शातिर पति फंसा: गर्लफ्रेंड के साथ रंगरलियां मनाने होटल पहुंचा, पत्नी के आधार कार्ड से किया चेक इन, केस दर्ज
पुणे के हिंजेवाड़ी पुलिस थाने में आरोपी व उसकी गर्लफ्रेंड के खिलाफ मंगलवार को केस दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी गुजरात कारोबारी है और उसकी पत्नी एक कंपनी में डायरेक्टर है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
41 साल के एक व्यक्ति का शातिराना अंदाज ही उसकी मुसीबत का सबब बन गया। वह गर्लफ्रेंड के साथ रंगरलियां मनाने के लिए पुणे की एक होटल पहुंचा। होटल में चेक इन के लिए उसने अपनी पत्नी के आधार कार्ड का इस्तेमाल किया, लेकिन इस फेर में वह फंस गया। पत्नी की शिकायत पर पति व उसकी गर्लफ्रेंड के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
पुणे के हिंजेवाड़ी पुलिस थाने में आरोपी व उसकी गर्लफ्रेंड के खिलाफ मंगलवार को केस दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी गुजरात कारोबारी है और उसकी पत्नी एक कंपनी में डायरेक्टर है।
पति की एसयूवी में जीपीएस फिट करा दिया
शिकायतकर्ता पत्नी ने कहा कि उसने अपने पति की एसयूवी में जीपीएस फिट करा दिया था। इसके जरिए उसने पता लगाया कि वह उसे धोखा दे रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले साल नवंबर में आरोपी ने अपनी पत्नी को बताया कि वह कारोबारी यात्रा के सिलसिले में बेंगलुरु में है। इसके बाद जब पत्नी ने लोकेशन चेक की तो एसयूवी पुणे में निकली।
पत्नी ने सीसीटीवी फुटेज निकलवाए
पुलिस ने बताया कि इस पर कारोबारी की पत्नी को शक हुआ तो उसने होटल में संपर्क किया। होटल के स्टाफ ने सूचित किया कि यह व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ होटल में आया है। इसके बाद पत्नी ने सीसीटीवी फुटेज निकलवाए तो पता चला कि उसके पति ने उसके आधार कार्ड का इस्तेमाल करते हुए किसी अन्य महिला के साथ होटल में चेक इन किया था।
पति व गर्लफ्रेंड फरार
पुलिस ने बताया कि पति व उसकी गर्लफ्रेंड के खिलाफ भादंवि की धारा 419 (धोखाधड़ी) में केस दर्ज किया गया है। दोनों फिलहाल फरार हैं। उनका पता लगाया जा रहा है।