फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Mumbai Thane Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra Updates: INS ब्रह्मपुत्र हादसे में लापता नाविक का मिला शव; सोलापुर- होटल मैनेजर की हत्या की कोशिश

Wed, 24 Jul 2024 05:12 PM IST
पवन पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: पवन पांडेय Updated Wed, 24 Jul 2024 05:12 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Mumbai Thane Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र अपडेट - फोटो : Amar Ujala
INS ब्रह्मपुत्र में हादसे के बाद लापता नाविक का मिला शव
विज्ञापन

21 जुलाई को युद्धपोत आईएनएस ब्रह्मपुत्र पर मरम्मत के दौरान लगी आग और हादसे में लापता हुए जूनियर नाविक का शव मिल गया है। जानकारी के मुताबिक आईएनएस ब्रह्मपुत्र पर 21 जुलाई को लगी आग 22 जुलाई को बुझाया जा सका था। जिस दौरान युद्धपोत पर से सभी कर्मचारी सुरक्षित निकाल लिए गए थे लेकिन लीडिंग सीमैन सितेंद्र सिंह लापता बताए जा रहे थे। जिनकी तभी से तलाश की जा रही थी। कुछ देर पहले नौसेना के अधिकारियों ने बताया कि आईएनएस ब्रह्मपुत्र में आग लगने के बाद लापता हुए लीडिंग सीमैन सितेंद्र सिंह का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं नौसेना प्रमुख ने आईएनएस ब्रह्मपुत्र को समुद्र में चलने लायक और युद्ध के लिए तैयार करने के निर्देश जारी किए हैं।

NCP शरद गुट का प्रदर्शन, बजट को बताया 'महाराष्ट्र विरोधी'
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने बुधवार को मुंबई में विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि केंद्रीय बजट में महाराष्ट्र के साथ भेदभाव किया गया है, जबकि पश्चिमी राज्य सबसे अधिक करदाता है। शहर इकाई की अध्यक्ष राखी जाधव के नेतृत्व में एनसीपी (सपा) कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा, राजकोष के लिए सबसे अधिक कर राजस्व देने वाला राज्य होने के बावजूद महाराष्ट्र को बजट में नजरअंदाज किया गया और उसे कुछ भी आवंटन नहीं मिला। एनसीपी (सपा) नेता ने आश्चर्य जताया कि क्या हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में राज्य में भाजपा की हार के कारण महाराष्ट्र के साथ भेदभाव किया गया।

इसके अलावा, स्वाभिमानी पार्टी के प्रमुख राजू शेट्टी ने केंद्र पर कृषि क्षेत्र के लिए बुनियादी ढांचा सुविधाएं स्थापित न करने और इसके बजाय एक डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि तिलहन और दाल का आयात किसान विरोधी है और एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) कवरेज सिर्फ छह प्रतिशत है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

गढ़चिरौली में एक नक्सली ने किया आत्मसमर्पण
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में बुधवार को 2 लाख रुपये के इनामी नक्सली ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों के भामरागढ़ एलओएस (स्थानीय संगठन दस्ता) के सदस्य 45 वर्षीय लच्छू करिया ताडो ने पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। जिला पुलिस अधीक्षक की तरफ से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि नक्सली आगजनी और हिंसा के अन्य मामलों में शामिल था। जिसे राज्य और केंद्रीय योजनाओं के तहत पुनर्वास के लिए 4.5 लाख रुपये मिलेंगे। अधिकारियों ने दावा किया कि पिछले डेढ़ साल में गढ़चिरौली पुलिस के समक्ष 22 कट्टर माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।
विज्ञापन

शेयर ट्रेडिंग धोखाधड़ी में व्यवसायी को 50 लाख रुपये का नुकसान, तीन पर मामला दर्ज
नवी मुंबई पुलिस ने पनवेल के एक व्यवसायी को शेयर ट्रेडिंग धोखाधड़ी में कथित तौर पर 50 लाख रुपये की ठगी के बाद जांच शुरू की है। इस धोखाधड़ी में एक महिला समेत तीन लोग शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने आकर्षक रिटर्न का वादा करके पीड़ित को बहकाया और पिछले 50 दिनों में उसने 50.25 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने उसे एक प्रमाण पत्र भी दिखाया, जिसमें दावा किया गया था कि यह शेयर ट्रेडिंग के लिए बाजार नियामक की तरफ से जारी किया गया है। वहीं पीड़ित ने अपने निवेश पर रिटर्न पाने में विफल होने के बाद पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद पूजा शर्मा, अरुण कुमार सिंह और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। अधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ता ने दावा किया कि आरोपियों के एक ही समूह ने इसी तरह दो लोगों को ठगा है। उन्होंने कहा कि जांच जारी है।

मुंबई के मंदिर के पुजारी पर चाकू से हमला, दो पर केस दर्ज
मुंबई पुलिस ने बुधवार को बताया कि मलाड इलाके में एक मंदिर परिसर में 67 वर्षीय पुजारी पर कथित तौर पर एक युवक ने चाकू से हमला किया, जिसे कुछ महीने पहले मंदिर की गायों की देखभाल करने वाले पद से हटा दिया गया था। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को हुई वारदात के बाद हमलावर सूर्यनारायण दास और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है, जिसकी अपराध में वास्तविक भूमिका की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक महंत माधवदासजी रामबालकदास महात्यागी मंदिर में एक दैनिक अनुष्ठान कर रहे थे, तभी दास ने उनके कंधे पर चाकू से वार किया। उन्होंने बताया कि भागते समय आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। आरोपी को छह महीने पहले मंदिर में गायों का दूध निकालने के लिए रखा गया था। पुलिस ने बताया कि अवैध गतिविधियों में कथित संलिप्तता के कारण उसे सेवा से हटा दिया गया था।

मुंबई: ऊंची इमारत में आग लगने से चार लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती
मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में बुधवार सुबह 20 मंजिला इमारत में आग लगने से चार लोगों समेत एक बुजुर्ग की दम घुटने से बीमार पड़ गए। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि जोगेश्वरी के पश्चिमी उपनगर में एसवी रोड पर मौजूद ई हाई टावर नामक इमारत में सुबह करीब 9 बजे आग लगने की सूचना मिली। आग इमारत की 15वीं से 20वीं मंजिल तक फैली बिजली की केबलों तक ही सीमित थी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर दो दमकल गाड़ियां और अन्य अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे और दो घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले में अधिकारी ने बताया कि 71 साल एक व्यक्ति समेत चार लोगों की कमरों में धुआं भर जाने के कारण दम घुटने की समस्या हुई और उन्हें तुरंत एसबीएस अस्पताल और केजे केयर अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग व्यक्ति को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य तीन अभी भी चिकित्सा देखभाल में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

भूकंप के कुछ दिन बाद, हिंगोली में घरों की जांच कर रही जीएसआई टीम
महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में भूकंप आने के कुछ दिनों बाद भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की एक टीम घरों की जांच कर रही है और स्थानीय निवासियों से बात कर रही है। जानकारी के मुताबिक देश भर में भूवैज्ञानिक गतिविधियों को अंजाम देने वाली जीएसआई की तीन सदस्यीय टीम सोमवार से हिंगोली पहुंची है। एक अधिकारी ने बताया कि टीम भूकंप के केंद्र रामेश्वर टांडा और जिले के कलमनुरी तहसील के पंगारा (शिंदे) समेत गांवों का भी दौरा करेगी। बता दें कि 10 जुलाई को हिंगोली जिले में 4.5 तीव्रता का भूकंप आया था और इसका असर मराठवाड़ा के पड़ोसी नांदेड़, परभणी और छत्रपति संभाजीनगर जिलों और विदर्भ क्षेत्र के वाशिम में महसूस किया गया था। अधिकारी ने बताया कि जीएसआई की टीम 22 जुलाई से यहां है। वे गांवों का दौरा कर रहे हैं, घरों की जांच कर रहे हैं और लोगों से बात कर रहे हैं। उनका सर्वेक्षण गुरुवार को खत्म हो सकता है। इसके बाद वे अपने कार्यालय लौटेंगे और रिपोर्ट दाखिल करेंगे।

घायल चीनी नाविक को बल्क कैरियर से किया गया एयरलिफ्ट 
एक वरिष्ठ नौसेना अधिकारी ने बुधवार को बताया कि गंभीर रूप से घायल एक चीनी नाविक को भारतीय नौसेना के हेलीकॉप्टर के जरिए मुंबई तट के पास बल्क कैरियर से एयरलिफ्ट किया गया है। अधिकारी ने बताया कि मरीज को हेलीकॉप्टर से एयर स्टेशन ले जाया गया और बाद में आगे की चिकित्सा देखभाल के लिए अस्पताल ले जाया गया। नौसेना ने बताया कि समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी), मुंबई को मंगलवार को बल्क कैरियर 'झोंग शान मेन' से 200 एनएम (लगभग 370 किमी) दूर एक संकट कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि 51 साल चीनी नाविक को गंभीर चोट लगने के कारण बहुत अधिक खून बह गया है और उसे तत्काल निकालने का अनुरोध किया गया है। अधिकारी ने बताया कि चिकित्सा आपातकाल का जवाब देते हुए भारतीय नौसेना एयर स्टेशन आईएनएस शिकरा से सुबह 5.50 बजे एक सीकिंग हेलीकॉप्टर लॉन्च किया गया। भारतीय नौसेना के साथ एमआरसीसी (एमबीआई) द्वारा समन्वित इस संयुक्त अभियान के कारण मरीज को सुरक्षित और समय पर निकाला गया।

सोलापुर में शराब पीने के बाद पैसे मांगने पर होटल मैनेजर पर हमला
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक रेस्तरां और बार में शराब का बिल मांगने पर चार लोगों ने होटल मैनेजर पर हमला कर दिया। पुलिस ने बुधवार को बताया कि बिल का भुगतान करने के बजाय, चार ग्राहकों ने होटल मैनेजर महेश अंधारे से 10 हजार रुपये की जबरन वसूली करने की कोशिश की, जो हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। यह वारदात मंगलवार शाम को मुंबई से लगभग 400 किमी दूर पश्चिमी महाराष्ट्र जिले के बार्शी शहर में कुर्दुवाड़ रोड पर मौजूद रेस्तरां में हुई और हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आया है। इस मामले में हत्या के प्रयास के आरोप में सभी चार आरोपी फरार हैं। उन्होंने बताया कि होटल मैनेजर अंधारे को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। इस वारदात के बाद, होटल के एक कर्मचारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के अनुसार, तथागत मस्के नाम के शख्स और उसके तीन साथी रेस्टोरेंट में आए, जहां उनमें से दो ने शराब पी। उन्होंने बताया कि शराब पीने के बाद वेटर ने बिल लाया, जिससे चारों ग्राहक नाराज हो गए। जब बार मैनेजर ने उनसे पैसे मांगा तो वे सभी उसके पास पहुंचे और उसे पीटना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। इस शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत हत्या के प्रयास समेत बरशी पुलिस थाने में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दो टीमें बनाई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed