असम: गुवाहाटी में होगा राष्ट्रीय मैराथन कैलेंडर का आयोजन, 'शाइनिंग असम' की दिखेगी झलक
भारतीय सेना की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि मैराथन का उद्घाटन गुवाहाटी में तीन दिसंबर को भारतीय सेना, असम सरकार और कोल इंडिया लिमिटेड के संयुक्त प्रयासों से आयोजित किया जाएगा।
विस्तार
भारत के पूर्वोत्तर प्रदेश असम विकास के नित नए इतिहास लिख रहा है। गुवाहाटी शहर राज्य में विकास, शांति और समृद्धि का जश्न मनाने के लिए, शहर एक महत्वपूर्ण मैराथन आयोजन की मेजबानी करने के लिए तैयार है, जो देश के खेल मानचित्र पर एक स्थायी प्रभाव छोड़ेगा। यह मैराथन शहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मैराथन कैलेंडर पर स्थापित करेगा।
भारतीय सेना की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि मैराथन का उद्घाटन गुवाहाटी में तीन दिसंबर को भारतीय सेना, असम सरकार और कोल इंडिया लिमिटेड के संयुक्त प्रयासों से आयोजित किया जाएगा। बयान में कहा गया है कि इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के भागीदारी को आकर्षित करने के लिए खेल आयोजन की परिकल्पना की गई है। इस आयोजन में 'शाइनिंग असम' के सर्वोत्तम पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। कोल इंडिया लिमिटेड इस आयोजन का मुख्य प्रायोजक होगा और भारतीय सेना सहायक भागीदार होगी।
इसमें 21.0975 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर की हाफ मैराथन और पांच किलोमीटर की दौड़ शामिल की गई है। इसमें अनुभवी और सभी श्रेणियों के धावकों को शामिल करने और आकर्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मैराथन में अधिक से अधिक धावकों को आकर्षित करने के लिए आयोजकों ने दौड़ के लिए आयु और लिंग के आधार पर कई श्रेणियां बनाई हैं और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
सोमवार को इसके लिए गुवाहाटी में एक बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक में असम की कैबिनेट मंत्री नंदिता गरलोसा, जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) गजराज कोर, लेफ्टिनेंट जनरल मनीष एरी और संबंधित विभागों के कई उच्च रैंकिंग अधिकारी शामिल हुए। आयोजन की औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी। इसके साथ ही मार्ग, पुरस्कार राशि और रेस लोगो जारी की जाएगी। बयान में कहा गया है कि इसके लिए कि एक वेबसाइट तैयार की जा रही है और ऑनलाइन पंजीकरण 20 सितंबर के आसपास शुरू होने की संभावना है।