08:53 PM, 05-Dec-2021
ब्रिटेन में प्रस्थान से पहले कोरोना टेस्ट अनिवार्य
ब्रिटेन ने देश में प्रवेश करने वाले सभी यात्रियों के लिए अनिवार्य प्रस्थान पूर्व परीक्षण फिर से शुरू कर दिया है। इसके साथ ही कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के फैलने की आशंकाओं के बीच नाइजीरिया की यात्रा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। यूके सरकार ने शनिवार को कहा कि मंगलवार से ब्रिटेन में आने वाले किसी भी व्यक्ति को पहले से बुक पोलीमरेज चेन रिएक्शन (पीसीआर) की नेगेटिव रिपोर्ट या लेटरल फ्लो टेस्ट रिपोर्ट देनी होगी, जो यात्रा शुरू होने से 48 घंटे से ज्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए। यह टीकाकरण करा चुके यात्रियों और 12 वर्ष और उससे अधिक उम्र के बच्चों पर भी लागू होगा।
08:05 PM, 05-Dec-2021
देश में अब तक 21 केस
देश में अब तक कर्नाटक, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली और राजस्थान में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के 21 मामले सामने आए हैं। राजस्थान में नौ, महाराष्ट्र में आठ, कर्नाटक में दो, गुजरात और दिल्ली में एक-एक ओमिक्रॉन संक्रमित की पहचान हुई है।
07:58 PM, 05-Dec-2021
राजस्थान में ओमिक्रॉन के नौ केस
राजस्थान में दक्षिण अफ्रीका से आए परिवार के नौ लोगों में कोरोना के नए वैरिएंट की पुष्टि हुई है। चिकित्सा सचिव वैभव गालरिया ने बताया कि विभाग ने दक्षिण अफ्रीका से आए परिवार को पहले ही आरयूएचएस में भर्ती करवा दिया था। उनके संपर्क में आए पांच अन्य लोग भी संक्रमित पाए गए हैं, इन्हे भी आरयूएचएस में एडमिट किया जा रहा है।
07:00 PM, 05-Dec-2021
महाराष्ट्र में सात और लोगों में कोरोना के नए वैरिएंट में कोरोना की पुष्टि
महाराष्ट्र में सात और लोगों में कोरोना के नए वैरिएंट में कोरोना की पुष्टि हुई है। राज्य जन स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। देश में अब तक कर्नाटक, गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली में कोरोना के ओमिक्रॉन के मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र के अलावा कर्नाटक में दो, गुजरात और दिल्ली में एक-एक ओमिक्रॉन संक्रमित की पहचान हुई है।
03:51 PM, 05-Dec-2021
तमिलनाडु: सिंगापुर से आया यात्री कोरोना संक्रमित
सिंगापुर का एक यात्री शनिवार को मदुरै हवाई अड्डे पहुंचा था। उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे आसारीपल्लम सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह अभी तक पता नहीं चल पाया है कि क्या वह ओमिक्रॉन संक्रमित है या नहीं। कन्याकुमारी जिला प्रशासन ने यह जानकारी दी।
12:42 PM, 05-Dec-2021
नागपुर में फ्लाइट से उतरे 95 यात्रियों की आरटीपीसीआर जांच कराई गई
देश में ओमिक्रॉन के खतरे के बीच नागपुर में रविवार को एयर अरेबिया की फ्लाइट से उतरे 95 यात्रियों की आरटीपीसीआर जांच कराई गई।
11:33 AM, 05-Dec-2021
दिल्ली में भी 'ओमिक्रॉन' का पहला मामला सामने आया (Omicron in delhi)
Omicron in delhi- दिल्ली में भी कोरोना के नए वैरिएंट 'ओमिक्रॉन' का पहला मामला सामने आया है। संक्रमित मरीज तंजानिया से लौटा था। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने इसकी जानकारी दी है। अब तक कोरोना पॉजिटिव पाए जाने वाले 17 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि अब देश में ओमिक्रॉन वैरिएंट के कुल पांच मामले हो गए हैं। इससे पहले कर्नाटक, गुजरात और महाराष्ट्र से मामले आ चुके हैं।
11:22 AM, 05-Dec-2021
अमेरिका आने वाले सभी यात्रियों के लिए निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य
अन्य देशों से अमेरिका आने वाले सभी यात्रियों के लिए कोरोना की निगेटिव परीक्षण रिपोर्ट ले जाना अनिवार्य कर दिया गया है। नया प्रोटोकॉल छह दिसंबर से लागू होगा। इसकी जानकारी अमेरिकी स्वास्थ्य और मानव सेवा विभाग के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र ने कहा है।
11:19 AM, 05-Dec-2021
ब्रिटेन में विमान में चढ़ने से पहले कोरोना जांच
ब्रिटेन में ओमिक्रॉन के 160 मामलों की पुष्टि होने के बाद सरकार ने नए दिशानिर्देश जारी किए हैं जिसके तहत हवाई यात्रियों को विमान में चढ़ने से पहले कोरोना जांच करवानी होगी।
10:05 AM, 05-Dec-2021
भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना के 8,895 नए मामले
भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना के 8,895 नए मामले सामने आए हैं और 2,796 मौतें हुई हैं। दरअसल, बिहार सरकार द्वारा मौत के आंकड़े सुधारने के बाद मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।