Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra news updates cyber police rescue old age women from fraud

महाराष्ट्र: साइबर पुलिस की बड़ी कामयाबी, डिजिटल अरेस्ट में फंसी 2 बुजुर्ग महिलाओं को बचाया

Thu, 15 Oct 2026 06:20 AM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Thu, 15 Oct 2026 06:20 AM IST
विज्ञापन
maharashtra news updates cyber police rescue old age women from fraud
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
महाराष्ट्र साइबर विभाग ने डिजिटल अरेस्ट ठगी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए दो बुजुर्ग महिलाओं को बचाया है। एक मामले में 74 साल की महिला से 3 करोड़ रुपए की ठगी हुई थी, जबकि दूसरे मामले में दिल्ली की एक बुजुर्ग महिला को समय रहते बचा लिया गया, जो उसी गिरोह के जाल में फंस चुकी थी और 27 लाख रुपए गंवा चुकी थी।
विज्ञापन


क्या है मामला?
यह पूरा मामला छत्रपति संभाजीनगर से शुरू हुआ। यहां 74 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला डिजिटल अरेस्ट घोटाले का शिकार हो गई। ठगों ने खुद को पुलिस और सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर महिला को डराया और उसे डिजिटल अरेस्ट में होने का झांसा दिया। डर के कारण महिला ने ठगों द्वारा बताए गए अलग-अलग खातों में करीब 3 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए।
विज्ञापन


घटना की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र साइबर की तकनीकी टीम छत्रपति संभाजीनगर पुलिस की मदद के लिए मौके पर पहुंची। टीम ने ठगी गई रकम के मूवमेंट का पता लगाने के लिए वित्तीय लेनदेन की जांच शुरू की। तकनीकी जांच के दौरान टीम ने लेनदेन के रास्ते का लाइव विश्लेषण किया। जांच में एक 'लेयर-1 म्यूल अकाउंट' मिला, जो धोखाधड़ी में इस्तेमाल हो रहा था। पता चला कि ठगी गई रकम में से लगभग 89 लाख रुपए इसी खाते से होकर गुजरे थे। इसी खाते में यूको बैंक के जरिए 14 लाख रुपए का एक नया आरटीजीएस क्रेडिट भी आया था।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसी 14 लाख के लेनदेन ने पुलिस को दूसरा बड़ा सुराग दिया। महाराष्ट्र साइबर को शक हुआ कि उसी गिरोह द्वारा किसी और को भी निशाना बनाया जा रहा है। इस सुराग पर तुरंत कार्रवाई करते हुए साइबर टीम ने बैकवर्ड ट्रेसिंग शुरू की। यूको बैंक को तत्काल नोटिस भेजकर केवाईसी विवरण मांगा गया। केवाईसी से पता चला कि पैसे भेजने वाली महिला नई दिल्ली की रहने वाली है।

आगे की जांच में यह पुष्टि हो गई कि दिल्ली की यह महिला भी उसी डिजिटल अरेस्ट गिरोह के जाल में फंसी हुई है और ठगों को लगातार पैसे भेज रही है। वह अब तक 27 लाख रुपए ट्रांसफर कर चुकी थी और पैसा भेजने की तैयारी में थी। महाराष्ट्र साइबर ने बिना देर किए दिल्ली पुलिस से संपर्क किया और महिला की पहचान कर उसे आगे की ठगी से बचा लिया। समय पर हस्तक्षेप न होता तो महिला को और बड़ा वित्तीय नुकसान हो सकता था।

महाराष्ट्र साइबर विभाग ने लोगों से अपील की है कि कोई भी सरकारी एजेंसी, पुलिस या सीबीआई फोन पर डिजिटल अरेस्ट नहीं करती। ऐसा कोई भी कॉल आए तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें।
 
Trending Videos

बीड में रिश्वत लेने के आरोप में शिक्षा अधिकारी और शिक्षक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के बीड जिले में एक स्कूल के प्रधानाध्यापक के खिलाफ चल रही जांच में उनके पक्ष में रिपोर्ट देने के बदले 40,000 रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक शिक्षा अधिकारी और एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता कैज तहसील के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय के 57 वर्षीय प्रधानाध्यापक हैं। उन्हें अगस्त में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की ओर से एक नोटिस मिला था, जिसमें 'शलार्थ' सैलरी पेरोल सिस्टम के जरिए ऑनलाइन बिलिंग में कथित अनियमितताओं का जिक्र था। इन आरोपों की जांच के लिए एक शिक्षा विस्तार अधिकारी को नियुक्त किया गया था। भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी ने बताया कि जब प्रधानाध्यापक नौ अक्तूबर को शिक्षा विस्तार अधिकारी से मिले, तो अधिकारी ने जांच रिपोर्ट उनके पक्ष में देने के बदले 40,000 रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत न देना चाहने वाले प्रधानाध्यापक ने बुधवार को एसीबी की जालना इकाई में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, एसीबी ने कैज ब्लॉक शिक्षा कार्यालय में जाल बिछाया। इस दौरान, शिक्षा विस्तार अधिकारी के कहने पर प्रधानाध्यापक से 20,000 रुपये की पहली किस्त लेते हुए, जिला परिषद स्कूल के 50 वर्षीय सहायक शिक्षक को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। एसीबी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी पुणे मे रहती पाई गईं युगांडा की तीन महिलाएं
महाराष्ट्र के पुणे में युगांडा की तीन महिलाएं अपने वीजा की वैधता खत्म होने के बाद भी रहती पाई गईं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें उनके देश वापस भेजने (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि देश में विदेशी नागरिकों के वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी रहने की पुख्ता जानकारी मिलने पर, मंगलवार को हिंजवडी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत मारुंजी इलाके में एक रिहायशी जगह पर जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान इन महिलाओं को पकड़ा गया। पुलिस ने 'इमिग्रेशन, वीजा, फॉरेनर्स रजिस्ट्रेशन एंड ट्रैकिंग' सिस्टम के जरिए उनके विवरण की जांच की और पुष्टि की कि वे युगांडा की नागरिक हैं।

सायन रेलवे ब्रिज का पुनर्निर्माण पूरा, जल्द ही ट्रैफिक के लिए खुलेगा
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि मध्य मुंबई में सायन रेलवे स्टेशन के पास एक नया ब्रिज बनकर तैयार हो गया है। इसने औपनिवेशिक काल (अंग्रेजों के जमाने) के 112 साल पुराने ओवरपास की जगह ली है और जल्द ही इसे ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार, इस नए ब्रिज की लंबाई (सिंगल स्पैन) 54.5 मीटर और चौड़ाई 29 मीटर है। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक के ऊपर बने इस ब्रिज में कोई पिलर नहीं है। इससे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और कुर्ला के बीच प्रस्तावित पांचवीं और छठी रेलवे लाइन के लिए पर्याप्त जगह मिल सकेगी। बीएमसी के अतिरिक्त नगर आयुक्त (परियोजनाएं) अभिजीत बांगर ने बताया कि नया ब्रिज जल्द ही ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा, हालांकि अभी तारीख तय नहीं हुई है। कुछ अन्य अधिकारियों के मुताबिक, यह ब्रिज अक्तूबर के दूसरे हिस्से में ट्रैफिक के लिए खुलने की संभावना है। इससे सायन, कुर्ला और धारावी इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।

मुंबई में सड़कों पर पटाखे फोड़ने पर पूरे साल प्रतिबंध, दिवाली से पहले हाईकोर्ट का आदेश
दिवाली से पहले बॉम्बे हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों और गलियों में पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध पूरे साल लागू रहेगा। न्यायमूर्ति जीएस कुलकर्णी और न्यायमूर्ति नीला गोखले की पीठ ने कहा कि पटाखों से होने वाला जहरीला प्रदूषण बच्चों और बुजुर्गों समेत सभी लोगों को प्रभावित करता है। अदालत ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को इस संबंध में नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। अधिकारियों को लोगों को पटाखों के हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने को भी कहा गया। कोर्ट ने कानून का पालन नहीं होने पर चिंता जताई।

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप से व्यक्ति बरी, ठाणे कोर्ट ने रिश्ते को बताया सहमति से बना
महाराष्ट्र के ठाणे की एक अदालत ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और धमकाने के आरोपी 35 वर्षीय व्यक्ति को बरी कर दिया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जीटी पवार ने मंगलवार को दिए फैसले में कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों से महिला और आरोपी के बीच संबंध सहमति से बने प्रतीत होते हैं। अभियोजन के मुताबिक, विधवा महिला की आरोपी से इंस्टाग्राम के जरिए जान-पहचान हुई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने शादी और उसकी बेटी की देखभाल का वादा कर उसका यौन शोषण किया, पैसे और सोने के गहने उधार लिए तथा शादी का दबाव बनाने पर निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। हालांकि, अदालत ने मेडिकल अधिकारी के सामने महिला के बयान और अन्य साक्ष्यों का हवाला देते हुए कहा कि पहली बार संबंध बनाने के बाद आरोपी ने शादी का भरोसा दिया था। इसलिए इसे शादी का झूठा वादा बताकर दुष्कर्म साबित नहीं किया जा सकता। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का उल्लेख करते हुए अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा। इसके बाद आरोपी को सभी आरोपों से बरी कर दिया गया।

पत्रकार उदय कुलकर्णी का निधन, 74 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
वरिष्ठ पत्रकार उदय कुलकर्णी का गुरुवार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके परिवार ने उनके निधन की जानकारी दी। कुलकर्णी ने हाल ही में अपनी आत्मकथा 'खलल' पूरी की थी। इसका विमोचन अगले सप्ताह होना था। उन्होंने मराठी अखबार 'केसरी' में कई वर्षों तक काम किया। इसके अलावा वह कई अन्य अखबारों और पत्रिकाओं के लिए भी लिखते रहे। उन्होंने कुछ समय तक पीटीआई के लिए भी योगदान दिया।

पत्रकारिता के साथ उदय कुलकर्णी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आंदोलनों में भी सक्रिय रहे। उन्होंने महाराष्ट्र की रंकाला झील के संरक्षण, पंचगंगा नदी के प्रदूषण और पश्चिमी घाट में बॉक्साइट खनन व जैव विविधता से जुड़े मुद्दों पर काम किया। वह नर्मदा बचाओ आंदोलन से भी जुड़े रहे। इसके अलावा उन्होंने विज्ञान प्रबोधिनी और विज्ञान यात्रा की गतिविधियों में भी योगदान दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed