फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 15 February North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: राहुल गांधी से मिले सीएम रेवंत रेड्डी, जातिगत सर्वेक्षण पर की चर्चा; मणिपुर में नौ उग्रवादी गिरफ्तार

Sat, 15 Feb 2025 04:52 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिव शुक्ला Updated Sat, 15 Feb 2025 04:52 AM IST
विज्ञापन
News Updates 15 February North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

विज्ञापन

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और उनसे राज्य में जातिगत सर्वेक्षण के बारे में बात की। एक आधिकारिक सूत्र ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गांधी के साथ राज्य में जातिगत सर्वेक्षण पर एक घंटे तक चर्चा की। सर्वेक्षण के मुख्य बिंदुओं पर 4 फरवरी को तेलंगाना विधानसभा में चर्चा की गई थी। बता दें कि, सीएम रेवंत रेड्डी ने केंद्र से राष्ट्रीय स्तर पर सर्वेक्षण का अनुकरण करने का आग्रह किया था। वहीं राहुल गांधी से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री हैदराबाद के लिए रवाना हो गए।

मणिपुर में सुरक्षाबलों ने नौ उग्रवादियों को किया गिरफ्तार
मणिपुर में एक बार फिर सुरक्षा बलों का एक्शन देखने को मिला। जहां सुरक्षा बलों ने इंफाल में नौ उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस ने बताया कि ये उग्रवादी विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हुए थे। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को थौबल जिले के चिंगडोमपोक इलाके से चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जो कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (नोयोन) से संबंधित थे और अपहरण और जबरन वसूली में शामिल थे। इसी दिन इंफाल ईस्ट जिले के खाबेइसोई इलाके से जबरन वसूली में शामिल चार सक्रिय उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया, जो केसीपी (पीडब्ल्यूजी) संगठन से थे।

विज्ञापन

शुक्रवार को भी हुई थी गिरफ्तारी
इसके अलावा, शुक्रवार को पुलिस ने इंफाल ईस्ट जिले के नुंगोई अवांग लेईकाई इलाके से यूएनएलएफ (पंबेई) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया, जिसके पास से एक .32 पिस्तौल भी जब्त की गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी शहर में जबरन वसूली और हथियारों का परिवहन करने में शामिल थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

महाकुंभ के लिए 15, 16 व 17 को चलेगी विशेष वंदे भारत ट्रेन 
उत्तर रेलवे ने महाकुंभ में सप्ताहांत की भीड़ को देखते हुए तीन दिन 15, 16 और 17 फरवरी को विशेष वंदे भारत ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेन नई दिल्ली से बरास्ता प्रयागराज वाराणसी तक जाएगी।


उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि वंदे भारत विशेष ट्रेन 02252/02251 नई दिल्ली से सुबह 5:30 बजे चलकर दोपहर 12 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। उसके आगे यह वाराणसी दोपहर बाद 14:20 बजे पहुंचेगी। वापसी में उसी दिन वह ट्रेन वाराणसी से शाम 3:15 बजे चलेगी और शाम साढ़े पांच बजे प्रयागराज पहुंचेगी। ट्रेन रात 11:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में सप्ताहांत में भीड़ को देखते हुए निर्णय लिया गया है।

पीएम उत्कृष्टता पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी
केंद्र ने लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 21 फरवरी तक बढ़ा दी है। शुक्रवार को कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि आवेदकों की ओर से अपलोड किए जाने वाले डाटा की आवश्यकता और विभिन्न संगठनों से प्राप्त अनुरोधों पर विचार करते हुए, 2024 के लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार के अंतर्गत वेब-पोर्टल (www.pmawards.gov.in) पर पंजीकरण और ऑनलाइन नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 14 फरवरी से बढ़ाकर 21 फरवरी (2359 बजे) कर दी गई है।

केंद्र और राज्य सरकारों के जिलों और संगठनों की ओर से जन कल्याण के लिए किए गए असाधारण और अभिनव कार्यों को मान्यता देने के लिए इस पुरस्कार की स्थापना की गई है। यह पुरस्कार 21 अप्रैल को सिविल सेवा दिवस के अवसर पर दिए जाते हैं।

भागवत की रैली को अनुमति, बंगाल सरकार की आपत्ति खारिज
कोलकाता। कलकत्ता हाईकोर्ट ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के बर्धमान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को रैली की अनुमति दे दी है। यहां आगामी रविवार को आरएसएस की रैली होने वाली है, लेकिन पश्चिम बंगाल पुलिस ने यह कहते हुए इजाजत देने से इन्कार कर दिया था कि माध्यमिक परीक्षा जारी हैं। इस दौरान लाउडस्पीकर के इस्तेमाल से परीक्षार्थियों को परेशानी होगी। इसके बाद रैली आयोजकों ने कोर्ट का रुख किया था।

 न्यायाधीश अमृता सिन्हा की बेंच ने रैली की सशर्त अनुमति देते हुए कहा कि आयोजक उपस्थित भीड़ की संख्या के साथ-साथ लाउडस्पीकरों की आवाज पर भी नजर रखेंगे। न्यायाधीश ने कहा, आरएसएस की रैली रविवार को होनी है और कार्यक्रम सिर्फ 1 घंटा 15 मिनट का होगा, इसलिए कोर्ट को नहीं लगता है कि इससे किसी को असुविधा होगी।

कोर्ट ने रैली को शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करने और आवाज कम रखने का आदेश दिया। यहां रैली के बाद मोहन भागवत क्षेत्रीय आरएसएस नेताओं, स्थानीय कार्यकर्ताओं और बर्धमान व आसपास के क्षेत्रों के प्रमुख लोगों से भी मिलेंगे। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पिछले दस फरवरी से बंगाल प्रवास पर हैं।

आयरिश-ब्रिटिश महिला से दुष्कर्म व हत्या मामले में भगत दोषी करार
गोवा में आयरिश-ब्रिटिश महिला के साथ दुष्कर्म और बर्बरता से हत्या मामले के लगभग 8 साल बाद मारगाव स्थित जिला और सत्र न्यायालय ने शुक्रवार को स्थानीय निवासी विकट भगत (31) को दोषी करार दिया। सजा पर फैसला 17 फरवरी को सुनाया जाएगा। अभियोजन पक्ष ने दोषी को कड़ी सजा की मांग की है। महिला के परिवार ने एक बयान में उनको न्याय दिलाने के प्रयासों के लिए सभी का आभार प्रकट किया। न्यायाधीश क्षमा जोशी ने भगत को दोनों अपराधों के लिए दोषी ठहराया। फैसले के गवाह के रूप में पीड़िता की मां गोवा में मौजूद थीं।

पीड़िता की मां की ओर से पेश वकील विक्रम वर्मा ने बताया कि ऐसे मामलों में अधिकतम मौत की सजा हो सकती है। महिला का शव 14 मार्च, 2017 को दक्षिण गोवा जिले के कनाकोना गांव के एक जंगली इलाके में मिला था। ब्रिटेन के उच्चायोग ने एक बयान में कहा, हमारे संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। हम परिवार को अपना हर जरूरी सहयोग देना जारी रखेंगे। सिर पर पत्थर पटक कर की थी हत्या ः गोवा पुलिस की ओर से दायर चार्जशीट के अनुसार, महिला उत्तर-पश्चिमी आयरलैंड के डोनेगल की रहने वाली थीं। वह मार्च 2017 में गोवा में पर्यटक के रूप में आई थी। भगत ने उनसे दोस्ती की और उसके साथ एक शाम बिताने के बाद उसकी हत्या कर दी।  

ममता सरकार महिलाओं के खिलाफ अत्याचार रोकने में विफल- भाजपा
भाजपा नेता अमित मालवीय ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर महिलाओं के खिलाफ हमलों और अत्याचारों को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया, उन्होंने संदेशखली और आरजी कर अस्पताल की घटनाओं का उदाहरण दिया। जब पत्रकारों ने उनसे राज्य सरकार की तरफ से 2025-26 के बजट में महिलाओं के लिए अपनी प्रमुख 'लक्ष्मी भंडार' वित्तीय सहायता योजना के तहत मासिक राशि में बढ़ोतरी नहीं करने के बारे में पूछा, तो भाजपा आईटी सेल प्रमुख ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया।

इसके बजाय, उन्होंने अपना हमला 'टीएमसी सरकार के इस तरह की परियोजनाओं के माध्यम से महिलाओं के मुद्दों का समर्थन करने के दावे और राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार करने वालों को सहायता और बढ़ावा देने' के बीच के द्वंद्व पर केंद्रित किया। आसनसोल में अमित मालवीय ने कहा, 'जबकि मुख्यमंत्री महिलाओं को हर महीने मिलने वाली अपनी सरकार की मदद के बारे में सार्वजनिक रूप से शेखी बघारती हैं और उनके कल्याण के लिए चिंतित होने का दावा करती हैं, लेकिन जब संदेशखाली में यौन शोषण जैसी भयावह घटनाएं सामने आती हैं, तो वे दूसरी तरफ देखती हैं। इसके बजाय, वे और उनकी पार्टी शाहजहां शेख जैसे अपराधियों को बचाने में जुट जाती हैं।'

प्रश्नपत्रों की कमी के कारण रांची केंद्र पर सीबीएसई परीक्षा में देरी
कुछ अभिभावकों के अनुसार, कथित तौर पर 'प्रश्नपत्रों की कमी' के कारण रांची केंद्र पर सीबीएसई बोर्ड परीक्षा अपने निर्धारित समय से एक घंटे देरी से शुरू हुई। हालांकि, केंद्र प्रमुख ने कहा कि देरी तकनीकी समस्याओं के कारण हुई, जिसे सीबीएसई ने समय रहते सुलझा लिया और छात्रों को अतिरिक्त समय दिया गया। केंद्र पर परीक्षा देने के लिए करीब 500 छात्र पंजीकृत हैं।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10 और 12 की परीक्षाएं शनिवार को झारखंड में शुरू हुईं। एक अधिकारी ने बताया कि परीक्षा देने के लिए रांची और खूंटी क्षेत्र के 31,000 से अधिक छात्र नामांकित हैं। शनिवार को कक्षा 10 की परीक्षा अंग्रेजी (संचार) और अंग्रेजी (भाषा और साहित्य) के पेपर के साथ शुरू हुई। परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे शुरू होकर दोपहर 1:30 बजे समाप्त होनी थीं। एक अभिभावक ने दावा किया, 'केंद्र पर कुछ छात्रों के लिए प्रश्नपत्रों की कमी के कारण परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी।'

आयुष्मान योजना में कैंसर मरीजों के इलाज पर खर्च हुए 13,160 करोड़: नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को कहा कि आयुष्मान योजना के तहत अब तक कैंसर से संबंधित पैकेजों के लिए देश के तमाम अस्पतालों में भर्ती मरीजों को 13,160.75 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई है। लैंसेट के एक शोध का हवाला देते हुए नड्डा ने कहा, आयुष्मान योजना के कारण समय पर कैंसर उपचार शुरू करने की प्रक्रिया में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। केंद्र की योजना के तहत मरीजों में 30 दिनों के भीतर कैंसर उपचार तक पहुंच में 90 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।

हरियाणा के झज्जर में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, देशभर में 217 अमृत फार्मेसी के जरिये कैंसर समेत दूसरी बीमारियों की करीब 5,200 दवाइयां कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। 289 ऑन्कोलॉजी दवाएं बाजार से 50 फीसदी कम मूल्य पर बेची जा रही हैं। इससे मरीजों को करीब 6,567 करोड़ रुपये की बचत हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed