MP Election: शास्त्री जी का नारा, राजीव की फोटो और मां नर्मदा की पुकार, वचनपत्र में कमलनाथ को याद आए गाय-बछड़ा
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
मध्यप्रदेश में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए विपक्षी दल कांग्रेस ने अपना वचन पत्र जारी किया। अपने इस घोषणा पत्र में पार्टी ने किसानों से लेकर सरकारी कर्मचारी, युवा-महिलाओं, खिलाड़ियों के अलावा स्वास्थ्य-शिक्षा समेत राज्य में श्री राम वन गमन पथ और सीता मंदिर को बनाने की घोषणा की है।
वचन पत्र के विमोचन के साथ ही कांग्रेस ने अपने नारे का भी एलान किया है। कांग्रेस मध्यप्रदेश में इस बार 'कांग्रेस आएगी, खुशहाली लाएगी' के नारे के साथ मैदान में उतरेगी। किसान, महिला, युवा, कर्मचारी, सामाजिक न्याय, आस्था और विश्वास इन सात वर्गों के लिए कांग्रेस ने अलग से पत्र जारी किए हैं। कुल 1290 वचन के इस घोषणा पत्र में लगभग 59 विषय हैं, इनमें 225 बिंदु हैं। आइए जानते हैं ...
किसानों के लिए यह अहम वादे
कांग्रेस ने घोषणा पत्र में सबसे ज्यादा वादे किसानों के लिए किए हैं। पार्टी ने पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री के नारे जय जवान, जय किसान की तर्ज पर प्रदेश के किसानों के लिए नया नारा "सेवा-संघर्ष और बलिदान जय जवान और जय किसान" दिया है। पार्टी ने अपने वचन पत्र में कहा है कि जय किसान कृषि ऋण माफी योजना को निरंतर रखेंगे। किसानों का 2 लाख तक का कर्ज माफ होगा। किसानों के बकाया बिजली बिल भी माफ किए जाएंगे। किसानों को गेहूं का 2600 रुपये और धान का 2500 रुपये मूल्य दिया जाएगा। इसके अलावा 5 हॉर्स पावर निःशुल्क बिजली देने के साथ 10 हार्स पावर तक 50 फीसदी छूट मुहैया करवाई जाएगी।
पार्टी ने गौ-धन खुशहाली का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस भारतीय संस्कृति और किसानों से जुड़ी रही है। प्रारंभ में कांग्रेस का चुनाव चिन्ह बैलों की जोड़ी था, फिर गाय-बछड़ा था, जो इस बात का प्रतीक है कि कांग्रेस सदैव गौ वंश संस्कृति का पालन करती है। घोषणा पत्र में पार्टी ने राज्य में नंदिनी-गौधन योजना प्रारंभ करने की बात कही है। इस योजना में गौ पालकों व स्व सहायता समूहों से दो रुपये प्रति किलो की गोबर खरीद की जाएगी। इसके अलावा पशुपालकों को सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए नंदिनी मोबाइल एप भी लांच किया जाएगा। पार्टी ने वचन पत्र में राज्य में श्वेत क्रांति दुग्ध मिशन प्रारंभ करने की बात भी कही है। इसके लिए "श्वेत क्रांति लाएंगे, दूध की गंगा बहाएंगे" नारा भी दिया है।
मां नर्मदा संरक्षण अधिनियम बनाएंगे
घोषणा पत्र में कांग्रेस ने प्रदेश की जीवनदायिनी नर्मदा नदी के जल के उपयोग के सुनिश्चित करने के लिए बांध और नहर परियोजनाओं पर काम करने का वादा किया है। पार्टी ने मां नर्मदा परिक्रमा परिषद गठन करने, तटों से अवैध रेत उत्खनन रोकने की बात कही है। पार्टी ने यह भी नारा दिया है कि मां नर्मदा की पुकार, अबकी बार कांग्रेस सरकार।
युवाओं को साधने के लिए किए ये वादे
कांग्रेस ने वचन में पत्र में पूर्व पीएम राजीव गांधी की तस्वीर जरिए युवाओं को साधने का प्रयास किया है। कांग्रेस ने नारा दिया है कि कांग्रेस का हाथ-युवाओं के साथ। पार्टी ने युवाओं को रोजगार का अधिकार हाथ को रोजगार देने की बात कही है। पार्टी ने राज्य में सरकारी भर्ती के लिए कानून बनाने, 2 लाख सरकारी पद भरने और प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100 फीसदी छूट देने का वादा किया है। कांग्रेस ने वादा किया है कि उनकी सरकार आने पर प्रदेश में पिछले 18 वर्षों से लंबित भर्तियां शिक्षकों, पुलिस, पटवारी, फॉरेस्ट गार्ड, नर्स आदि की भर्ती की जाएंगी। युवा स्वाभिमान के अंतर्गत जरूरतमंद शिक्षित बेरोजगार युवाओं को 1500 से 3000 रुपये तक प्रतिमाह आर्थिक सहायता 2 वर्ष के लिए दी जाएगी।
एमपी की अपनी आईपीएल टीम बनाने का वादा
कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए 'पदक लाओ-पद पाओ', पदक लाओ-करोड़पति बन जाओ, पदक लाओ-कार जीतो, पदक लाओ-छात्रवृत्ति पाओ योजना आरंभ करने की घोषणा की है। पार्टी ने नारा दिया है कि खेल प्रोत्साहन, खिलाड़ियों का सम्मान— कांग्रेस की पहचान। इसके तहत पार्टी ने राज्य स्तरीय ओपलिंक शुरू करने और एमपी की आईपीएल टीम बनाने का भी एलान किया है। इसके अलावा हर विधानसभा क्षेत्र में एक स्टेडियम बनाने, टंट्या मामा खेल ओलंपिक आयोजित करने की बात कही है।
महिलाओं को मिलेगी ये सौगात
कांग्रेस ने वादा किया है कि राज्य में पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए नारी सम्मान योजना के तहत प्रतिमाह 1500 रुपये दिए जाएंगे। नारी सम्मान योजना में 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। कांग्रेस सरकार नई बेटी विवाह योजना शुरू करेगी। इसमें एक लाख एक हजार रुपये की सहायता देंगे। इसके अलावा महिलाओं के स्टार्टअप के लिए रुपए 25 लाख तक का ऋण तीन फीसदी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। बड़े शहरों में महिलाओं को बस में सफर के लिए निशुल्क पास उपलब्ध करवाएं जाएंगे। बेटियों के लिए मेरी बिटिया रानी योजना प्रारंभ करेंगे, उनको 2 लाख 51 हजार रुपये की राशि उनके जन्म से विवाह संस्कार होने तक देंगे।
कांग्रेस ने घोषणा की है कि प्रदेश में स्वास्थ्य का अधिकार कानून बनाएगे। प्रदेश के नागरिकों के लिए वरदान स्वास्थ्य बीमा योजना प्रारंभ करेंगे। इसमें परिवार सहित 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा एवं 10 लाख का दुर्घटना बीमा शामिल रहेगा। वरिष्ठजनों सहित अन्य नागरिकों को मिल रही पेंशन योजना की राशि 1,000 से बढ़ाकर 1200 रुपये की जाएगी।
प्रियंका और राहुल के वादे भी घोषणा पत्र में
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में प्रियंका और राहुल गांधी के वादों को भी शामिल किया है। पढ़ो-पढ़ाओ योजना के तहत सरकारी स्कूलों के बच्चों को कक्षा 1 से 8वीं तक 500 रुपये, कक्षा 9वीं से 10वीं के लिए 1000 रु., कक्षा 11वीं से 12वीं के बच्चों को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी गई है। मध्यप्रदेश में स्कूली शिक्षा फ्री करने का भी जिक्र है। 12 अक्तूबर को मंडला जिले में प्रियंका ने सभा को संबोधित करते हुए इसकी घोषणा की थी। जातीय जनगणना कराने को भी जगह दी गई है। इसकी गारंटी राहुल गांधी ने 10 अक्तूबर को शहडोल जिले की सभा में दी थी। कांग्रेस के घोषणापत्र पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'यह कांग्रेस का वचनपत्र नहीं, झूठ पत्र है। 5 साल पहले भी उन्होंने 900 से ज्यादा वचन दिए थे, लेकिन 5 भी पूरे नहीं किए। आज फिर इन्होंने महाझूठ पत्र प्रस्तुत कर दिया। जनता इस पर भरोसा नहीं करेगी, क्योंकि जनता जानती है कि भाजपा जो कहती है वह करती है।'