फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra: केल्वे रोड स्टेशन पर यात्री ट्रेन के इंजन में लगी आग; बाल ठाकरे की पत्नी की प्रतिमा पर फेंका रंग

Wed, 17 Sep 2025 10:31 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Wed, 17 Sep 2025 10:31 PM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

विज्ञापन

महाराष्ट्र के पालघर में बुधवार शाम एक ट्रेन के इंजन में आग लग गई। पश्चिम रेलवे के प्रवक्ता के मुताबिक, यह घटना शाम 7.56 बजे केल्वे रोड स्टेशन पर हुई, जब मुंबई सेंट्रल-वलसाड पैसेंजर ट्रेन वहां से गुजर रही थी। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।

सुरक्षा के लिए बिजली की आपूर्ति कुछ समय के लिए बंद कर दी गई। मौके पर वरिष्ठ रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम पहुंचकर जांच और मरम्मत का काम कर रही है। ट्रेन स्टेशन पर खड़ी है और मरम्मत का कार्य जारी है। रेलवे ने बताया कि इस घटना वजह से सूरत की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनें देरी से चल सकती हैं।

विज्ञापन


बाल ठाकरे की पत्नी की प्रतिमा पर फेंका रंग
मध्य मुंबई के शिवाजी पार्क में बुधवार को शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की दिवंगत पत्नी और शिवसेना (यूबीटी) उद्धव ठाकरे की मां मीनाताई ठाकरे की प्रतिमा पर अज्ञात व्यक्ति ने रंग फेंक दिया। सुबह साढ़े छह बजे एक राहगीर ने प्रतिमा पर लाल रंग देखा। शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ताओं ने इसकी सफाई की। आरोपी की पहचान के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। शिवाजी पार्क क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ऐसी घटना की पूरी तरह निंदा की जाती है। जिसने भी ऐसा किया है, पुलिस उसे ढूंढकर कार्रवाई करेगी। मैं इस मामले में ज्यादा राजनीति को उचित नहीं समझता।
विज्ञापन
विज्ञापन


मारीको समूह के ठिकानों पर आयकर विभाग का सर्वे
आयकर विभाग ने बुधवार को उपभोक्ता उत्पाद बनाने वाली अग्रणी कंपनी मारीको समूह के कई कारोबारी ठिकानों पर सर्वे कार्रवाई की। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई टैक्स चोरी के आरोपों की जांच के लिए मुंबई जांच विंग की टीमों ने की। आयकर टीमें कंपनी के वित्तीय दस्तावेजों और लेनदेन की बारीकी से जांच कर रही हैं। फिलहाल कंपनी की ओर से इस कार्रवाई पर कोई टिप्पणी नहीं आई है। आयकर विभाग के मुताबिक, सर्वे ऑपरेशन में अचानक कंपनी के ऑफिस या बिजनेस ठिकानों पर जाकर रिकॉर्ड की जांच की जाती है, ताकि टैक्स चोरी की संभावनाओं को परखा जा सके। मारीको भारत की प्रमुख एफएमसीजी कंपनियों में से एक है, जो ब्यूटी और वेलनेस प्रोडक्ट बनाती है। कंपनी का कहना है कि वित्त वर्ष 2024-25 में उसने 1.3 अरब डॉलर का टर्नओवर दर्ज किया था, जिसमें भारत सहित एशिया और अफ्रीका के कई देशों से बिक्री शामिल है।

मुंबई नगर निकाय चुनावों से पहले शिंदे ने पूर्व पार्षदों से कहा- शिवसेना के काम जनता तक पहुंचाएं
मुंबई नगर निकाय चुनावों से पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को पूर्व पार्षदों से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर पार्टी द्वारा किए गए कामों को बताएं। शिंदे ने यहां नरीमन प्वाइंट पर पूर्व पार्षदों की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान विधायक निलेश राणे और पूर्व लोकसभा सांसद राहुल शेवाले भी मौजूद रहे। शिंदे के यह निर्देश उस दिन आए, जब सुप्रीम कोर्ट ने राज्य चुनाव आयोग को आदेश दिया कि स्थानीय निकाय चुनाव 31 जनवरी, 2026 से पहले कराए जाएं। अविभाजित शिवसेना के 82 पार्षदों का कार्यकाल 2022 में समाप्त हुआ था, जिनमें से 50 से अधिक नेता पार्टी टूटने के बाद एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो गए। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव शिंदे गुट के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि मुंबई में अब भी उद्धव ठाकरे गुट शिवसेना (यूबीटी) का मजबूत असर है।

सुरक्षा जांच में देरी से गोवा जा रहे 6 निशानेबाजों की उड़ान छूटी
गोवा में चैंपियनशिप में भाग लेने जा रहे पुणे के छह राइफल और पिस्टल निशानेबाज मंगलवार को एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान हथियारों और गोला-बारूद की निकासी में देरी के कारण उड़ान से चूक गए।
18 साल से कम उम्र के ये निशानेबाज बुधवार सुबह गोवा में 12वीं वेस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाले थे। अकासा एअर ने कहा कि निशानेबाज विशेष शूटिंग उपकरणों से युक्त उनके सामान से संबंधित विस्तारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के कारण उड़ान पर चढ़ने में असमर्थ थे। उनकी ऑन ग्राउंड टीमें आवश्यक सहायता प्रदान कर रही थीं। एक निशानेबाज के पिता अतुल क्षीरसागर ने बताया कि विमान शाम 5.30 बजे रवाना होना था और सभी सात निशानेबाज अपने परिवार के सदस्यों के साथ दोपहर 2.30 से 3.30 बजे के बीच एयरपोर्ट पहुंच गए थे। विमान के कर्मचारियों ने हथियार और गोला-बारूद की निकासी शाम 5 बजे तक टाल दी थी। उनका कहना था कि निशानेबाज अपने साथ गोला-बारूद नहीं ले जा सकते। इस कारण निशानेबाज उड़ान में बैठ नहीं सके।

आयुष कोमकर हत्याकांड: दिवंगत NCP नेता के भाई की गिरफ्तारी
पुणे पुलिस ने मंगलवार को दिवंगत राकांपा नेता वनराज अंडेकर के भाई कृष्णा अंडेकर को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बताया कि कृष्णा पर पुणे निवासी आयुष कोमकर की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है। आयुष कोमकर आरोपी का ही रिश्तेदार था। इस मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, वनराज अंडेकर की 1 सितंबर 2024 को पारिवारिक संपत्ति विवाद को लेकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आयुष के पिता गणेश कोमकर और चाची संजीवनी कोमकर आरोपी हैं। इसके बाद वनराज के पिता और अंडेकर गैंग के सरगना बंडू अंडेकर और अन्य ने बदला लेने के लिए 5 सितंबर को भवानी पेठ में आयुष कोमकर की हत्या कर दी। आयुष, मुख्य आरोपी बंडू अंडेकर का नाती था। क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि कृष्णा अंडेकर, जो आयुष के मामा और बंडू अंडेकर के बेटे हैं, फरार चल रहे थे। 12 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में थीं। उन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। अदालत में पेश करने के बाद कृष्णा अंडेकर को 18 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

मुंबई में मोनोरेल सेवाएं 20 सितंबर से रहेंगी निलंबित
मुंबई में मोनोरेल सेवाएं 20 सितंबर 2025 से अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगी। एमएमआरडीए ने बताया कि यह कदम नई रोलिंग स्टॉक को शामिल करने, उन्नत सीबीटीसी सिग्नलिंग सिस्टम लगाने और मौजूदा ट्रेनों के नवीनीकरण के लिए उठाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इन कामों के पूरा होने के बाद यात्रियों को और सुरक्षित, सुचारु और भरोसेमंद सेवा मिलेगी।

जलगांव में बादल फटने जैसा मंजर, 10 गांव प्रभावित
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में बादल फटने जैसे हालात के कारण 10 गांव प्रभावित हुए हैं। जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने बताया कि लगभग 452 घरों में पानी भरने की खबर है। किसानों की करीब 2500 हेक्टेयर कृषि भूमि को नुकसान हुआ है। इस आपदा में एक व्यक्ति की मौत हुई है। लगभग 250 मवेशी और 1800 अन्य पशुओं के भी मारे जाने की पुष्टि हुई है। राज्य आपदा राहत बल (SDRF) प्रभावित परिवारों के बीच खाद्य सामग्री बांट रही है। कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सरकार में जल संसाधन एवं आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद कहा, जिले के चार तहसील दो दिन तक लगातार हुई भारी बारिश के कारण बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है।खेतों में लगी फसलें नष्ट हो गईं और कई घरों में भी पानी घुस गया। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र सर्वेक्षण करा कर पीड़ितों को उचित मुआवजा देने का बंदोबस्त करने के निर्देश दिए हैं।

पुरानी रंजिश में खौफनाक कत्ल, मुंबई में 27 साल के युवक की नृशंस हत्या
मुंबई के शिवाजी नगर स्थित लोटस कॉलोनी में सोमवार रात एक पुराने विवाद को लेकर 27 वर्षीय असलम कुरैशी की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, कुरैशी अपने दोस्तों से बातचीत कर रहा था, तभी आरोपी नाजिम वहां पहुंचा और धारदार हथियार से उसका गला रेतने के बाद कई वार किए। गंभीर रूप से घायल कुरैशी को राजावाड़ी अस्पताल और फिर सायन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी भाग गया, लेकिन पुलिस ने उसे इलाके से पकड़ लिया। नाजिम ने बताया कि उसका यह हमला 2022 में कुरैशी से हुए विवाद का नतीजा था।

कर्नाटक ने अलमट्टी बांध की ऊंचाई बढ़ाने की योजना पर आगे कदम बढ़ाया तो महाराष्ट्र सुप्रीम कोर्ट जाएगा: फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यदि कर्नाटक अलमट्टी बांध की ऊंचाई बढ़ाने की अपनी योजना पर आगे बढ़ता है तो राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा था कि उनकी सरकार अलमट्टी बांध की ऊंचाई बढ़ाएगी। इस पर फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र कर्नाटक के प्रस्ताव का विरोध कर रहा है। अगर जरूरत पड़ी तो महाराष्ट्र उच्चतम न्यायालय जाएगा और कर्नाटक सरकार के खिलाफ याचिका दायर करेगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed