News Updates: मणिपुर में सुरक्षा बलों ने जब्त किए छह रॉकेट, 4.8 हेक्टेयर में अवैध पोस्त की खेती नष्ट
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में सुरक्षा बलों ने छह रॉकेट जब्त किए। पुलिस ने बताया कि हेंगलेप पुलिस थाना क्षेत्र में लोइलमकोट और नालोन क्षेत्र से सुरक्षा बलों ने मंगलवार को छह रॉकेट, एक लांचर, एक देशी मोर्टार, एक-एक 7.62 एमएम स्नाइपर राउंड और स्नाइपर मैगजीन तथा अन्य सामान जब्त किया। वहीं प्रतिबंधित केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के दो कार्यकर्ताओं को मंगलवार को इंफाल पूर्वी जिले के मोरोक इनखोल गांव से गिरफ्तार किया गया। वे इंफाल के विभिन्न इलाकों में आम जनता, सरकारी अधिकारियों और दुकानों से जबरन वसूली में शामिल थे। उन्होंने बताया कि दोनों के पास से एक 9 एमएम पिस्टल, मैगजीन और सात 9 एमएम की जिंदा गोलियां जब्त की गई हैं।
पुलिस ने नष्ट की अवैध पोस्त की खेती
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने बुधवार को कहा कि सेनापति जिले में 4.8 हेक्टेयर अवैध पोस्ते की खेती को नष्ट कर दिया गया। एक्स पर एक पोस्ट में सीएम सिंह ने लिखा कि ड्रग्स के खिलाफ हमारे युद्ध में एक महत्वपूर्ण सफलता में सेनापति पुलिस, वन विभाग और जिला प्रशासन ने सेनापति के कांगजांग हिल्स में 4.8 हेक्टेयर अवैध पोस्त की खेती को नष्ट कर दिया है। उन्होंने अभियान के लिए टीमों की सराहना भी की। सीएम ने कहा कि मैं टीम के समर्पण और प्रयासों की सराहना करता हूं। नशीली दवाओं के खिलाफ लड़ाई सिर्फ एक कानून प्रवर्तन प्रयास नहीं है, बल्कि एक सामूहिक जिम्मेदारी है। मैं सभी नागरिकों से नशा मुक्त, स्वस्थ और अधिक समृद्ध मणिपुर के निर्माण में हमारे साथ खड़े होने का आग्रह करता हूं।
शुक्रवार से संसद का बजट सत्र, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों को करेंगी संबोधित
संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू हो रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार सुबह 11 बजे लोकसभा में संसद के दोनों सदनों को संबोधित करेंगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शनिवार को लोकसभा में आम बजट पेश करेंगी। बजट सत्र का पहला चरण 31 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा। दूसरा चरण 10 मार्च से चार अप्रैल तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया, 30 जनवरी को सर्वदलीय बैठक होगी।
भारत में 55.1% ट्रक ड्राइवरों की दृष्टि खराब
भारत में लगभग 55.1 प्रतिशत ट्रक ड्राइवरों की दृष्टि खराब है, जबकि 53.3 प्रतिशत को दूर दृष्टि सुधार और 46.7 प्रतिशत को निकट दृष्टि उपचार की जरूरत है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली की ताजा रिपोर्ट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 53.3 प्रतिशत ट्रक ड्राइवरों की दृष्टि खराब है, जो सड़क सुरक्षा के लिए एक गंभीर चुनौती बन गई है। इसके अलावा ड्राइवरों में मोटापा, उच्च रक्तचाप और बढ़ा हुआ ब्लड शुगर लेवल जैसी स्वास्थ्य समस्याएं भी पाई गई हैं।
आईपीएस आर प्रकाश और विद्युत विकास सीबीआई में डीआईजी नियुक्त
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आर प्रकाश और विद्युत विकास को सीबीआई में डीआईजी नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी बयान में इसकी जानकारी दी गई।
मंत्रालय के मुताबिक, 2008 बैच के ओडिशा कैडर के आईपीएस अधिकारी आर प्रकाश का सीबीआई में बतौर डीआईजी पांच साल का कार्यकाल होगा। जबकि, आईपीएस विद्युत विकास पहले से सीबीआई में बतौर एसपी कार्यरत हैं, जिन्हें अब डीआईजी बनाया गया है। सीबीआई की डीआईजी नीतू कमल और अभिनव खरे का कार्यकाल दो साल बढ़ाया गया है।