Maharashtra: पालघर के टायर संयंत्र में आग लगने पांच गंभीर रूप से घायल; ठाणे के मंदिर में 31 हजार की चोरी
पिंपरी चिंचवड़ पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने भारत में अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी सिंडिकेट के एक महत्वपूर्ण हैंडलर को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान डेविड के तौर पर की गई है। उसके पांच सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनके खिलाफ करीब 102 साइबर अपराध के मामले दर्ज है। पिंपरी चिंचवड़ के पुलिस कमिश्नर विनोय के.चौबे ने कहा, मैं उन सभी लोगों से अनुरोध करता हूं जिन्होंने अपना पैसा शेयर बाजार में निवेश किया है, वे केवल सेबी द्वारा अनुमोदित एजेंसियों या वेबसाइटों में ही निवेश करें।
पालघर: टायर प्लांट के बायल में खराबी के कारण आग लगी, पांच गंभीर रूप से घायल
महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित टायर प्लांट में सोमवार को बायलर में खराबी के कारण आग लग गई। इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अज्ञात व्यक्तियों ने मंदिर में घुसकर की 31 हजार रुपये की चोरी
ठाणे में अज्ञात व्यक्तियों ने एक मंदिर में घुसकर 31000 रुपये की चांदी की वस्तुएं चुरा लीं। पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। यह घटना खंडोबा मंदिर में मंगलवार को तड़के हुई। चोरों ने चांदी की मूर्ति का फ्रेम और अन्य चीजें चुला ली। मंदिर के केयरटेकर मंगलवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नवी मुंबई के रेलवे स्टेशन पर लावारिश अवस्था में मिली नाबालिग
नवी मुंबई के रेलवे स्टेशन में एक 12 साल की लड़की लावारिश अवस्था में मिली। बाद में जांच में मालूम चला कि लड़की से दुष्कर्म किया गया है। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। वाशी सरकारी रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों और लड़की के घरवालों की तलाश में जुट चुकी है। लड़की प्लेटफॉर्म में अकेली थी। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने लड़की से पूछताछ की। वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर राजेश शिंदे ने कहा कि लड़की ने न तो अपना नाम बताया और न ही अपने परिवार के बारे में कोई जानकारी दी। लड़की को मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां मालूम चला कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता और उसके परिवार की पहचान और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश जारी है।
ठाणे में 5.97 लाख रुपये कीमत की 30 किलो गांजा जब्त
ठाणे में पुलिस ने 5.97 लाख रुपये कीमत की 30 किलो गांजा जब्त किया। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को पुलिस ने कल्याण शहर के आयरेगांव में रेलवे पटरियों पर एक व्यक्ति को छिपा हुआ पाया। चेकिंग के दौरान उसके पास से 7.06 किलो गांजा बरामद किया गया। इसकी कीमत 1.4 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान 42 वर्षीय किरण शाह के तौर पर की गई है। मंगलवार को भी पुलिस की टीम ने दो लोगों को चोले गांव में एक मंदिर के पास संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए देखा। उनके पास से पुलिस ने 22.88 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत 4.57 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों लोगों की पहचान 21 वर्षीय सचिन मोरे और 24 वर्षीय लुहार के तौर पर की गई है।
ठाणे में नवजात बच्ची को बेचने की साजिश में छह गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर में छह दिन की बच्ची को बेचने के प्रयास में माता-पिता समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि बच्ची की दादी की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 22 जनवरी को बच्ची का जन्म हुआ। इसके बाद, माता-पिता उसे बेचने के लिए 90,000 रुपये में राजी हो गए। 25 जनवरी को जब सौदा पूरा होने वाला था, तब विक्रेता और खरीदार दंपती को उल्हासनगर सेंट्रल अस्पताल के बाहर हिरासत में लिया गया और बच्ची को बरामद कर लिया गया। आरोपियों की पहचान बच्ची के माता-पिता विशाल और सुजाता गायकवाड़, दोस्त और कथित एजेंट गुड़िया राजेश वर्मा, जुई सागर पांडे, कथित खरीदार दंपती नूरजहां गुलाम शेख और गुलाम मुस्तफा शेख के रूप में हुई है। उनके खिलाफ किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुणे में जीबीएस का और एक नया मामला
पुणे में मंगलवार को गुलियन-बैरे सिंड्रोम (जीबीएस) का एक नया मामला सामने आया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही जीबीएस के संदिग्ध मामलों की संख्या बढ़कर 111 हो गई है। इससे पीड़ित 13 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में इस संबंध में जानकारी दी गई। विज्ञप्ति के अनुसार, अब तक जीबीएस के 111 संदिग्ध मरीज पाए गए हैं। एक मरीज की मौत हो गई है। वहीं, 31 में जीबीएस की पुष्टि हुई है।
कलाकारों की समस्याओं का समाधान करेगी सरकार: मंत्री फुंडकर
महाराष्ट्र के मंत्री आकाश फुंडकर ने मंगलवार को छोटे कलाकारों के वेतन संबंधी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि सरकार उनकी शिकायतों, जैसे कि वेतन में देरी और अन्य कठिनाइयों पर ध्यान देगी। उन्होंने यह आश्वासन अभिनेता मनोज जोशी और सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (सिंटा) के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक में दिया। जोशी ने बताया कि छोटे कलाकारों को अनियमित भुगतान के कारण काफी वित्तीय समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई छोटे कलाकारों को समय पर वेतन नहीं मिलने की वजह से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, उन्हें अक्सर 12 से 14 घंटे काम करना पड़ता है, जो उनकी क्षमता से ज्यादा होता है। प्रतिनिधिमंडल ने यात्रा भत्ते और अन्य लाभों की कमी पर भी चिंता जताई, क्योंकि कलाकारों को स्टूडियो तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि इन कलाकारों की कमाई से लगभग 30 प्रतिशत कमीशन और कटौती होती है, जिससे उनकी वित्तीय स्थिति और खराब होती है। इस पर फुंडकर ने आश्वासन दिया कि सरकार इन मुद्दों को हल करने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और जल्द से जल्द समाधान ढूंढने की कोशिश करेगी।
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार कामकाजी महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और छात्रों को सस्ता आवास प्रदान करने के मकसद से एमएचएडीए एक नई नीति तैयार कर रही है। ठाणे जिला कलेक्टर कार्यालय में पुणे हाउसिंग और एरिया डेवलपमेंट बोर्ड (पीएचएडीबी) के लॉटरी ड्रॉ के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए शिंदे ने कहा कि सरकार मुंबई को झुग्गी मुक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा, घर खरीदना हर व्यक्ति का सपना होता है। लेकिन उच्च लागत के कारण कई लोग इस सपने से वंचित रह जाते हैं। एमएचएडीए का मकसद आम आदमी के लिए सुलभ आवास बनाना है।