फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 22 Aug Bengaluru Suicide ED Raids 100 bank account North East West South Politics Crime News

Updates: हैदराबाद में निर्माणाधीन इमारत गिरी, दो की मौत; तमिलनाडु में नवजातों को मिलेंगी सोने की अंगूठियां

Sat, 22 Aug 2026 07:45 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 22 Aug 2026 07:45 PM IST
विज्ञापन
National Updates 22 Aug Bengaluru Suicide ED Raids 100 bank account North East West South Politics Crime News
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

ओडिशा के अंगुल जिले में स्थित एनटीपीसी के थर्मल पावर प्लांट में शनिवार तड़के एक विस्फोट की घटना में कम से कम पांच मजदूर घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना शनिवार तड़के लगभग 12:30 बजे हुई। घायलों में पांच संविदा मजदूर शामिल हैं। विस्फोट के बाद, तीन घायलों को एनटीपीसी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए भुवनेश्वर ले जाया गया है।

विज्ञापन


विस्फोट के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। एनटीपीसी पुलिस स्टेशन के निरीक्षक प्रभारी संयुक्ता खिल्लार ने बताया कि एक हल्के विस्फोट में पांच मजदूर घायल हुए, जिन्हें तत्काल एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि तीन मजदूर स्थिर अवस्था में हैं।

विज्ञापन

बंगलूरू में आईआईएस के छात्र ने की खुदकुशी
देश के प्रतिष्ठित संस्थान इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (आईआईएस) के इंजीनियरिंग एक छात्र ने कैंपस में स्थित अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। 22 वर्षीय गोपाल नामक छात्र पश्चिम बंगाल का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि यह मामला बृहस्पतिवार सुबह सामने आया जब हॉस्टल में रहने वाले उसके साथी उसके कमरे में गए। छात्र छत के पंखे से लटका हुआ मिला। मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने यह कदम उठाने के लिए निजी कारणों का जिक्र किया है। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है।

ऑनलाइन गेमिंग फ्राड में 100 बैंक खाते फ्रीज, 30 लाख जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी में धांधली कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत केंद्रीय एजेंसी ने 100 से अधिक बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है और 30.30 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। यह कार्रवाई 18 अगस्त को नागपुर, गोंदिया और अहमदाबाद में 12 ठिकानों पर की गई छापेमारी के बाद सामने आई है। जांच के दौरान जांच एजेंसी ने लगभग 5 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड व शेयर फ्रीज किए, दो बैंक लॉकर सील किए और 1.70 करोड़ रुपये मूल्य की तीन लग्जरी गाड़ियां जब्त कीं। इसके अलावा 16.50 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से जुड़े अहम दस्तावेज, 11 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप भी बरामद किया गया है। इस संबंध में नागपुर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में पीड़ित से 58.42 करोड़ रुपये ठग लिए गए थे।

असम-मेघालय सीमा पर तनाव: पेट्रोल बमों से हमले और वाहनों में तोड़फोड़
शिलॉन्ग में छात्रों की बाइक रैली के दौरान हुई हिंसा के बाद मेघालय में शुक्रवार को सरकारी संपत्तियों और वाहनों को निशाना बनाकर पेट्रोल बम हमले और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। इसके अलावा असम के गुवाहाटी में कैब चालकों की ओर से सड़क जाम किए जाने से दोनों राज्यों के बीच यातायात ठप हो गया है। इस बीच असम के मंत्री अतुल बोरा ने स्थिति सामान्य करने के लिए मेघालय के उपमुख्यमंत्री एस. धर से चर्चा की है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने पांच कंपनियां केंद्रीय बल तैनात किए हैं। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री शांति बहाली के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
विज्ञापन

ओडिशा में तंत्र-मंत्र के शक में हत्या, पूजा कक्ष से मिला सिर

ओडिशा के बोलांगिर जिले में तंत्र-मंत्र से जुड़ी आशंका के बीच एक व्यक्ति पर पड़ोसी गांव के निवासी की हत्या कर उसका सिर घर के पूजा कक्ष में दफनाने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर अपनी अलग रह रही पत्नी को वापस पाने के लिए यह वारदात की। तेबड़ामुंडा निवासी 45 वर्षीय संतोष खरसैल 18 अगस्त से लापता था। उसका सिर कटा शव बगड़ा गांव के एक तालाब से बरामद हुआ। जांच में उसका आखिरी बार शत्रुघ्न साहू के साथ देखा जाना सामने आया। पूछताछ में साहू ने हत्या की बात कबूल की। पहले उसने शराब के नशे में विवाद को वजह बताया, लेकिन बाद में पत्नी को वापस पाने के प्रयास की बात कही। पुलिस ने आरोपी के घर के पूजा कक्ष से सिर बरामद किया और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया। मामले में जांच जारी है।

विज्ञापन

ASI ने तेलंगाना के गोलकुंडा किले पर दी दिलचस्प जानकारी
हैदराबाद के ऐतिहासिक गोलकुंडा किले में हाल में मिला ढांचा सुरंग नहीं, बल्कि ग्रेनाइट पत्थरों से बना एक छोटा आयताकार कक्ष है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की जांच में यह स्पष्ट हुआ। कक्ष की लंबाई 1.2 मीटर, चौड़ाई 1.8 मीटर और गहराई 2.2 मीटर है। यहां मध्यकालीन प्रतीत होने वाले लाल रंग के मिट्टी के बर्तनों के टुकड़े भी मिले हैं। हालांकि कक्ष का वास्तविक उपयोग अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। विस्तृत जांच के बाद इसके उद्देश्य और आसपास ऐसे अन्य ढांचों की मौजूदगी का पता लगाया जाएगा। ASI ने सेना के आर्टिलरी सेंटर को फिलहाल भूमि समतलीकरण रोकने को कहा है।

गच्चीबोवली में निर्माणाधीन इमारत ढही, दो की मौत
तेलंगाना के गच्चीबोवली में शनिवार को एक बहुमंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस के मुताबिक, मलबा हटाने के दौरान दो शव बरामद किए गए। बचाव अभियान में शामिल दमकल अधिकारी ने बताया कि मलबे को हटाने का काम जारी है। पास की इमारत में मौजूद एक व्यक्ति भी हादसे में घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति मलबे के नीचे तो नहीं फंसा है।

कोच्चि की उड़ानें प्रभावित होने पर CIAL ने SpiceJet को घेरा
कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (CIAL) ने शनिवार को SpiceJet पर कोच्चि में खराब मौसम का हवाला देकर उड़ानों में व्यवधान के बारे में गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया। एयरपोर्ट ऑपरेटर ने कहा कि उस समय कोच्चि में ऐसा कोई प्रतिकूल मौसम नहीं था, जिससे उड़ानों का संचालन प्रभावित होना जरूरी हो।

SpiceJet ने सोशल मीडिया पोस्ट में यात्रियों को बताया था कि कोच्चि में खराब मौसम के कारण सभी आगमन और प्रस्थान वाली उड़ानें और उनसे जुड़ी अन्य उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। CIAL ने कहा कि SpiceJet की अंतरराष्ट्रीय सेवाओं को लेकर परिचालन संबंधी समस्याएं जारी हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी और असमंजस का सामना करना पड़ रहा है।

एयरपोर्ट ऑपरेटर के मुताबिक, इसी अवधि में कोच्चि से संचालित किसी अन्य एयरलाइन ने मौसम के कारण इस तरह की परेशानी की सूचना नहीं दी। CIAL ने कहा कि यात्रियों की शिकायतों के बावजूद एयरलाइन की ओर से समस्या का पर्याप्त समाधान नहीं किया गया और पिछले कुछ दिनों में स्थिति और बिगड़ी है।

तमिलनाडु में सरकारी अस्पतालों में जन्मे बच्चों को मिलेंगी सोने की अंगूठियां
तमिलनाडु सरकार ने सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के लिए करीब 1.28 लाख सोने की अंगूठियां उपलब्ध कराने के लिए दो आभूषण कंपनियों को वर्क ऑर्डर जारी किया है। इन अंगूठियों की अनुमानित कीमत करीब 220 करोड़ रुपये बताई गई है। यह योजना ‘मातामामा गोल्ड रिंग स्कीम’ के तहत लागू की जा रही है। इसे 15 सितंबर को द्रविड़ नेता सीएन अन्नादुरई की जयंती के अवसर पर शुरू करने की तैयारी है।

इस योजना का लाभ 22 जून से सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को मिलेगा। 22 जून तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय का जन्मदिन है। सरकार के अनुसार, शुरुआती चरण में 1,28,499 अंगूठियां उपलब्ध कराई जाएंगी। ये 22 कैरेट सोने की होंगी और इनका कुल वजन करीब 128.5 किलोग्राम होगा।

भारत सिर्फ ‘दुनिया की फार्मेसी’ नहीं, ‘दुनिया की लैब’ बने: अनुप्रिया पटेल
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि भारत को अब केवल ‘दुनिया की फार्मेसी’ बने रहने के बजाय ‘दुनिया की प्रयोगशाला’ बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने दवा खोज और स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल पर जोर दिया।

आईआईएम अहमदाबाद में आयोजित हेल्थकेयर समिट 2026 को संबोधित करते हुए पटेल ने कहा कि AI क्षेत्रीय असमानताओं को कम करने और चिकित्सा विशेषज्ञों की कमी को दूर करने में मददगार साबित हो सकता है। अनुप्रिया पटेल ने कहा कि भारत लंबे समय से दुनिया को जेनेरिक दवाएं और वैक्सीन उपलब्ध करा रहा है। अब जरूरत ऐसी दवाओं और उपचारों की खोज में आगे बढ़ने की है, जो भारत में ही विकसित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि देश की बड़ी और आनुवंशिक रूप से विविध आबादी को देखते हुए हर मरीज के लिए एक जैसा उपचार प्रभावी नहीं हो सकता। ऐसे में AI की मदद से व्यक्तिगत जरूरत के मुताबिक उपचार विकसित करने की संभावना बढ़ती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed