Odisha: कान्हाकुंड चट्टान को वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगी सरकार, आनंद महिंद्रा का जताया आभार
ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने कहा कि राज्य सरकार कान्हाकुंड चट्टान को वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगी। उन्होंने इस स्थल को संज्ञान में लाने के लिए आनंद महिंद्रा का भी धन्यवाद किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ओडिशा सरकार सुंदरगढ़ जिले में इब नदी पर स्थित कान्हाकुंड चट्टान को वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है। सरकार ने शनिवार को चट्टान संरचना की वास्तिवक स्थिति की पुष्टि के लिए एक टीम भेजी है। उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने इस स्थान के बारे में सरकार को सूचित किया था।
ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने कहा कि राज्य सरकार इस स्थान को वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगी। परिदा पर्यटन विभाग की प्रभारी हैं।
उपमुख्यमंत्री ने आनंद महिंद्रा का धन्यवाद किया
परिदा ने कहा, 'हम इस स्थान को हमारे संज्ञान में लाने के लिए आनंद महिंद्रा को धन्यवाद करते हैं। कभी-कभी ऐसा होता है कि राज्य सरकार ऐसे स्थानों को छोड़ देती है, जिन्हें प्रकृति प्रेमियों और अन्य लोगों द्वारा उजागर किया जाता है। हम निश्चित रूप से उस स्थान को विकसित करेंगे और कान्हाकुंड को वैश्विक पर्यटन स्थल बनाने में आनंद महिंद्रा से परामर्श करेंगे।'
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को स्थल का मौक पर सत्यापन के लिए आदेश जारी कर दिया है। वह जल्द ही पर्यटन स्थल पर पहुंचेंगे।
संबलपुर-राउरकेला से 130 किलोमीटर दूर है कान्हाकुंड
बता दें कि कान्हाकुंड इब नदी पर एक प्राकृतिक चट्टान संरचना है। संबलपुर और राउरकेला से लगभग 130 किलोमीटर दूर सुंदरगढ़ जिले में स्थित है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरपर्सन आनंद महिंद्रा ने हाल ही में प्रकृति प्रेमी आर्यांश द्वारा की गई एक री-पोस्ट के माध्यम से इस अनोखे पर्यटन स्थल के बारे में ओडिशा सरकार को सूचित किया था। उन्होंने इस जगह की तीन तस्वीरें भी साझा की थीं।
27 फरवरी को आनंद महिंद्रा ने पोस्ट कर दी जानकारी
आनंद महिंद्रा ने 27 फरवरी को एक्स पर एक पोस्ट की, जिसमें लिखा, 'इसकी तुलना ग्रैंड कैन्यन से करने की कोई जरूरत नहीं है। यह अपने आप में अनोखा है। मुझे यकीन नहीं है कि ये तस्वीरें फोटोशॉप की गई हैं, लेकिन अगर ये कुछ हद तक भी सच हैं, तो ये संरचनाएं अद्भुत हैं। उन्होंने ओडिशा टूरिज्म को टैग करते हुए पूछा- हम इसे पहले राष्ट्रीय गंतव्य और फिर वैश्विक हॉट स्पॉट बनाने के लिए क्या कर सकते हैं?'
आनंद महिंद्रा के पोस्ट पर उपमुख्यमंत्री ने दी प्रतिक्रिया
आनंद महिंद्रा के इस पोस्ट पर उपमुख्यमंत्री परिदा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'मैं आनंद जी को उनके प्रस्ताव के लिए फिर से धन्यवाद दूंगी। हम उन्हें एक पत्र लिखेंगे और उनकी मदद लेंगे और उन्हें सूचित करेंगे कि हम इस जगह को इस तरह विकसित करना चाहते हैं।'
दिल्ली के यात्री आर्यांश ने साझा कीं कान्हाकुंड की तस्वीरें
बता दें कि दिल्ली के एक यात्री आर्यांश ने एक्स पर कान्हाकुंड की तस्वीरें साझा की थीं। उन्होंने इसके 'साफ नीले पानी' और 'ग्रेनाइट बेड' का जिक्र किया था। पोस्ट में आर्यांश ने सवाल किया कि भारत के पर्यटन मानचित्र पर ऐसी अनोखी जगहें क्यों नहीं हैं।
ओडिशा पर्यटन ने दिया आर्यांश की पोस्ट का जवाब
आर्यांश की पोस्ट के जवाब में ओडिशा पर्यटन ने कहा, 'हम बुनियादी ढांचे को बढ़ाने, टिकाऊ पर्यटन अनुभव बनाने, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसे अनोखे स्थलों को बढ़ावा देने पर काम कर रहे हैं।'
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.