मन्नान वानी प्रकरण: एएमयू ने माना नोटिस जारी करने में हुई चूक, तीन छात्रों को राहत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के रजिस्ट्रार अब्दुल हामिद ने माना है कि मन्नान वानी प्रकरण में विश्वविद्यालय प्रशासन से चूक हुई है और गलत नोटिस जारी कर दिए हैं। दूसरी ओर कश्मीरी छात्रों ने कहा है कि एएमयू प्रशासन ने अगर कश्मीरी छात्रों की बात नहीं मानी, तो 17 अक्तूबर को सर सैयद डे पर वो अपनी डिग्री वापस कर घर चले जाएंगे। कश्मीरी छात्रों ने सोमवार को पैदल मार्च निकालते हुए इसका एलान किया।
दोपहर करीब दो बजे मौलाना आजाद लाइब्रेरी के पास कश्मीरी छात्र एकत्र हुए। इसके बाद एएमयू छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष सज्जाद सुभान राथर ने मार्च की अगुवाई करते हुए कहा कि पांच सदस्यीय कश्मीरी छात्रों के प्रतिनिधि मंडल के साथ यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार अब्दुल हामिद से मुलाकात की गई। इसमें कहा गया कि अगर एएमयू इंतजामिया ने कश्मीरी छात्रों की बात नहीं मानी, तो वह अपनी डिग्री लौटाकर कश्मीर चले जाएंगे। इंतजामिया के लोग अपने आकाओं को खुश करने के लिए छात्रों को परेशान कर रहे हैं।
सरकारों से मांगी सुरक्षा
राथर ने कहा कि जब छात्र डिग्री लौटाकर कश्मीर के लिए निकलेंगे, तो उन्हें सुरक्षा की जरूरत होगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश, दिल्ली के मुख्यमंत्री और जम्मू कश्मीर के राज्यपाल को पत्र लिखकर सुरक्षा करने की मांग की है। सज्जाद ने कहा कि एएमयू में कश्मीरी छात्रों को बेवजह निशाना बनाया जा रहा है।
डिग्री वापसी की बात अफवाह : रजिस्ट्रार
एएमयू के रजिस्ट्रार अब्दुल हामिद ने कश्मीरी छात्रों के डिग्री वापसी को अफवाह बताया है। कश्मीरी छात्रों से एएमयू प्रशासन बात कर रहा है। जिन दो छात्रों को निलंबित किया गया है, वह प्रथमदृष्टया में दोषी पाए गए हैं। किसी भी निर्दोष छात्र के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जाएगी।
जाने की जरूरत नहीं : प्रॉक्टर
एएमयू के प्रॉक्टर प्रो. मोहसिन खान ने कहा कि करीब 950 कश्मीरी छात्रों को जाने की जरूरत नहीं है। हम उन्हें समझा रहे हैं। हमने छात्रों को कारण बताओ नोटिस दिया है, ताकि वह अपना पक्ष जांच कमेटी के सामने रख सकें। कश्मीरी छात्रों ने उन्हें ज्ञापन दिया था, जिसमें जाने की बात कही थी। उनसे कहा कि वापस जाने की जरूरत नहीं है। निष्पक्ष जांच हो रही है।
नोटिस मामले में तीन छात्रों के नाम हटे
हिजबुल कमांडर मन्नान वानी की नमाज-ए-जनाजा से कश्मीरी छात्रों को रोकने के दौरान प्रॉक्टर टीम से धक्का-मुक्की करने और देश विरोधी नारे लगाने पर एएमयू ने 7 अन्य छात्रों को नोटिस दिया था। सोमवार को प्रॉक्टोरियल टीम की जांच-पड़ताल के बाद तीन छात्रों के नाम नोटिस से अलग कर दिया है। अब नोटिस के मामले में चार छात्र रह गए हैं। एएमयू ने पीरजादा दानिश साबिर (बीएससी), अयाज अहमद भट्ट (एमएससी), मो. सुल्तान खान (एमफिल), रकीब सुल्तान (बीएससी), समीउल्ला रैदर (बीएससी), शौकत अहमद लोन व पीरजादा मुहीब उल हक (बीए) को नोटिस दिया था।