फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 13th August North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: महाराष्ट्र में छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार; तेलंगाना में मोर करी की रेसिपी, यूट्यूबर पर केस

Tue, 13 Aug 2024 10:46 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Tue, 13 Aug 2024 10:46 PM IST
सार

महाराष्ट्र में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। उधर तेलंगाना में मोर करी की रेसिपी बताने वाले यू-ट्यूबर पर मामला दर्ज किया गया है। पढ़ें देश की बड़ी खबरें।

विज्ञापन
News Updates 13th August North East West South India Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

 

विज्ञापन

महाराष्ट्र में पुलिस ने एक शिक्षक को 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पालघर जिले के नालासोपारा इलाके में इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। आरापी की पहचान 30 वर्षीय अमित दुबे के रूप में की गई है। बताया गया है कि इस वर्ष मार्च से जुलाई महीने के बीच आरोपी ने नाबालिग को अपने ट्यूशन सेंटर में बुलाया। नाबालिग छात्रा ने पुलिस को बताया कि ट्यूशन सेंटर में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पालघर पुलिस स्टेशन में पॉक्सो के तहत केस दर्ज किया गया है। 

मोर करी की रेसिपी वाला वीडियो बनाने वाले यूट्यूबर पर केस दर्ज
तेलंगाना के राजन्ना सिरसिला जिले में अपने चैनल पर मोर करी रेसिपी का वीडियो अपलोड करने वाले यूट्यूबर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एक वन अधिकारी ने कहा, पशु अधिकार कार्यकर्ताओं के ऐतराज के बाद उसने वीडियो हटा दिया था, लेकिन आरोपी के खिलाफ जांच जारी है। यूट्यूबर ने अधिक व्यूज हासिल करने के लिए ऐसा किया। वन अधिकारियों की टीम ने यूट्यूबर के घर से चिकन करी बरामद की। करी के नमूने को फोरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिया गया।
विज्ञापन


ओडिशा के जाजपुर जिले में दो महिलाओं को बंधान बनाया गया
ओडिशा के जाजपुर जिले के एक गांव के लोगों ने दो महिलाओं को बंधक बना लिया। लोगों को संदेह था कि उनके परिवार का एक पुरुष जादू-टोना करता है। शख्स ने पुलिस की मदद से अपनी मां और पत्नी को लोगों के चंगुल से छुड़ाया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार को जाजपुर सदर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत सुनिंदा सबर साही गांव में हुई। बताया कि गांव की कई महिलाएं पिछले कुछ दिनों से अजीब व्यवहार कर रही थीं। ग्रामीणों को संदेह था कि इसके लिए गांव के ही एक व्यक्ति का काला जादू जिम्मेदार है। गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार रात को उसके घर का घेराव किया। लेकिन, वह घर पर नहीं मिला, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसकी मां और पत्नी को कमरे में बंद कर दिया। जब व्यक्ति को पता चला तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने उनके वाहन का घेराव कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लेकर दोनों महिलाओं को आजाद कराया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


झारखंड में कुत्ते ने नवजात बच्ची को नोच-नोचकर मार डाला
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोपीपुर गांव में लावारिस कुत्ते ने नवजात बच्ची को नोच-नोचकर मार डाला। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि छह माह की बच्ची को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। कुत्ते के काटने के कई जख्म के कारण बच्ची ने दम तोड़ दिया। अधिकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह की है। जब बच्ची की मां शौचालय गई हुई थी, इसी बीच कुत्ते ने बच्ची को कुछ दूर तक घसीटा और नोच डाला। 

आपदा, दुर्घटना के दृश्यों पर तिथि और समय अंकित करें न्यूज चैनल
केंद्र ने सोमवार को निजी समाचार चैनलों को एक एडवाइजरी जारी कर कहा है कि वे प्राकृतिक आपदाओं और बड़ी दुर्घटनाओं की रिपोर्टिंग करते समय ऐसी घटनाओं के दृश्यों पर तारीख और समय अंकित करें। निजी समाचार चैनलों को एडवाइजरी का दृढ़ता से पालन करने को कहा गया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने तर्क दिया कि आपदा के कई दिनों बाद टीवी चैनलों पर दिखाए जाने वाले फुटेज वास्तविक समय की जमीनी स्थिति को प्रतिबिंबित नहीं करते, जिससे 'दर्शकों में भ्रम और घबराहट' पैदा होती है।

ओलंपिक खिलाड़ियों को करें एट होम के लिए आमंत्रित: गृह मंत्रालय
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने स्वतंत्रता दिवस पर राजभवनों में होने वाले ‘एट होम’(जलपान) समारोह में आमंत्रित करने के लिए महत्वपूर्ण लोगों की सूची राज्य सरकारों को सौंपी है। इसमें बलिदानी के परिजनों, ओलंपिक खिलाड़ी, मेधावी छात्रों को आमंत्रित करने को कहा है। साथ ही ‘मन की बात’ में पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से लिए गए नामों, स्वच्छाग्रही लोगों और महिला सरपंच (ग्राम प्रधान) को भी समारोह के लिए आमंत्रित करने को कहा गया है। 

भारत-श्रीलंका का मित्र शक्ति सैन्य अभ्यास शुरू
भारत और श्रीलंका की सेनाओं के बीच सोमवार को द्वीपीय राष्ट्र में संयुक्त अभ्यास शुरू हुआ। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सैन्य अभ्यास के दौरान दोनों सेनाएं अपने सर्वाेत्तम तौर-तरीके रणनीति और तकनीक को साझा करेंगी। भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास मित्र शक्ति का 10वां संस्करण 25 अगस्त तक मदुरू ओया के आर्मी ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित किया जा रहा है। मंत्रालय ने कहा, संयुक्त राष्ट्र के दिश-निर्देशों के तहत पारंपरिक परिदृश्य में आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने के लिए संयुक्त सैन्य क्षमता को बढ़ाएगा। भारतीय दल में 106 कार्मिक शामिल हैं, जिसका प्रतिनिधित्व राजपुताना राइफल्स की एक बटालियन के साथ-साथ, सेना और अन्य सेवाओं के कर्मी कर रहे हैं। पड़ोसी देश के सैन्य दल का प्रतिनिधित्व श्रीलंकाई सेना की गजबा रेजिमेंट कर रही है।

भारतमाला परियोजना का पहला चरण 2027-28 तक पूरा होने की उम्मीद
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने वार्षिक रिपोर्ट में कहा है कि मोदी सरकार की प्रमुख भारतमाला परियोजना चरण-1 के 2027-28 तक पूरा होने की उम्मीद है। इस परियोजना का खर्च तय लागत से आगे निकल चुका है। मंत्रालय ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट 2023-24 में कहा कि भारतमाला परियोजना के लिए संशोधित वित्तीय प्रस्ताव अनुमोदन के लिए प्रक्रिया में है। भारतमाला परियोजना के प्रथम चरण में 31 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों और 550 से अधिक जिलों में राजमार्ग की कुल 34,800 किलोमीटर लंबाई शामिल है।

कोच्चि में रह रही यहूदी समुदाय की आखिरी महिला का निधन
कोच्चि में यहूदी समुदाय की आखिरी महिला का मट्टनचेरी में उनके घर पर रविवार को निधन हो गया। क्वीनी हालेगुआ (89) उम्र से जुड़ीं बीमारियों से जूझ रही थीं। कोच्चि के परदेसी सिनेगॉग के ट्रस्टी एम सी प्रवीण के मुताबिक, हालेगुआ के लिए सात दिन का शोक मनाया जाएगा और 11 महीने बाद उनकी याद में एक मकबरा बनाया जाएगा। उनकी मौत के बाद अब उनके भतीजे कीथ हालेगुआ (65) कोच्चि में यहूदी समुदाय के इकलौते सदस्य हैं। 

ओडिशा: कर्ज चुकाने में असफल युवक ने की आत्महत्या
मोबाइल गेम में लाखों रुपये का नुकसान झेलने के बाद लोगों से लिया गया कर्ज चुकाने में नाकाम रहने पर 22 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान श्रीनिवास नायक उर्फ लिंकन के रूप में हुई है, जो कडुबनी गांव के ब्रजबंधु नायक का इकलौता बेटा था।

एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार कहा कि घटना रविवार रात कालियापानी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के तहत कडुबनी गांव में हुई। उन्होंने कहा कि वह ऑनलाइन गेम खेलता था और उसे एक लाख रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ था। अपने शयनकक्ष में जाने से पहले लिंकन ने अपने परिवार के साथ रात्रि भोजन किया। सुबह जब वह नहीं उठा तो चिंतित परिवार के सदस्यों ने उसका दरवाजा खटखटाया। फिर परिवार ने उसके कमरे का दरवाजा तोड़ा और उसका शव छत से लटका हुआ पाया।

बीजद ने आंध्र की पोलावरम परियोजना के प्रभाव पर जताई चिंता
ओडिशा में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने आंध्र प्रदेश की पोलावरम परियोजना के प्रभाव पर चिंता व्यक्त की। कहा कि केंद्र द्वारा इसके लिए हालिया बजटीय आवंटन और फरवरी 2026 तक इसे पूरा करने की प्रतिबद्धता ने मल्कानगिरी जिले के आदिवासी लोगों के बीच डर पैदा कर दिया है।

पूर्व मंत्री अतनु एस नायक की अध्यक्षता वाली बीजद 'तथ्य-खोज' टीम ने जिले के मोटू और पाडिया तहसीलों का दौरा करने के बाद पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक को इसकी जानकारी दी। टीम ने जिले पर परियोजना के संभावित प्रभाव का आकलन किया। टीम ने पटनायक को अपनी रिपोर्ट में कहा कि स्थानीय समुदायों में इस परियोजना को लेकर भारी चिंताएं और शिकायतें हैं। मोटू और पोडिया ब्लॉक के निवासियों को परियोजना के कारण होने वाले संभावित जलमग्न के चलते अपने जीवन, आजीविका और सांस्कृतिक विरासत के लिए गंभीर खतरे का सामना करना पड़ रहा है।

आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले के पोलावरम मंडलम में गोदावरी नदी पर विकसित की जा रही पोलावरम परियोजना का उद्देश्य 4.3 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि की सिंचाई करना और 960 मेगावाट जल विद्युत उत्पादन के साथ-साथ 611 गांव में लगभग 30 लाख लोगों को पीने के पानी की आपूर्ति करना है। यह 80 टीएमसी पानी को कृष्णा नदी बेसिन की ओर मोड़ देगा।

गगनयान मिशन से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों को दूर करना आवश्यक: राकेश शर्मा 
पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री और रिटायर्ड विंग कमांडर राकेश शर्मा ने इसरो की महत्वाकांक्षी परियोजना गगनयान को पुरानी यादों को ताजा करने वाला करार दिया। उन्होंने कहा, पुरानी यादों को फिर से जीने का मौका मिल रहा है। अंतरिक्ष यात्रियों की वर्तमान पीढ़ी बिल्कुल अलग माहौल में तैयारियां कर रही है। दशकों पहले अंतरिक्ष मिशन की तैयारियों पर शर्मा ने कहा, 'हमारे दौर में रूस में अलग भाषा, टाइम जोन और वातावरण में प्रशिक्षण दिया गया। हमने सीखा कि अंतरिक्ष में कैसे जीवित रहना है।' उन्होंने कहा कि अगला मील का पत्थर तब स्थापित होगा जब इंसान चंद्रमा पर जाएंगे। हालांकि पृथ्वी से बिल्कुल अलग वातावरण में तालमेल बिठाना चुनौतीपूर्ण होगा। धरती पर वैसा ही वातावरण बनाने में कई चुनौतियां सामने आएंगी। गगनयान मिशन से जुड़ी बहुत सारी तकनीकी चुनौतियां हैं जिन्हें दूर करना होगा।
 

ऑटोरिक्शा के किराए को लेकर हुआ विवाद एक शख्स पर पड़ा भारी 
महाराष्ट्र के गोंडा जिले के 29 वर्षीय आरोपी सैफ जाहिद अली को मुंबई क्राइम ब्रांच ने हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने बताया कि कुर्ला इलाके में ऑटोरिक्शा का किराया देने को लेकर हुए विवाद के कारण 28 वर्षीय छक्कन अली की उसके दोस्त ने हत्या कर दी थी। ये दोनों गोंडा जिले के रहने वाले थे। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 5 ने आरोपी को कल्याण रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है और उसे कुर्ला पुलिस स्टेशन को सौंप दिया है। 

मुंबई एयरपोर्ट से बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार
सहार पुलिस ने बताया कि मुंबई एयरपोर्ट से मोहम्मद उस्मान केरामत अली बिस्वास नाम के बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी दस्तावेजों के साथ दुबई जा रहा था। वह 2012 से भारत में रह रहा है। 

एनआईए की केरल में बड़ी कार्रवाई

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) केरल में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एनआईए ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन, सीपीआई (माओवादी) के पूर्व केंद्रीय समिति सदस्य कोनाथ मुरलीधरन के ठिकाने पर छापेमारी की है। इस छापेमारी में कई आपत्तिजनक डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इससे पहले एनआईए ने केरल के अर्नाकुलम में माओवादी संजय दीपक राव के ठिकाने पर भी छापा मारा था। 

ओडिशा में सेवानिवृत्त इंजीनियर गिरफ्तार

ओडिशा में सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने मंगलवार को एक सेवानिवृत्त इंजीनियर मिश्रा को गिरफ्तार किया। आपको बता दें कि एक दिन पहले ही मिश्रा पास करोड़ों रुपये की संपत्ति होने का पता चला था। मिश्रा पीडब्ल्यूडी के सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं। उनके पास भुवनेश्वर और झारसुगुडा में 10 बेशकीमती फ्लैट हैं। इसके साथ ही उनके पास सात कीमती जमीनें, 2.55 किलोग्राम सोना और 370 ग्राम हीरे होने की भी जानकारी मिली है। 

महाराष्ट्र: सड़क पर खड़े ट्रक से टकराई कार, चार युवकों की मौत

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक कार सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह हादसा गढ़चंदूर-चंद्रपुर सड़क पर सोमवार रात को हुआ। बताया गया है कि जिवती तहसील से पांच युवक अपने गांव की ओर लौट रहे थे। इस बीच कार के चालक ने सड़क पर खड़े ट्रक को नहीं देखा। ट्रक खराब हो गया था और उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। मृतकों की पहचान सूरज गह्व्ले, सुनील काजगिर, आकाश पेंदिर और श्रेयस पाटिल के रूप में हुई है। एक अन्य युवक अजय गायकवाड़ की हालत बेहद गंभीर है। 

कर्नाटक के राज्यपाल ने इसरो प्रमुख को सम्मानित किया

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने मंगलवार को राजभवन में इसरो के प्रमुख एस. सोमनाथ को मानद डॉक्टरेट उपाधि से सम्मानित किया। इसरो प्रमुख को यह उपाधि विस्वेस्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (वीटीयू) और धारवाड की यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज की तरफ से प्रदान की गई है। राज्यपाल ने इस दौरान इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ  अंतरिक्ष क्षेत्र में दिए गए योगदान की प्रशंसा की। 

लालू, तेजस्वी के खिलाफ आरोप पत्र पर 17 अगस्त को विचार करेगी अदालत

दिल्ली की एक अदालत 17 अगस्त को यह फैसला कर सकती है कि भूमि के बदले नौकरी से संबंधित कथित घोटाले में पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद, उनके बेटे तेजस्वी यादव और आठ अन्य के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दायर पूरक आरोपपत्र पर संज्ञान लिया जाए या नहीं। विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने यह देखते हुए मामले को अगली तारीख के लिए स्थगित कर दिया कि दस्तावेज बहुत अधिक हैं। ईडी द्वारा छह अगस्त को पूरक आरोप-पत्र दाखिल किया गया था। ईडी का मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी पर आधारित है।

गुजरात के सूरत में 1.5 करोड़ रुपये की चरस बरामद

पुलिस ने मंगलवार को गुजरात के सूरत शहर के हजीरा गांव के पास समुद्र तट पर चरस के तीन पैकेट बरामद किए। इन पैकेटों की कीमत 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने बताया कि प्रत्येक पैकेट में एक किलोग्राम चरस थी। बताया गया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक किलोग्राम चरस की कीमत 50 लाख रुपये है। आपको बता दें कि इससे पहले गुजरात के वलसाड जिले के उधवाड़ा गांव के तट पर चरस के 10 पैकेट बरामद किए गए थे। अब पुलिस ने 1.5 करोड़ रुपये की चरस बरामद की है।

ओडिशा सरकार ने भांग को नशीला पदार्थ घोषित किया

ओडिशा सरकार ने 'भांग' को एक नशीला पदार्थ घोषित कर दिया है। रा्ज्य के उत्पाद शुल्क विभाग ने बताया कि भांग (केनाबिस सतीवा) की पत्तियों या छोटी डंठलों का धूम्रपान किया जाता है। इसके अलावा इसे चबाया और खाया जाता है। इसका अर्क पीने के लिए उपयोग किया जाता है। इसका उपयोग करने से अति-आत्ममुग्धता, उत्तेजना, शत्रुता, भ्रम, मतिभ्रम और सोच में गड़बड़ी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
 

ओडिशा में डॉक्टर पर दो महिला मरीजों के यौन उत्पीड़न का आरोप

ओडिशा के कटक में एक डॉक्टर पर दो मरीजों के यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने कहा कि इस मामले में 11 अगस्त को मंगलबाग पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज की गई। शिकायत में बताया गया कि एक महिला कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर डॉ. दिलबाग सिंह ठाकुर के पास जांच कराने गई थी। वहां एक मरीज पहले से मौजूद थी। आगे बताया गया है कि मानकों के अनुसार जांच के समय एक महिला सहायक की मौजूदगी जरूरी थी, जो उस दिन नहीं थी। डॉक्टर ने दोनों मरीजों का परीक्षण किया और जांच के दौरान दोनों मरीजों का यौन उत्पीड़न किया। पुलिस का कहना है कि डॉक्टर के खिलाफ मामले दर्ज कर लिए गए हैं और जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed