फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Opposition parties attacked on central government At the Maha Rally at the Ramlila Maidan

Maharally: 'PM मोदी मैच फिक्सिंग करके जीतना चाह रहे चुनाव', रामलीला मैदान में बरसे राहुल; जानें किसने क्या कहा

Sun, 31 Mar 2024 03:31 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: काव्या मिश्रा Updated Sun, 31 Mar 2024 03:31 PM IST
सार

राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान के संविधान को हिंदुस्तान की गरीब जनता के हाथ से छीनने के लिए ये मैच फिक्सिंग की जा रही है। जिस दिन ये संविधान खत्म हो गया, उस दिन ये हिंदुस्तान नहीं बचेगा।

विज्ञापन
Opposition parties attacked on central government At the Maha Rally at the Ramlila Maidan
रामलीला मैदान में जमकर बरसे विपक्षी नेता - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की रामलीला मैदान में आज महारैली हुई। महारैली में विपक्षी गठबंधन का नारा 'तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ' रहा। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। वहीं, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी रामलीला मैदान पहुंचीं।

विज्ञापन


पीएम मोदी इस चुनाव में मैच फिक्सिंग कर रहे: राहुल गांधी
इंडिया गठबंधन की महारैली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, 'आज कल आईपीएल के मैच चल रहे हैं। आप सबने मैच फिक्सिंग शब्द सुना है। जब बेइमानी से एम्पायर पर दबाव डालकर, खिलाड़ियों को खरीदकर मैच जीता जाता है, तो इसे मैच फिक्सिंग कहा जाता है। हमारे सामने लोकसभा का चुनाव है। हमारी टीम में से मैच शुरू होने से पहले दो खिलाड़ियों को गिरफ्तार करके अंदर कर दिया गया। पीएम मोदी इस चुनाव में मैच फिक्सिंग करने की कोशिश कर रहे हैं। ये जो उनका 400 पार का नारा है वो बिना मैच फिक्सिंग के 80 पार नहीं हो सकता है।'
विज्ञापन


उन्होंने आगे कहा, 'कांग्रेस पार्टी विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी है। हमारे सभी बैंक अकाउंट बंद कर दिए गए हैं। चुनाव के बीच में देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के बैंक अकाउंट बंद कर दिए। हमारे सारे संसाधनों को बंद कर दिया गया। ये कैसा चुनाव हो रहा है? नेताओं को जेल में डाला जाता है। ये मैचफिक्सिंग करने की कोशिश की जा रही है। ये मैच फिक्सिंग पीएम मोदी और हिंदुस्तान के तीन-चार सबसे बड़े अरबपति मिलकर कर रहे हैं। इसका(मैच फिक्सिंग) सिर्फ एक लक्ष्य है।'
विज्ञापन
विज्ञापन


कांग्रेस नेता ने कहा कि हिंदुस्तान के संविधान को हिंदुस्तान की गरीब जनता के हाथ से छीनने के लिए ये मैच फिक्सिंग की जा रही है। जिस दिन ये संविधान खत्म हो गया, उस दिन ये हिंदुस्तान नहीं बचेगा। ये जो संविधान है हिंदुस्तान की जनता की आवाज है। यही इनका (भाजपा) लक्ष्य है। ये सोचते हैं कि धमकाकर और डराकर पुलिस, सीबीआई, ईडी, आईटी के साथ देश चलाया जा सकता है। आप हिंदुस्तान की आवाज को नहीं दबा सकते हो। इस आवाज को कोई नहीं दबा सकता। ये लड़ाई संविधान को बचाने की लड़ाई है।'

गांधी ने कहा, '40 साल से सबसे ज्यादा बेरोजगारी हिंदुस्तान में आज है। एक फीसदी लोगों के पास हिंदुस्तान का पूरा का पूरा धन है। ये (भाजपा) संविधान को क्यों मिटाना चाहते हैं? क्योंकि ये आपका धन आपसे छीनना चाहते हैं। अगर आप लोगों ने पूरे दम से वोट नहीं दिया तो इनकी (भाजपा) मैच फिक्सिंग कामयाब हो जाएगी। जिस दिन मैच फिक्सिंग कामयाब हो गई, उस दिन हमारा संविधान खत्म हो जाएगा। चुनाव आयोग के लोगों को पीएम मोदी ने बैठाया, दो मुख्यमंत्रियों को जेल में डाला। चुनाव से कुछ ही महीने पहले। अगर डालना था तो चुनाव से छह महीने बाद डाल देते। आपने (भाजपा) हमारे बैंक अकाउंट बंद किए। आप चाहते हो कि विपक्ष चुनाव ना लड़ पाए और इसलिए आपने कांग्रेस पार्टी के बैंक अकाउंट रद्द किए। क्योंकि आप चाहते हो कि मैच फिक्स हो, संविधान रद्द किया जाए और आप सत्ता में रहो। अगर हिंदुस्तान में भाजपा मैच फिक्सिंग का चुनाव भाजपा जीते और उसके बाद संविधान को उन्होंने बदला तो इस पूरे देश में आग लगने जा रही है।'

आपके केजरीवाल शेर हैं: सुनीता केजरीवाल
विपक्षी गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा, 'मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया। क्या प्रधानमंत्री ने यह सही किया? क्या आप मानते हैं कि केजरीवाल एक सच्चे देश भक्त और ईमानदार व्यक्ति हैं? क्या केजरीवाल जी को इस्तीफा देना चाहिए? आपके केजरीवाल शेर हैं, ये ज्यादा दिन तक आपको जेल में नहीं रख पाएंगे।'

उन्होंने आगे कहा, 'यदि आप सब इंडिया गठबंधन को मौका देते हैं तो हम सब मिलकर महान राष्ट्र का निर्माण करेंगे। केवल नाम में इंडिया गठबंधन नहीं हैं बल्कि दिल में इंडिया है। मैं (अरविंद केजरीवाल) इंडिया गठबंधन की ओर से 140 करोड़ भारतवासियों को छह गारंटी देता हूं। पहला-पूरे देश में 24 घंटे बिजली का इतजाम करेंगे, दूसरा- पूरे देश के गरीबों की बिजली फ्री करेंगे, तीसरी- हर गांव हर मोहल्ले में शानदार सरकारी स्कूल बनाएंगे, चौथा- हर गांव में मोहल्ला क्लिनिक बनाएंगे, फ्री इलाज की व्यवस्था करेंगे, पांचवां- किसानों को स्वामीनाथन आयोग के मुताबिक एमएसपी पर फसलों की कीमत दिलवाएंगे, छठी- दिल्ली वासियों को उनका हक दिलाएंगे, दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे। यह एलान करने से पहले मैंने इंडिया गठबंधन के साथियों से उनकी अनुमति नहीं ली, लेकिन उम्मीद है कि किसी को इस पर आपत्ति नहीं होगी। यह गारंटी हम अगले पांच वर्ष में पूरी करेंगे।'

हमारे संवैधानिक मूल्यों को तहस-नहस किया: कल्पना सोरेन 
झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता और पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा, 'आज यहां उमड़ा जन सैलाब इस बात की गवाही दे रहा है कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए जिस तरीके तानाशाह ताकतों ने अपने कदम बढ़ाएं हैं उसका अंत करने के लिए यह सभा आज आयोजित हुई है। आज भारत में बाबा साहेब के संविधान से प्राप्त जिनती गारंटियां से उसे एनडीए सरकार द्वारा खत्म किया जा रहा है। इन्होंने हमारे संवैधानिक मूल्यों को तहस-नहस किया है। आपको (जनता) अपने वोट का चुनाव सही रूप से करना होगा।'

मोदी जी प्रियंका चोपड़ा से मिलेंगे, किसानों से नहीं: तेजस्वी यादव
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, 'हम लोगों ने पहली रैली पटना में की। दूसरी मुंबई में और तीसरी दिल्ली में हो रही है। देश के कोने-कोने में जहां भी हम जा रहे हैं, वहां जनता का साथ मिल रहा है। जिस हिसाब से देश को बांटने का काम किया जा रहा है, नफरत की राजनीति की जा रही है। हम चाहते हैं कि इस लड़ाई में हमें आपका साथ मिले। जो लोग नारा लगाते हैं कि अबकी बार 400 पार, उनका मुंह है, कुछ भी बोलेंगे। लेकिन एक बात तय है कि जनता ही मालिक है।'

उन्होंने कहा कि वे (भाजपा) लोग नारा लगा रहे हैं तो ऐसा लग रहा है कि पहले से ही ईवीएम सेटिंग हो चुकी है। देश में आघोषित इमरजेंसी लागू हो चुकी है। देश में सबसे बड़ा कोई दुश्मन है तो बेरोजगारी है, महंगाई है, गरीबी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोई नौकरी नहीं दी, सब कुछ का निजीकरण कर दिया। हम लोगों ने बिहार में 17 महीने में 5 लाख नौकरी देने का काम किया। आज किसान तबाह हैं, युवा परेशान हैं लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को किसानों से मिलने का समय नहीं है। मोदी जी मिलेंगे तो प्रियंका चोपड़ा से मिलेंगे, किसानों से नहीं मिलेंगे।'

इंसान को इंसान से लड़ाया जा रहा: फारूक अब्दुल्ला
एनसी प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा, 'आज हमारा मकसद सिर्फ एक है कि हम सब संविधान को बचाएं। इंसान को इंसान से लड़ाया जा रहा है। वो सब नेता जिन्हें आज जेल में बंद कर दिया गया है। वे बाहर तभी आ पाएंगे जब आप इस आईन को पकड़ेंगे और चुनाव का समय आएगा आपको वोट देना होगा। आप उस बटन का दबाइएगा जो इस हुकूमत को हराएगा। इंडिया गठबंधन को हम सबको मिलकर मजबूत करना है।'

आप नेता से आपको घबराहट किस बात की: अखिलेश यादव
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, 'ये रामलीला मैदान ऐतिहासिक मैदान है और आज जब हम लोग यहां एकत्रित हुए हैं और एकसाथ खड़े हुए हैं तो इस मैदान से ये एलान होने वाला है कि सत्ताधारी जो दिल्ली में बैठे है वो अब ज्यादा दिन नहीं रहेंगे। आज हम दिल्ली आए हैं। सुना है दिल्ली वाले आज दिल्ली से बाहर गए हैं। दिल्ली से जो आज बाहर जा रहे हैं वो हमेशा-हमेशा के लिए बाहर जा रहे हैं। ये लोग (भाजपा) जो 400 पार का नारा दे रहे हैं, अगर आपके 400 पार हो रहे थे तो आम आदमी पार्टी के नेता से आपको घबराहट किस बात की है?'

उन्होंने कहा, 'मैं तो उस उत्तर प्रदेश से आता हूं जहां के लोगों ने भाजपा को मौका दिया और उनका स्वागत किया, लेकिन याद रहे कि उत्तर प्रदेश के लोग जो स्वागत करते हैं वो धूमधाम से विदाई भी करते हैं। आपने चुने हुए लोगों और मुख्यमंत्रियों को जेल भेज दिया। जिस लोकतंत्र के लिए दुनिया में भारत का सम्मान होता था, आज उसी भारत की दुनिया में किसी ने सबसे ज्यादा थूं-थूं करवाई है तो वो भाजपा के लोगों ने करवाई है। इनके 10 साल का कार्यकाल आप देखोगे तो ये ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है। ये 400 पार नहीं 400 हारने जा रहे हैं। ईडी, सीबीआई से डराकर सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम अगर किसी ने किया है तो वो भाजपा ने किया है।'

लोकतंत्र को बचाना हमारी जिम्मेदारी: शरद पवार
एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा, 'इस सरकार (केंद्र सरकार) ने दिल्ली के सीएम, झारखंड के सीएम को गिरफ्तार किया है और विभिन्न राज्यों के कई अन्य नेताओं को भी जेल में डाल दिया है। यह कार्रवाई लोकतंत्र और संविधान पर हमला है।इसे (लोकतंत्र) बचाना हमारी जिम्मेदारी है।'

यह मंच...: खरगे 
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'यह मंच है अनेकता में एकता, विविधता में एकता है, यह दर्शाने के लिए आज यह सभा आयोजित हुई है। 

हुकूमत वो करते हैं जिनका दिलों पर राज होता: भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, 'देश का लोकतंत्र खतरे में है। ये देश किसी के बाप की जागीर नहीं है। ये 140 करोड़ लोगों का देश है। ये (भाजपा) क्या समझते हैं, इसको भी अंदर खत्म कर दो, उसको भी अंदर कर दो, ये नेता फ्रीज कर दो, क्या आप ऐसे जीत जाएंगे? हुकूमत वो करते हैं जिनका दिलों पर राज होता है, यूं कहने पर तो मुर्गों के सिर पर ताज होता है। मैं नमस्कार करता हूं कि इन्होंने (कल्पना सोरेन और सुनीता सोरेन) इतने दुख झेले, इन्होंने क्या-क्या नहीं देखा। अरविंद केजरीवाल को तो आप (भाजपा) गिरफ्तार कर लेंगे, लेकिन आप उनकी सोच को कैसे गिरफ्तार करेंगे? अरविंद केजरीवाल कोई व्यक्ति नहीं है, अरविंद केजरीवाल सोच का नाम है।'

ये ऊर्जा लोकतंत्र को जीत दिलाएगी: सीताराम येचुरी
माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा, 'भारत की राजनीति में एक नई ऊर्जा आज पैदा हुई है जो यहां मौजूद है। ये ऊर्जा भारत के संविधान और लोकतंत्र को जीत दिलाएगी और तानाशाही की ताकतों को हरवाएगा।'

लोकतंत्र को बचाने और भाजपा को हराने के लिए...: डी. राजा
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के महासचिव डी. राजा ने कहा, 'भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी आप सभी के साथ मिलकर भारत, संविधान और लोकतंत्र को बचाने और भाजपा को हराने के लिए हमारे साझा संकल्प की घोषणा करती है। हम अपनी सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन करते हैं।'


वे कर्मकांड में उलझ गए हैं: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, 'हर साल इस मैदान में दशहरे के दिन रावण के पुतले का दहन होता है। आज जो सत्ता में हैं वे अपने आप को राम भक्त कहते हैं। मुझे लगता है कि वे कर्मकांड में उलझ गए हैं। मैं आज उन्हें याद दिलाना चाहती हूं कि वो हजारों वर्ष पुरानी गाथा क्या थी। भगवान राम जब सत्य के लिए लड़े तो उनके पास सत्ता नहीं थी, उनके पास संसाधन नहीं थे, उनके पास तो रथ भी नहीं था। संसाधन रावण के पास थे। भगवान राम के पास सत्य, आशा, आस्था , प्रेम, परोपकार, धीरज और साहस था। मैं सत्ता में बैठे हुए अपने प्रधानमंत्री मोदी को याद दिलाना चाहती हूं कि भगवान राम के जीवन का क्या संदेश था। सत्ता सदैव नहीं रहती। सत्ता आती है, जाती है, अहंकार चूर-चूर होता है।'

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed