आज से 200 विशेष ट्रेनें, पहले दिन 1.45 लाख यात्री करेंगे सफर
- पहले दिन 1.45 लाख यात्रा देश के विभिन्न स्टेशनों से सफर करेंगे
- 30 जून तक 26 लाख यात्रियों ने टिकट की बुकिंग कराई
- अनारक्षित बर्थ को छोड़ सभी श्रेणी की कोच वाली ट्रेन होंगी
विस्तार
कोरोना महामारी के चलते देशभर में 24 मार्च से लागू हुए लॉकडाउन के 68 दिन बाद आज से अनलॉक का पहला चरण शुरू हो गया है। अनलॉक 1.0 के तहत अब पाबंदियां कम स्तर पर और ढील ज्यादा मिलेगी। अभी कंटेनमेंट जोन में सख्ती पहले की तरह ही जारी रहेगी।
आज से रेल की पटरियों पर दो सौ ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा। पहले दिन इस ट्रेन से सफर करने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने आरक्षित टिकट लिया है। 1.45 लाख से अधिक यात्री सोमवार को ट्रेन से सफर कर अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
26 लाख यात्रियों ने 1 जून से 30 जून तक स्पेशल ट्रेनों से यात्रा के लिए टिकट की बुकिंग कराई है। रेलवे की यह सुविधा 2 मई से संचालित हो रही राजधानी 30 ट्रेन व श्रमिक स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त है। हालांकि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए अगले सप्ताह सीटों की बुकिंग उम्मीद से काफी कम हुई है।
90 मिनट पहले स्टेशन पर पहुंचना अनिवार्य
रेलवे ने कहा कि यात्रियों को कम से कम 90 मिनट पहले स्टेशन पर पहुंचना अनिवार्य होगा। जिन लोगों के पास कन्फर्म और आरएसी टिकट होंगा उन्हें ही स्टेशन के भीतर प्रवेश की अनुमति मिलेगी। एक पीएनआर नंबर पर अगर चार लोगों का टिकट है और इसमें एक भी टिकट कन्फर्म है तो सभी यात्री ट्रेन से यात्रा कर सकेंगे।
अगर किसी को कोरोना वायरस का लक्षण पाया गया तो उन्हें यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें आरक्षित टिकट का पूरा पैसा लौटा दिया जाएगा। केन्द्रीय गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार यात्रियों को अनिवार्य रूप से जांच करानी होगी। बिना लक्षण वाले यात्रियों को ही ट्रेनों में प्रवेश करने और यात्रा करने की अनुमति होगी।
30 जून तक 26 लाख यात्रियों ने कराई टिकट की बुकिंग
सोमवार से चलने वाली दो सौ स्पेशल ट्रेन के लिए रविवार को 120 दिन पहले टिकट बुकिंग की सुविधा दी गई। रविवार को सुबह बड़ी संख्या में लोगों ने वेबसाइट से टिकटों की बुकिंग भी की।
सुबह नौ बजे तक 25,82,671 लोगों ने सफर के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट व मोबाइल एप से टिकट बुक किया। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोगों ने काउंटर टिकट भी लिया।
हालांकि अगले सप्ताह कई रूट पर चलने वाली ट्रेनों में आसानी से आरक्षित सीट मिल रही है। पूर्वांचल की तरफ चलने वाली मुख्य ट्रेन की बात करें तो वैशाली, पूर्वा, पूर्वात्तर संपर्क क्त्रसंति, गोरखधाम एक्प्रेस, पटना राजधानी, रांची राजधानी, गोरखधाम, सप्तक्रांति, लखनऊ मेल समेत अन्य ट्रेनों में वेटिंग सूची की संख्या काफी कम है।
अनारक्षित बर्थ को छोड़ सभी श्रेणी की कोच वाली ट्रेन होंगी
सोमवार से चलने वाली ट्रेन सभी श्रेणी वाली कोच के साथ ट्रैक पर दौड़ेंगी। एसी-1,2 और 3 कोच के साथ ही स्लीपर कोच भी ट्रेन में जुड़ी होंगी। अनारक्षित कोच तो ट्रेन में जुड़ी होंगी, लेकिन इस कोच में यात्री अनारक्षित टिकट पर यात्रा नहीं कर सकेंगे। इसके लिए सीटिंग टिकट बुक कराना होगा। जितनी सीट होगी उतने ही यात्री बैठकर यात्रा करेंगे। रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों के लिए करंट काउंटर व तत्काल कोटा के तहत भी टिकट की बुकिंग शुरू की है।
यात्रा करने की अनुमति किसे होगी किसे नहीं
- आरएसी टिकट वालों को यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
- अनारक्षित कोच के लिए अनारक्षित टिकट पर यात्रा की अनुमति नहीं होगी।
- एक पीएनआर पर अगर चार लोगों का टिकट है और एक टिकट कन्फर्म होता है सभी को यात्रा की अनुमति मिलेगी। हालांकि चाहे तो टिकट कैंसिल करा पैसा रिफंड ले सकते है।
- वेटिंग टिकट वालों को यात्रा की अनुमति नहीं होगी।
- पहला आरक्षित चार्ट ट्रेन छूटने के चार घंटे पहले तैयार किया जाएगा। दूसरा चार्ट दो घंटे पहले और ट्रेन छूटने के 30मिनट पहले करंट काउंटर से आरक्षित टिकट मिलेगा।
- स्क्रीनिंग के दौरान कोरोना वायरस का लक्षण मिलेगा तो यात्रा की अनुमति नहीं होगी। यात्रा टिकट का पूरा पैसा लौटा दिया जाएगा।
- मास्क पहनना अनिवार्य होगा यात्रा के दौरान।
- सोशल डिस्टेंसिंग का ना केवल स्टेशन प्रवेश के वक्त बल्कि यात्रा के दौरान भी पालन करना होगा।
- ई-कैटरिंग की सुविधा ट्रेन में नहीं मिलेगी। खाना घर से ले जाए तो बेहतर। पैकेज फुड व पानी यात्रियों को पैसा खर्च कर लेना होगा।
- चादर, तकिया व कंबल यात्रा के दौरान यात्रियों को नहीं दी जाएगी।
- आरोग्य सेतू एप मोबाइल में डाउनलोड करना यात्रा के लिए जरूरी होगा।
दिल्ली से और दिल्ली तक पहली ट्रेन
- नई दिल्ली से पहली ट्रेन ऊना जनशताब्दी दोपहर ढाई बजे रवाना होगी।
- दिल्ली आने वाली पहली ट्रेन देहरादून जनशताब्दी होगी। यह सुबह 11:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.