No Confidence Motion: NDA का सहयोगी बना विरोधी! विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेगा मिजो नेशनल फ्रंट
लालरोसांगा ने गुरुवार को कहा कि सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेगा।
विस्तार
मिजोरम में नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस (एनईडीए) का सहयोगी सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेगा। यह जानकारी लोकसभा सांसद सी लालरोसांगा ने दी है।
केंद्र की विफलता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव
लालरोसांगा ने गुरुवार को कहा कि सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेगा। उन्होंने कहा कि वह मणिपुर सरकार और पड़ोसी राज्य में जातीय हिंसा से निपटने में केंद्र की विफलता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करेंगे।
यह भी पढ़ें- No Confidence Motion: पांच साल में दूसरी बार मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, जानें इसके बारे में सबकुछ
भड़की हिंसा की स्थिति को संभालने में असफल रही
उन्होंने कहा कि मैं विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करूंगा। ऐसा इसलिए नहीं है कि मैं कांग्रेस का समर्थन करता हूं या भाजपा के खिलाफ जाना चाहता हूं। बल्कि मणिपुर में भड़की हिंसा की स्थिति को संभालने में असफल रही सरकार खासतौर से राज्य सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज कराने के लिए समर्थन करूंगा।
बैठक में लिया गया फैसला
सांसद लालरोसांगा ने कहा कि मिजो नेशनल फ्रंट संघर्षग्रस्त मणिपुर में जो जातीय लोगों की स्थिति से बहुत आहत है। इस बारे में पार्टी अध्यक्ष जोरमथांगा, मिजोरम के मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं के साथ चर्चा की गई और अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने का फैसला लिया गया। वहीं, एमएनएफ के राज्यसभा सांसद के वनलालवेना, जो हमेशा से ही मणिपुर मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए आ रहे हैं, ने कहा वह स्थिति से निपटने के सरकार के तरीके के खिलाफ संसद में अपनी आवाज उठाना जारी रखेंगे।