतने की लागत से बना है नया आईटीपीओ कॉम्प्लेक्स
बता दें कि प्रगति मैदान पुनर्विकास परियोजना के तहत आईईसीसी (एकीकृत प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर) को एक आधुनिक परिसर के तौर पर तैयार किया गया है। परियोजना की कुल लागत 2,254 करोड़ रुपये है। मंत्रालय ने बताया, लगभग 123 एकड़ क्षेत्र के साथ यह परिसर दुनिया के शीर्ष 10 प्रदर्शनी और सम्मेलन परिसरों में से एक है। सम्मेलन केंद्र के ‘लेवल-3’ पर 7,000 लोगों के बैठने की क्षमता है, जो इसे ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक सिडनी ओपेरा हाउस से अधिक बड़ा बनाता है, जहां तकरीबन 5,500 लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.