{"_id":"645b451183ba3e18c0088a15","slug":"manipur-clash-situation-in-manipur-improving-after-violence-curfew-relaxed-in-11-districts-2023-05-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"मणिपुर हिंसा: सेना की टुकड़ी पर फायरिंग, एक जवान घायल; 11 जिलों में कर्फ्यू में ढील, हालात में सुधार","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
मणिपुर हिंसा: सेना की टुकड़ी पर फायरिंग, एक जवान घायल; 11 जिलों में कर्फ्यू में ढील, हालात में सुधार
Wed, 10 May 2023 12:48 PM IST
श्वेता महतो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: श्वेता महतो
Updated Wed, 10 May 2023 12:48 PM IST
सार
मणिपुर में 53 फीसदी मैतेई समुदाय के लोग हैं जो मुख्यत इंफाल घाटी के पास रहते है। वहीं पहाड़ी इलाकों में आदिवासी, कुकी और नागा समुदाय की संख्या 40 फीसदी है।
विज्ञापन
Manipur Clash
- फोटो : Social Media
विस्तार
हिंसा प्रभावित मणिपुर के पूर्वी इंफाल जिले में बुधवार सुबह कर्फ्यू में ढील के दौरान सेना की एक टुकड़ी पर हथियारबंद लोगों ने फायरिंग कर दी। सेना ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हथियारबंद लोग भाग गए। इसमें असम राइफल्स का एक जवान घायल हो गया है। वहीं, हिंसाग्रस्त 11 जिलों में कर्फ्यू में ढील दी गई। बाजार खुले और लोगों ने घरों से निकलकर जरूरी सामानों की खरीदारी की।
विज्ञापन
सूत्रों के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 11 बजे सेनापति जिले के दोलाईथाबी में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने सेना की टुकड़ी पर अचानक गोलीबारी कर दी। जवाबी कार्रवाई में सेना ने भी कुछ राउंड फायरिंग की। फायरिंग के दौरान असम राइफल्स का एक जवान घायल हुआ है। जवान को तुरंत हेलिकॉप्टर से सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया। सेना ने पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
11 जिलों में कर्फ्यू में ढील
हिंसा प्रभावित मणिपुर में हालात में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और बीते दो दिनों में राज्य में हिंसा की कोई नई घटना नहीं सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर, चुराचांदपुर और जिरिबाम सहित 11 प्रभावित जिलों में बुधवार को सुबह पांच बजे से छह घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दी गई।
विज्ञापन
ऑपरेशन कोहिमा कॉलिंग के तहत 1,229 लोगों को निकाला
गुवाहाटी। मणिपुर हिंसा के दौरान ऑपरेशन कोहिमा कॉलिंग के तहत असम राइफल्स, ने मणिपुर संकट के दौरान छह से दस मई के बीच 1,229 लोगों को निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि स्पीयर कॉर्प्स के तत्वावधान में असम राइफल्स ने दो चरणों में 'ऑपरेशन कोहिमा कॉलिंग' चलाया। पहले चरण में 676 व्यक्तियों और दूसरे चरण के दौरान 553 व्यक्तियों को निकाला गया। दूसरे चरण योरिपोक की 47 कोन्याक लड़कियों को निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक बचाव दल इन लड़कियों को निकालने के लिए थौबल जिले के अंदरूनी इलाकों में गया था। ये सभी एक फैक्टरी में काम कर रही थीं। बता दें, हिंसा में 60 लोगों की मौत हुई है। वहीं हजारों की संख्या में लोग बेघर हुए हैं और 1700 घरों को जला दिया गया है।
राज्य में हिंसा तीन मई को 10 पहाड़ी क्षेत्रों में आयोजित आदिवासी एकता मार्च के दौरान भड़की थी, जिसमें मैतेई समुदाय को अनुसुचित जनजाति में शामिल करने मांग की जा रही थी। मणिपुर में 53 फीसदी मैतेई समुदाय के लोग हैं जो मुख्यत इंफाल घाटी के पास रहते है। वहीं पहाड़ी इलाकों में आदिवासी, कुकी और नागा समुदाय की संख्या 40 फीसदी है।